इमेज स्रोत, Getty Images
वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर क्रिकेट की रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया है. एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुक़ाबले में यूएई के ख़िलाफ़ उन्होंने सिर्फ़ 53 गेंदों में 204 रन बना दिए. इस दौरान उन्होंने 28 छक्के और सात चौके लगाए.
वैभव ने 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. प्रशंसक उनकी इस उपलब्धि का जश्न मना ही रहे थे कि सिर्फ़ 52 गेंदों में उन्होंने दोहरा शतक भी जड़ दिया.
उनकी पारी की बदौलत भारत ए ने 250 रन का लक्ष्य सिर्फ़ 14.2 ओवर में हासिल कर लिया.
वैभव ने जनवरी 2024 में फ़र्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था. उसी साल उन्होंने सीनियर घरेलू क्रिकेट में सफ़ेद गेंद से खेलना शुरू किया. 2026 में भारत के इंग्लैंड दौरे पर उन्हें पहली बार अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौक़ा मिला.
महज़ 15 साल की उम्र में वैभव कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं. आइए, जानते हैं उनके नाम दर्ज इन कीर्तिमानों के बारे में.
इमेज स्रोत, ANI
यूएई के ख़िलाफ़ एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुक़ाबले में वैभव 53 गेंदों पर 204 रन बनाकर आउट हुए. उनकी पारी में 28 छक्के और सात चौके शामिल थे.
भारत ए ने 250 रन का लक्ष्य सिर्फ़ 14.2 ओवर में हासिल कर लिया. इस प्रदर्शन के साथ वैभव लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज़ अर्धशतक, शतक, 150 और 200 रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए.
वैभव सूर्यवंशी के इस कारनामे के बाद क्रिकेट जगत से उनके लिए लगातार तारीफ़ें आ रही हैं. बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने एक्स पर पोस्ट किया, "वैभव सूर्यवंशी कितनी ख़ास प्रतिभा हैं! किसी युवा खिलाड़ी को इतनी असाधारण उपलब्धि हासिल करते देखना वाक़ई बहुत अच्छा लगता है. यूएई के ख़िलाफ़ 28 गेंदों में शतक और 52 गेंदों में दोहरा शतक. यह उनके हुनर, आत्मविश्वास और बेख़ौफ़ बल्लेबाज़ी का शानदार नमूना है.बहुत-बहुत बधाई, वैभव! यूं ही चमकते रहो."
श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर एंजेलो मैथ्यूज़ ने वैभव के बारे में लिखा, "किसी भी टीम के ख़िलाफ़ 53 गेंदों में 204 रन बनाना आसान काम नहीं है. वैभव सूर्यवंशी वाक़ई बेहद ख़ास खिलाड़ी हैं!"
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ़ ने लिखा, "सिर्फ़ 53 गेंदों में 204 रन और 28 छक्के. वैभव सूर्यवंशी रिकॉर्ड टूटने का इंतज़ार नहीं कर रहे, बल्कि क्रिकेट का इतिहास नए सिरे से लिख रहे हैं. एक सुपरस्टार बनने की राह पर!"
इमेज स्रोत, ARUN SANKAR/AFP via Getty Images
वैभव के नाम आईपीएल में सबसे कम उम्र में अर्धशतक और शतक लगाने का रिकॉर्ड भी है. उन्होंने 14 साल और 32 दिन की उम्र में ये दोनों उपलब्धियां हासिल की थीं.
वैभव सूर्यवंशी ने ये दोनों रिकॉर्ड 28 अप्रैल 2025 को राजस्थान रॉयल्स की तरफ़ से खेलते हुए गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ बनाए थे. उन्होंने इस मैच में 17 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया था और 35 गेंदों में शतक पूरा किया था.
आईपीएल में सबसे तेज़ शतक लगाने की लिस्ट में वो दूसरे नंबर पर हैं. उनसे तेज़ शतक सिर्फ़ एक बल्लेबाज़ ने लगाया है और वो हैं वेस्ट इंडीज़ के क्रिस गेल. गेल ने 30 गेंदों पर आईपीएल की सबसे तेज़ सेंचुरी जड़ी थी.
