इमेज स्रोत, Getty Images
अफ़ग़ानिस्तान में मौजूद तेल, गैस, धातुओं, कच्चे माल और दूसरे प्राकृतिक खनिज संसाधनों की क़ीमत तीन ट्रिलियन डॉलर यानी 280 लाख करोड़ रुपये से अधिक आंकी जाती है.
अफ़ग़ानिस्तान को लंबे समय से एक ऐसे देश के रूप में जाना जाता है, जो प्राकृतिक संसाधनों से मालामाल है, लेकिन उसकी अर्थव्यवस्था कमज़ोर है.
इन संसाधनों का एक बड़ा हिस्सा अब भी ज़मीन के नीचे है और उन्हें बाहर निकालने का काम शुरू नहीं हुआ है.
प्राकृतिक संसाधनों के इन भंडारों की वास्तविक मात्रा और क़ीमत को लेकर भी अलग-अलग अनुमान लगाए गए हैं.
अफ़ग़ानिस्तान के खनिज भंडार और प्राकृतिक संसाधनों की क़ीमत को आसान शब्दों में इस तरह समझा जा सकता है कि अगर देश के पास तीन ट्रिलियन डॉलर के संसाधन हैं और सरकार का सालाना सामान्य और विकास बजट क़रीब 10 अरब डॉलर है, तो उसे लगभग 300 साल तक किसी विदेशी आर्थिक मदद की ज़रूरत नहीं पड़ेगी.
इमेज स्रोत, Getty Images
इस रिपोर्ट का मक़सद अफ़ग़ानिस्तान के खनिज भंडार और प्राकृतिक संसाधनों की साफ़ तस्वीर पेश करना है.
इसमें यह समझने की कोशिश की गई है कि किस प्रांत में कौन से संसाधन और कितनी मात्रा में हैं और सरकार ने आधिकारिक रूप से उनकी कितनी क़ीमत बताई है.
बीबीसी फ़ैक्ट चेक की इस रिपोर्ट में अलग-अलग प्रांतों में मौजूद खनिज भंडारों और खदानों की स्थिति की जांच की गई है.
इसका मक़सद यह पता लगाना है कि ये भंडार कहां हैं, उनकी मौजूदा स्थिति क्या है और उपलब्ध अनुमानों के मुताबिक़ उनकी क़ीमत कितनी है.
अफ़ग़ानिस्तान के खनिज भंडारों पर पहली बार बड़े पैमाने पर शोध पूर्व सोवियत संघ के दौर में किया गया था.
इन खोज अभियानों के दौरान देश के अलग-अलग इलाक़ों का भूवैज्ञानिक नक़्शा तैयार किया गया.
चट्टानों और ज़मीन के नीचे की परतों का आकलन किया गया, हवाई सर्वेक्षण हुए और खनिज भंडारों की खोज की गई.
इनमें से कुछ शोध दस्तावेज़ अफ़ग़ानिस्तान के खनन मंत्रालय के पुस्तकालय में सुरक्षित हैं.
सोवियत संघ की वापसी के बाद कुछ दूसरे दस्तावेज़ रूस ले जाए गए थे.
इसके बाद भी अफ़ग़ानिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों पर शोध और खोज का सिलसिला जारी रहा.
इमेज स्रोत, Getty Images
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
मिसाल के लिए, साल 2007 में एक सर्वेक्षण किया गया था. इसके बाद 2011 में अफ़ग़ानिस्तान के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने भी अध्ययन किया.
इन जांचों के आधार पर अफ़ग़ानिस्तान में सोना, तांबा, लोहा, एल्यूमीनियम, सीसा, जस्ता, टिन, टंगस्टन और पारा के भंडारों की पहचान की गई है. इसके अलावा देश में तेल और गैस के भंडार भी हैं.
इस रिपोर्ट को तैयार करने के लिए अफ़ग़ानिस्तान के खनन मंत्रालय के रिकॉर्ड में मौजूद दस्तावेज़ों और सूचनाओं की समीक्षा की गई है.
