इमेज स्रोत, Amal Alhasan/Getty Images for GEA
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को दुनिया के सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की सूची में संयुक्त रूप से पहला स्थान मिला है.
दोनों नेताओं के साथ सऊदी अरब के किंग सलमान बिन अब्दुलअज़ीज़ अल सऊद, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन को भी पहले स्थान पर रखा गया है.
दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की यह सूची 'द मुस्लिम 500' के नाम से जानी जाती है. इसका 2027 का 18वां सालाना संस्करण है.
इसे जॉर्डन की राजधानी अम्मान स्थित रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज़ सेंटर प्रकाशित करता है.
इस बार की सूची में भारत के 22 लोगों को जगह मिली है. इनमें धार्मिक विद्वानों और धर्मगुरुओं के अलावा बॉलीवुड अभिनेता, संगीतकार, राजनेता, कारोबारी और वैज्ञानिक शामिल हैं.
भारत की ओर से जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी को सबसे ऊंची रैंकिंग मिली है. वे दुनिया के 500 प्रभावशाली मुसलमानों में 18वें स्थान पर हैं और टॉप 50 में शामिल इकलौते भारतीय हैं.
इमेज स्रोत, Pakistan Prime Minister's Office / AFP via Getty Images
'द मुस्लिम 500' के मुताबिक, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर को संयुक्त रूप से पहला स्थान मिलने की प्रमुख वजह मक्का संयुक्त रक्षा समझौता है. यह समझौता 7 अगस्त 2026 को हुआ था.
प्रकाशन के अनुसार, इस समझौते के जरिए सऊदी अरब की आर्थिक ताकत, तुर्की की तकनीक और औद्योगिक क्षमता और पाकिस्तान की सैन्य ताकत को एक साझा सुरक्षा गठबंधन के तहत लाने की कोशिश की गई है. इसे 'एक पर हमला, सभी पर हमला' की नीति के तौर पर पेश किया गया है.
प्रकाशन का कहना है कि इस समझौते ने क्षेत्रीय राजनीति और मुस्लिम देशों के बीच कूटनीतिक रिश्तों को प्रभावित किया है. इसी वजह से इस गठबंधन को आगे बढ़ाने वाले पांचों नेताओं को संयुक्त रूप से पहला स्थान दिया गया है.
हालांकि पिछले साल शहबाज़ शरीफ़ और आसिम मुनीर टॉप 50 में नहीं थे. वे बिना किसी रैंकिंग के बाकी 450 लोगों की सूची में शामिल थे. इस बार सीधे पहले स्थान पर पहुंचना इस संस्करण के सबसे बड़े बदलावों में से एक है.
पाकिस्तान के अन्य नामों में धार्मिक विद्वान मुफ्ती मुहम्मद तकी उस्मानी सातवें स्थान पर हैं. मौलाना तारिक जमील 32वें, मौलाना नज़रुर रहमान 41वें और शेख मुहम्मद इलियास अत्तार क़ादरी 44वें स्थान पर हैं.
संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पांच नेताओं के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह सैयद मुजतबा ख़ामेनेई को चौथा स्थान मिला है.
वे इस साल पहली बार इस सूची में शामिल हुए हैं.
उनके बाद जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय पांचवें स्थान पर हैं. क़तर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी छठे स्थान पर हैं.
मिस्र के अल-अज़हर विश्वविद्यालय के ग्रैंड इमाम शेख अहमद अल-तैयब नौवें स्थान पर हैं.
संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायेद अल नाहयान 12वें और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम 13वें स्थान पर हैं.
इमेज स्रोत, Arvind Yadav/Hindustan Times via Getty Images
इस साल की सूची में भारत के कुल 22 लोगों को शामिल किया गया है. इनमें धार्मिक विद्वान, राजनीतिक नेता, फिल्म कलाकार, संगीतकार और कारोबारी शामिल हैं.
हालांकि, इन 22 में से सिर्फ एक नाम टॉप 50 में शामिल है. वह नाम है मौलाना महमूद मदनी का. उन्हें 18वां स्थान मिला है. वे जमीयत उलेमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं में जगह बना पाया है.
यह भारत के पुराने और बड़े मुस्लिम सामाजिक-धार्मिक संगठनों में से एक है.
प्रकाशन के मुताबिक, महमूद मदनी का प्रभाव धार्मिक नेतृत्व के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों से भी जुड़ा है. वे भारत में मुसलमानों के खिलाफ नफरत से जुड़े मामलों पर भी अपनी बात रखते रहे हैं.