वैभव ने 2025-26 विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी के अपने पहले मैच में 84 गेंदों पर 190 रन बनाए थे. इस पारी के साथ वह लिस्ट ए क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज़ बन गए थे. उस समय उनकी उम्र 14 साल और 272 दिन थी.
उन्होंने सिर्फ़ 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था. 59 गेंदों में 150 रन भी पूरे कर लिए थे. पुरुषों के लिस्ट ए क्रिकेट में 150 रन तक इतनी तेज़ी से कोई नहीं पहुंचा था.
यह मुक़ाबला रांची में बिहार और अरुणाचल प्रदेश के बीच खेला गया था. बिहार ने छह विकेट पर 574 रन बनाए थे.
इमेज स्रोत, ARUN SANKAR/AFP via Getty Images
15 साल की उम्र में ही वैभव टी20 क्रिकेट में छक्के लगाने के मामले में रिकॉर्ड बना चुके हैं. उन्होंने सिर्फ़ 514 गेंदों और 29 पारियों में 100 छक्के पूरे किए. टी20 क्रिकेट में सबसे तेज़ 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ हैं.
पारियों के लिहाज़ से ऑस्ट्रिया के करणबीर सिंह दूसरे नंबर पर हैं. उन्होंने 33 पारियों में यह मुक़ाम हासिल किया था और इसके लिए 813 गेंदें खेली थीं. गेंदों के लिहाज़ से बेल्जियम के साबेर ज़ख़ील दूसरे नंबर पर हैं. उन्होंने 699 गेंदों में 100 छक्के पूरे किए थे.
जून 2026 में श्रीलंका ए के ख़िलाफ़ ट्राई सिरीज़ के फ़ाइनल में वैभव ने सिर्फ़ 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था. इसके साथ ही उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज़ अर्धशतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. यह रिकॉर्ड 21 साल से कायम था.
इमेज स्रोत, Marty MELVILLE / AFP via Getty Images
टी20 क्रिकेट में 1,000 रन पूरे करने के कुछ मैच बाद वैभव ने आईपीएल में भी यह मुक़ाम हासिल किया.
गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ क्वालिफ़ायर-2 में उन्होंने 47 गेंदों पर 96 रन बनाए. इस पारी के दौरान वह आईपीएल में अपने 1,000 रन तक पहुंचे. इसके लिए उन्होंने सिर्फ़ 440 गेंदें खेलीं.
इससे पहले यह रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम था. उन्होंने 545 गेंदों में आईपीएल के 1,000 रन पूरे किए थे.
आईपीएल 2026 में वैभव ने एक सीज़न में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
उन्होंने इस टूर्नामेंट में 327 गेंदों का सामना करते हुए 72 छक्के लगाए और 776 रन बनाए. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें ऑरेंज कैप भी मिली.
गेल ने आईपीएल 2012 में 456 गेंदों का सामना करते हुए 59 छक्के लगाए थे.
इंग्लैंड में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की शुरुआत वैभव के लिए मुश्किल रही थी. लेकिन ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ उन्होंने वापसी की.
उन्होंने ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ 18 गेंदों में अर्धशतक लगाया. उस समय उनकी उम्र 15 साल और 118 दिन थी. इसके साथ ही वह पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज़ बन गए.
इमेज स्रोत, Jekesai NJIKIZANA / AFP via Getty Images
ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ टी20 सिरीज़ में भारत ने 3-0 से जीत दर्ज की थी. इस सिरीज़ में वैभव ने 151 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 196.10 रहा. उन्हें प्लेयर ऑफ़ द सिरीज़ चुना गया.
15 साल और 121 दिन की उम्र में यह पुरस्कार जीतकर वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए.
इससे पहले यह रिकॉर्ड महिला क्रिकेट में भारत की शेफ़ाली वर्मा के नाम था. उन्होंने 15 साल और 296 दिन की उम्र में यह पुरस्कार जीता था. पुरुष क्रिकेट में यह रिकॉर्ड अफ़ग़ानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज़ के नाम था, जिन्होंने 17 साल और 300 दिन की उम्र में प्लेयर ऑफ़ द सिरीज़ का पुरस्कार हासिल किया था.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!