भूविज्ञान और खनिज संसाधनों के क्षेत्र में काम करने वाली आधिकारिक और विशेषज्ञ संस्थाओं की रिपोर्ट, सर्वेक्षण और आंकड़े भी देखे गए हैं.
जहां अलग-अलग संस्थाओं के आंकड़ों और अनुमानों में अंतर मिला, वहां हर अनुमान के स्रोत और आधार को स्पष्ट करने की कोशिश की गई है.
इससे प्रमाणित भंडारों और संभावित खनिज संसाधनों के अनुमानों के बीच अंतर साफ़ रखा जा सके.
रिपोर्ट में अफ़ग़ानिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों को चार हिस्सों में बांटा गया है:
1. धातुएं: सोना, तांबा, लोहा, एल्यूमीनियम, जस्ता, सीसा और दूसरी धातुएं.
2. क़ीमती पत्थर: लैपिस लाजुली, पन्ना, माणिक और दूसरे पत्थर.
3. दुर्लभ तत्व: लिथियम, यूरेनियम और दूसरे तत्व.
4. तेल, गैस और कोयला.
इमेज स्रोत, Getty Images
इस हिस्से में सोना, लोहा, तांबा, एल्यूमीनियम, सीसा और जस्ता सहित दूसरी बुनियादी धातुओं के भंडारों की जांच की गई है. इनकी क़ीमत एक ट्रिलियन डॉलर से अधिक होने का अनुमान है.
अफ़ग़ानिस्तान में सोने की ज़्यादातर खदानें बदख़्शां और तख़ार के कुछ इलाक़ों में हैं.
इसके अलावा ज़ाबुल और ग़ज़नी में 2,700 किलोग्राम शुद्ध सोने के भंडार की पहचान की गई है.
एक अनुमान के मुताबिक़, अफ़ग़ानिस्तान में सोने का कुल भंडार क़रीब 682 टन है.
देश में तांबे की कुछ ऐसी खदानें भी हैं, जिनमें सोना मौजूद है. सोने की मौजूदा वैश्विक क़ीमत के हिसाब से प्रमाणित भंडार का मूल्य क़रीब 107 अरब डॉलर है.
इस समय सोने का खनन मुख्य रूप से अफ़ग़ानिस्तान के बदख़्शां प्रांत में हो रहा है.
कुछ समय पहले तालिबान सरकार के जल और ऊर्जा मंत्री मोहम्मद यूनुस अखुंदज़ादा ने कहा था कि उनकी सरकार बदख़्शां से हर महीने कई टन सोना निकाल रही है.
तख़ार प्रांत में 'चा आब' नाम की सोने की खदान है. इसमें 31 टन सोने का भंडार होने का अनुमान है.
इस खदान का ठेका पांच साल के लिए दो कंपनियों, चाइना अफ़ग़ानिस्तान और जरवार अफ़ग़ानिस्तान को दिया गया है.
यह ठेका 31 करोड़ डॉलर का है. खनन मंत्रालय ने खदान से मिलने वाली रॉयल्टी में सरकार का हिस्सा 56 फ़ीसदी तय किया है.
स्टील या लोहा
अफ़ग़ानिस्तान के पास इस क्षेत्र का सबसे बड़ा लौह भंडार है. अनुमान है कि यह भंडार क़रीब तीन अरब टन है.
हालांकि, ये आंकड़े अंतिम नहीं हैं और आगे की जांच के बाद इनमें बढ़ोतरी हो सकती है.
अब तक अफ़ग़ानिस्तान के बामियान, पंजशीर, परवान, हेरात, कंधार, बदख़्शां और काबुल प्रांतों में लोहे के भंडारों की पहचान की गई है.
शोधकर्ताओं ने देशभर में लौह अयस्क की 72 खदानों और खनिज भंडारों का रिकॉर्ड भी तैयार किया है.
सबसे अहम खदानों में बामियान की हाजीगक, पंजशीर की ताल और नुकरा खाना, परवान की जबल अल-सिराज, हेरात की पलंगसूर, कंधार की हाजी आलम, बदख़्शां की सयाजिर और काबुल के पगमान इलाक़े की खदानें शामिल हैं.