जमीयत उलेमा-ए-हिंद के जरिए नागरिक अधिकारों और वक्फ संपत्तियों से जुड़े मुद्दों पर भी उनकी भूमिका रही है.
सूची में उनके प्रभाव का एक आधार जमीयत उलेमा-ए-हिंद का संगठनात्मक नेटवर्क भी है. प्रकाशन के अनुसार, इस संगठन से करीब 1.2 करोड़ लोग जुड़े हैं और इसके धार्मिक शिक्षा नेटवर्क में 30 लाख से ज्यादा विद्यार्थी हैं.
इमेज स्रोत, SUJIT JAISWAL/AFP via Getty Images
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
भारत के बाकी 21 नामों को किसी क्रम या रैंकिंग में नहीं रखा गया है. ये अलग-अलग क्षेत्रों से आते हैं.
फिल्म और संगीत की दुनिया से बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख़ ख़ान और आमिर ख़ान को इस सूची में जगह मिली है. शाहरुख़ ख़ान पहली बार इस सूची में शामिल हुए हैं.
अभिनेत्री शबाना आज़मी और संगीतकार एआर रहमान भी इस सूची में शामिल हैं.
शबाना आज़मी हिंदी सिनेमा में अपने योगदान के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका के लिए भी जानी जाती हैं. हाल ही में वह कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन में भी शामिल हुई थीं, जहां पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग की जा रही थी.
वहीं, एआर रहमान के संगीत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है. ऑस्कर और ग्रैमी जैसे सम्मान उनके वैश्विक प्रभाव को दिखाते हैं.
धार्मिक और शैक्षणिक क्षेत्र से शेख अबूबक्र अहमद, मौलाना कमरुज्जमां आज़मी, सैयद इब्राहिमुल खलील अल-बुखारी, मीरवाइज उमर फारूक, मौलाना साद कंधलवी, मौलाना जुहैर उल हसन कंधलवी, मौलाना सैयद अरशद मदनी, डॉ. बहाउद्दीन नदवी, डॉ. सानियासैन खान, डॉ. जाकिर नाइक, मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी, मौलाना शाकिर अली नूरी और सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन जैसे नाम शामिल हैं.
राजनीतिक क्षेत्र से ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन यानी एआईएमआईएम के प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी और एआईयूडीएफ संस्थापक बदरुद्दीन अजमल को जगह मिली है.
कारोबार और परोपकार के क्षेत्र से अज़ीम प्रेमजी का नाम शामिल है. वे विप्रो के संस्थापक अध्यक्ष हैं. उन्होंने अपनी संपत्ति का बड़ा हिस्सा शिक्षा और सामाजिक कार्यों के लिए दान किया है.
इमेज स्रोत, Michael M. Santiago/Getty Images
भारत और पाकिस्तान के अलावा ईरान, तुर्की, सऊदी अरब, मिस्र, फलस्तीन और इंडोनेशिया के कई नाम इस सूची में शामिल हैं.
ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह मुजतबा ख़ामेनेई को टॉप 50 में चौथा स्थान मिला है. उनके अलावा ईरान से धार्मिक विद्वान ग्रैंड आयतुल्लाह अब्दुल्लाह जवादी आमोली, आयतुल्लाह सैयद मुस्तफा मोहागेघ दमाद, ग्रैंड आयतुल्लाह नासिर मकारिम शिराज़ी भी सूची में शामिल हैं.
तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं. उनके अलावा देश की खुफिया एजेंसी के प्रमुख इब्राहिम कालिन को 20वां स्थान मिला है.
सऊदी अरब के किंग सलमान और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं. संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायेद अल नाहयान को 12वां स्थान मिला है.
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम 13वें और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो 16वें स्थान पर हैं.
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी को 22वां स्थान मिला है. मिस्र के ग्रैंड इमाम शेख अहमद अल-तैयब नौवें स्थान पर हैं.
खेल की दुनिया से मिस्र के फुटबॉलर मोहम्मद सलाह को 39वां स्थान दिया गया है. वे लिवरपूल के लिए खेल चुके हैं और दुनिया के सबसे चर्चित फुटबॉल खिलाड़ियों में शामिल हैं.
अमेरिका से न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान ममदानी को 49वां स्थान मिला है. वे इस सूची में शामिल होने वाले प्रमुख राजनीतिक चेहरों में से एक हैं.
फलस्तीन से राष्ट्रपति महमूद अब्बास 45वें, अकादमिक मुस्तफा अबू स्वे 47वें और ग़ज़ा के कमाल अदवान अस्पताल के पूर्व निदेशक डॉ. हुसाम अबू सफिया 50वें स्थान पर हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!