GST Collection Aug 2026; भारत में GST (Goods and Services Tax) कलेक्शन ने अगस्त 2026 में एक बार फिर मजबूत प्रदर्शन किया है। सरकार को अगस्त में कुल ₹1.99 लाख करोड़ का ग्रॉस GST रेवेन्यू मिला, जो पिछले साल के इसी महीने के ₹1.74 लाख करोड़ के मुकाबले करीब 14.8% ज्यादा है, यानी एक साल में GST से सरकार की कमाई में लगभग ₹25,000 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, अगर जुलाई 2026 से तुलना करें तो तस्वीर थोड़ी अलग दिखाई देती है। जुलाई में सरकार का ग्रॉस GST कलेक्शन ₹2.11 लाख करोड़ रहा था, यानी अगस्त में इसमें करीब ₹12,000 करोड़ की कमी आई। इसके बावजूद सालाना आधार पर डुअल डिजिट की बढ़ोतरी यह संकेत देती है कि देश में टैक्स से जुड़ी आर्थिक गतिविधियां अभी भी अच्छी स्थिति में हैं।
अगस्त के आंकड़ों पर एक नजर
अगस्त 2026 के आंकड़ों को करीब से देखें तो GST कलेक्शन बढ़ाने में आयात से मिलने वाले टैक्स की बड़ी भूमिका रही। इंपोर्ट GST रेवेन्यू (Import GST Revenue) लगभग 29% बढ़कर ₹62,604 करोड़ हो गया। वहीं, घरेलू कारोबार से मिलने वाला ग्रॉस GST रेवेन्यू (Gross GST Revenue) भी बढ़ा, लेकिन इसकी रफ्तार अपेक्षाकृत कम रही। डोमेस्टिक GST रेवेन्यू (Domestic GST Revenue) सालाना आधार पर 9.3% बढ़कर ₹1,37,249 करोड़ पहुंच गया, जबकि पिछले साल अगस्त में यह ₹1,25,570 करोड़ था। इसका मतलब है कि देश के अंदर गुड्स एंड सर्विस की खरीद-बिक्री से सरकार को मिलने वाला टैक्स लगातार बढ़ रहा है।
हालांकि, अगस्त 2026 में सरकार ने GST रिफंड के रूप में भी काफी बड़ी रकम वापस की। कुल GST रिफंड 67.9% बढ़कर ₹31,795 करोड़ हो गया, जो अगस्त 2025 में ₹18,935 करोड़ था। डोमेस्टिक GST रिफंड 72.6% बढ़कर ₹18,490 करोड़ रहा, जबकि ICEGATE के जरिए प्रॉसेस किए गए एक्सपोर्ट टैक्स रिफंड में 61.8% की बढ़ोतरी हुई और यह ₹13,305 करोड़ रहा। रिफंड (Refund) को घटाने के बाद सरकार के पास बचने वाला नेट GST रेवेन्यू ₹1,68,057 करोड़ रहा। यह पिछले साल के ₹1,55,181 करोड़ से 8.3% ज्यादा है।
नेट रेवेन्यू (Net Revenue) में भी आयात से जुड़े GST की मजबूती साफ दिखाई दी। नेट कस्टम्स GST रेवेन्यू (Net Customs GST Revenue) 22.3% बढ़कर ₹49,299 करोड़ हो गया, जबकि नेट डोमेस्टिक रेवेन्यू (Net Domestic Revenue) 3.4% की मामूली वृद्धि के साथ ₹1,18,759 करोड़ रहा। इससे साफ है कि अगस्त की कुल GST वृद्धि में इंपोर्ट रेवेन्यू (Import Revenue) का योगदान काफी महत्वपूर्ण रहा।
12 सितंबर 2026 को 57वीं बैठकअब GST से जुड़े अगले बड़े फैसलों पर भी नजर रहेगी। GST काउंसिल की 57वीं बैठक 12 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में होने वाली है। बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी, जबकि इससे एक दिन पहले 11 सितंबर को अधिकारियों की बैठक होगी। ऐसे में आने वाले दिनों में टैक्स व्यवस्था से जुड़े नए फैसलों और प्रस्तावों पर कारोबारियों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं की भी नजर रहेगी। कुल मिलाकर अगस्त के आंकड़े बताते हैं कि GST कलेक्शन सालाना आधार पर मजबूत बना हुआ है। हालांकि, रिफंड बढ़ने और जुलाई के मुकाबले ग्रॉस कलेक्शन (Gross Collection) घटने से तस्वीर पूरी तरह एकतरफा मजबूत नहीं कही जा सकती।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!