पिछले कुछ वर्षों में तालिबान सरकार के खनन मंत्रालय ने हेरात प्रांत के घोरयान इलाक़े में लोहे के भंडार के चार ब्लॉक के ठेके दिए हैं.
कहा जाता है कि इन भंडारों में क़रीब 1.8 अरब टन लोहा मौजूद है.
इन ठेकों की कुल क़ीमत 2.5 अरब डॉलर है.
वैश्विक बाज़ार में लौह अयस्क की क़ीमत लगभग 100 डॉलर प्रति टन है. इस हिसाब से अफ़ग़ानिस्तान में लोहे के भंडार की अनुमानित क़ीमत 300 अरब डॉलर से अधिक है.
इमेज स्रोत, Getty Images
अफ़ग़ानिस्तान के पास इस क्षेत्र का सबसे बड़ा तांबा भंडार है.
पुराने अनुमानों में देश में तांबे का भंडार क़रीब तीन करोड़ टन बताया गया था. नई रिपोर्टों में इसे छह करोड़ टन बताया गया है.
वैश्विक बाज़ार में एक टन तांबे की क़ीमत 10 हज़ार से 12 हज़ार डॉलर के बीच है.
इस हिसाब से अफ़ग़ानिस्तान के तांबे के भंडार की अनुमानित क़ीमत 720 अरब डॉलर तक हो सकती है.
अफ़ग़ानिस्तान के लोगार, हेरात, ज़ाबुल, ग़ज़नी, सरपुल और बादग़ीस प्रांतों में तांबे के भंडारों की पहचान की गई है.
इनमें सबसे अहम तांबे की खदान लोगार के मोहम्मद आगा ज़िले में मौजूद 'अयनाक' खदान है.
अयनाक को अफ़ग़ानिस्तान की सबसे बड़ी तांबे की खदान और एशिया के सबसे बड़े तांबा भंडारों में से एक माना जाता है.
1970 और 1980 के दशक में हुए सर्वेक्षणों में इस खदान में तांबे का भंडार क़रीब 24 करोड़ टन बताया गया था.
अफ़ग़ानिस्तान के खनन मंत्रालय ने यह भी कहा था कि इस खदान से 1.15 करोड़ टन तांबा निकाला जा सकता है, जिसकी क़ीमत क़रीब 50 अरब डॉलर थी.
साल 2008 में खदान से तांबा निकालने के लिए एक चीनी कंपनी एमसीसी के साथ 2.9 अरब डॉलर का समझौता किया गया था.
तालिबान के दोबारा सत्ता में आने के बाद 245 वर्ग किलोमीटर में फैली दूसरी अयनाक तांबा खदान को 30 साल के लिए एक निजी कंपनी टेवर को पट्टे पर दिया गया.
कंपनी ने इस परियोजना में 41.1 करोड़ डॉलर का निवेश करने और सरकार को 12 फ़ीसदी रॉयल्टी देने का वादा किया है.
एल्यूमीनियम
अफ़ग़ानिस्तान में एल्यूमीनियम के सबसे अहम भंडार ज़ाबुल प्रांत में हैं. इन भंडारों की संभावित मात्रा क़रीब 1.1 करोड़ टन होने का अनुमान है.
लोहे के बाद एल्यूमीनियम दुनिया में सबसे अधिक इस्तेमाल होने वाली धातु है. निर्माण, परिवहन और तकनीक के क्षेत्र में इसकी बहुत अहमियत है.
वैश्विक बाज़ार में एल्यूमीनियम की औसत क़ीमत तीन हज़ार से चार हज़ार डॉलर प्रति टन के बीच है.
ज़ाबुल, कंधार और बग़लान में निकाले जा सकने वाले एल्यूमीनियम भंडारों की कुल क़ीमत 30 अरब डॉलर से अधिक होने का अनुमान है.
