माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई प्रयागराज की जमीन पर अब 602 परिवारों के आशियाने का रास्ता खुलेगा। कसारी-मसारी में प्रस्तावित 14 मंजिला पद्म आवास योजना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल भूमिपूजन करेंगे। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना में दो बेडरूम वाले फ्लैट बनाए जाएंगे।
माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई कसारी-मसारी स्थित सरकारी जमीन पर अब लोगों के आशियाने बनेंगे। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की ओर से यहां प्रस्तावित 14 मंजिला पद्म आवास योजना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री तेलियरगंज चौराहे पर मसुरियादीन की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ गवर्नमेंट प्रेस मैदान में मतदाता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
कसारी-मसारी में अतीक और उसके गुर्गों के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर पीडीए 602 फ्लैट की आवासीय योजना विकसित करेगा। कभी माफिया के आतंक के कारण जिस इलाके में लोग जाने से डरते थे, वहां अब लोग अपने घर का सपना पूरा कर सकेंगे। इसी जमीन पर अतीक का घर भी हुआ करता था।
150 करोड़ रुपये से बनेगी 14 मंजिला इमारत
पद्म आवास योजना के तहत कुल 9,811.35 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बहुमंजिला समूह आवास का निर्माण किया जाएगा। परियोजना पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इमारत 14 मंजिला होगी और इसकी ऊंचाई 44.85 मीटर प्रस्तावित है। योजना में पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
हर फ्लैट में दो बेडरूम और दो शौचालय
योजना के तहत दो बेडरूम वाले कुल 602 फ्लैट बनाए जाएंगे। प्रत्येक फ्लैट में एक बैठक कक्ष, दो बेडरूम, दो शौचालय, एक बालकनी और एक रसोई होगी। प्रति आवास अनुमानित लागत करीब 28 लाख रुपये बताई गई है। योजना के प्रत्येक तल पर 43 फ्लैट प्रस्तावित हैं।
तीन कार्यक्रमों में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को प्रयागराज दौरे के दौरान कसारी-मसारी में पद्म आवास योजना का भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद तेलियरगंज चौराहे पर मसुरियादीन की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। मुख्यमंत्री गवर्नमेंट प्रेस मैदान में आयोजित मतदाता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
4.50 किमी की दूरी पर होगा हाईकोर्ट पद्म आवास योजना से हाईकोर्ट महज 4.5 किमी की दूरी पर होगा। वहीं, प्रयागराज जंक्शन की दूरी चार किमी व सिविल लाइंस बस अड्डे की दूरी छह किमी होगी। प्रयागराज एयरपोर्ट आठ किमी की दूरी पर पड़ेगा और सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन 2.5 किमी दूर होगा।
परियोजना की विशेषताएं
गवर्नमेंट प्रेस मैदान पर मतदाता सम्मेलन दोपहर एक बजे
मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र के मतदाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन गवर्नमेंट प्रेस मैदान पर दोपहर एक बजे होगा। एमएलसी अनूप गुप्ता, जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी ने मंगलवार को सभा स्थल का निरीक्षण किया। भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधियों समेत डिप्टी सीएम केशव प्रसाद भी शामिल होंगे। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया है कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लग जाएं। कार्यक्रम को लेकर सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में बैठक हुई। इसमें स्नातक चुनाव के संबंध में रणनीति पर मंथन किया गया। बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद भी शामिल हुए।
डीएम ने अफसरों के साथ की बैठक
सीएम के कार्यक्रम की तैयारी के संबंध में डीएम मनीष कुमार वर्मा ने मंगलवार शाम प्रयागराज विकास प्राधिकरण, नगर निगम व अन्य संबंधित विभागों के अफसरों के साथ बैठक की। डीएम ने इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!