सीसा, जस्ता, टिन, टंगस्टन और पारा
अफ़ग़ानिस्तान में सीसा, जस्ता, टिन, टंगस्टन और पारा के भी अहम भंडार हैं.
कंधार में देश का सबसे बड़ा सीसा और जस्ता भंडार है. इसकी मात्रा क़रीब 90 हज़ार टन होने का अनुमान है.
कंधार में टिन और टंगस्टन के भंडार भी पाए जाते हैं.
तालिबान सरकार ने बामियान और घोर में सीसा और जस्ता की खदानों के ठेके भी दिए हैं. घोर प्रांत की खदान का ठेका 50.7 करोड़ डॉलर का बताया गया है.
इन खनिज भंडारों की सही मात्रा का अब तक पता नहीं चला है. इसके लिए आगे और जांच की ज़रूरत है.
दक्षिण-पश्चिमी अफ़ग़ानिस्तान में पारा का भंडार क़रीब 32 हज़ार टन होने का अनुमान है.
इमेज स्रोत, Getty Images
अफ़ग़ानिस्तान लंबे समय से क़ीमती पत्थरों, ख़ासकर लैपिस लाजुली, पन्ना, माणिक और गार्नेट के एक अहम केंद्र के रूप में जाना जाता है.
इन क़ीमती पत्थरों की मुख्य खदानें बदख़्शां, पंजशीर, कुनार, नूरिस्तान और काबुल में हैं.
बदख़्शां का लैपिस लाजुली और पंजशीर का पन्ना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर है.
हालांकि, अफ़ग़ानिस्तान में क़ीमती पत्थरों के भंडारों की सही मात्रा अब तक पता नहीं है. अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में इन पत्थरों की क़ीमत अरबों डॉलर तक होने का अनुमान है.
अफ़ग़ानिस्तान में संगमरमर के भी भंडार हैं.
देश के खनन मंत्रालय के मुताबिक़, अफ़ग़ानिस्तान में 1.3 अरब टन संगमरमर होने का अनुमान है.
चीनी विशेषज्ञों के मुताबिक़, अफ़ग़ानिस्तान केवल चीन को संगमरमर का निर्यात करके सालाना 50 करोड़ डॉलर कमा सकता है.
अफ़ग़ानिस्तान में दुर्लभ पृथ्वी धातुओं यानी रेयर अर्थ मटीरियल के भंडार भी हैं.
अफ़ग़ानिस्तान में 14 लाख टन रेयर अर्थ तत्व होने का अनुमान है.
इसके अलावा हेलमंद प्रांत के ख़ानशीन इलाक़े में यूरेनियम सहित 35 लाख टन दुर्लभ खनिजों के भंडार हैं.
रेयर अर्थ मेटल्स शब्द का इस्तेमाल 17 रासायनिक तत्वों के लिए किया जाता है. आधुनिक तकनीक और उद्योगों में इनका बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है.
स्मार्टफ़ोन, कंप्यूटर, चिकित्सा उपकरण और कई दूसरे औद्योगिक उत्पाद बनाने के लिए ये तत्व ज़रूरी हैं.
अफ़ग़ानिस्तान में लिथियम, बैराइट, एस्बेस्टस, सेलेस्टाइट, मिट्टी और पोटाश के भी बड़े भंडार हैं.
इनमें लिथियम की ख़ास अहमियत है. कुछ अनुमानों के मुताबिक़, अफ़ग़ानिस्तान के लिथियम भंडार की क़ीमत एक ट्रिलियन डॉलर तक हो सकती है.
अफ़ग़ानिस्तान के ग़ज़नी, फ़राह और दायकुंडी प्रांतों में लिथियम भंडारों की औपचारिक रूप से पहचान की गई है. दूसरे इलाक़ों में भी इसके मिलने की संभावना है.
अनुमान है कि अफ़ग़ानिस्तान में लिथियम भंडारों की पट्टी हेरात से नूरिस्तान तक फैली हुई है. यहां दशकों तक खनन किया जा सकता है.
यह अफ़ग़ानिस्तान को इस अहम खनिज संसाधन के बड़े भंडार वाले देशों में शामिल कर सकता है.
इन खनिजों के अलावा अफ़ग़ानिस्तान टैल्क का निर्यात भी करता है.
इमेज स्रोत, Getty Images
अफ़ग़ानिस्तान में गैस के बड़े भंडार भी हैं.
अनुमान है कि देश में क़रीब 1.6 अरब बैरल तेल और 500 अरब घन मीटर प्राकृतिक गैस का भंडार है.
अफ़ग़ानिस्तान के सबसे अहम तेल और गैस भंडार अमू दरिया और अफ़ग़ान-ताजिक बेसिन में हैं. ये बल्ख़, जावज़जान, फ़रयाब, सरपुल और समांगन प्रांतों के कुछ हिस्सों तक फैले हुए हैं.
इसके अलावा पश्चिमी और दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में भी तेल और गैस के भंडार हैं. इनमें हेरात-त्रिपोली बेसिन, हेलमंद बेसिन और कटवाज़ बेसिन शामिल हैं.
ये प्राकृतिक संसाधन अफ़ग़ानिस्तान के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभा सकते हैं और देश की ऊर्जा के मुख्य स्रोतों में शामिल हैं.
अफ़ग़ानिस्तान पर नियंत्रण हासिल करने के बाद तालिबान सरकार ने जुलाई 2023 में घोषणा की थी कि उसने देश का रोज़ाना तेल उत्पादन बढ़ाकर 1,200 टन कर दिया है.
यह अफ़ग़ानिस्तान की कुल तेल ज़रूरत का क़रीब 10 फ़ीसदी है. देश में हर दिन 8,000 से 10,000 टन तेल की ज़रूरत होने का अनुमान है.
अफ़ग़ानिस्तान को हर साल क़रीब 27 लाख टन तेल की ज़रूरत होती है. इसका बड़ा हिस्सा आयात किया जाता है.
अफ़ग़ानिस्तान के खनन मंत्रालय की 2019 की एक आधिकारिक रिपोर्ट में कहा गया था कि देश के तेल भंडारों और कुओं में क़रीब 1.6 अरब बैरल कच्चा तेल, 1.6 ट्रिलियन घन फ़ुट प्राकृतिक गैस और 50 करोड़ बैरल तरलीकृत प्राकृतिक गैस है.
इस रिपोर्ट में अमेरिका और अफ़ग़ानिस्तान के एक संयुक्त आकलन का भी हवाला दिया गया था.
इस हिसाब से केवल अफ़ग़ानिस्तान के कच्चे तेल की मौजूदा क़ीमत क़रीब 107 अरब डॉलर है.
अफ़ग़ानिस्तान में कोयले का भंडार क़रीब एक अरब टन बताया जाता है. इस कोयले की गुणवत्ता भी अच्छी मानी जाती है.
अफ़ग़ानिस्तान का मुख्य कोयला भंडार बदख़्शां से हेरात तक फैला है. यह तख़ार, कुंदुज़, बग़लान, समांगन, बल्ख़, सरपुल, बामियान, दायकुंडी, जावज़जान और बादग़ीस से होकर गुज़रता है.
अब तक देश में कोयले की 113 से अधिक खदानों और खनिज भंडारों की पहचान की गई है.
इनमें से 18 खदानों में 84.7 करोड़ टन से अधिक कोयला होने का अनुमान है.
कोयला अफ़ग़ानिस्तान के सबसे अहम खनिज संसाधनों में से एक है. इसकी मशहूर खदानें समांगन, बामियान, तख़ार, बग़लान, हेरात और सरपुल में हैं.
तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद शुरुआती चार वर्षों में अफ़ग़ानिस्तान ने 1.1 अरब डॉलर से अधिक का कोयला निर्यात किया. यह देश के लिए कमाई का एक बड़ा स्रोत बन गया है.
पाकिस्तान, ईरान, तुर्की, भारत और चीन अफ़ग़ानिस्तान के कोयले के प्रमुख ख़रीदार हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!