गुजरात के राजकोट के एक अस्पताल में डॉली बराई नाम की 26 वर्षीय महिला डायटीशियन के तौर पर काम करती थीं. उनकी शादी खिलन वडालिया नाम के एक युवक से हुई, जो कनाडा के कैलगरी शहर में नौकरी करते हैं.
शादी समारोह और अन्य रस्में पूरी होने के बाद वडालिया परिवार ने डॉली को भी उनके पति के साथ कनाडा भेजने का फ़ैसला किया. लेकिन उन्हें बड़ा झटका लगा.
उन्हें पता चला कि डॉली दुनिया के किसी भी देश की नागरिक नहीं हैं. इस वजह से डॉली के कनाडा जाने की योजना अधूरी रह गई.
उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार के विभिन्न दफ़्तरों से संपर्क किया और अधिकारियों के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि वह 25 दिन की उम्र से राजकोट में ही रह रही हैं. उन्होंने राजकोट में ही पढ़ाई की है और वहीं काम करती हैं. इसलिए वह भारत की नागरिक हैं.
लेकिन अधिकारियों ने विभिन्न क़ानूनों का हवाला देते हुए डॉली वडालिया की दलीलें स्वीकार नहीं कीं. इसके बाद उन्होंने गुजरात हाई कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया. लेकिन वहां से भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली.
परिवार तनाव में था. शादी के तीन साल बाद भी पत्नी राजकोट में और पति कनाडा में रह रहे थे. दोनों मजबूरी में दुनिया के दो अलग-अलग महाद्वीपों में रह रहे थे.
हालांकि, उनके मामले को लेकर स्थानीय नेताओं ने केंद्र सरकार के सामने बात रखी, जिसके बाद अब डॉली वडालिया को उम्मीद की एक किरण दिखाई दी है.
डॉली वडालिया ने बीबीसी को बताया कि उनके पिता केतन बराई 1995 में व्यापार करने के लिए अफ़्रीकी महाद्वीप के पूर्वी हिस्से में स्थित देश मोज़ाम्बिक गए थे. उनके परिवार के कुछ सदस्य पहले से ही वहां रहते थे.
बीबीसी हिन्दी के संपादक आपके लिए लेकर आए हैं स्पेशल स्टोरीज़
डॉली के पिता ने मोज़ाम्बिक के समुद्र तट पर स्थित शाई-शाई शहर में किराने की एक दुकान खोली.
इसके बाद उनकी पत्नी आरती बराई भी मोज़ाम्बिक चली गईं. फ़रवरी 2000 में वहां इस दंपती के घर एक बेटी पैदा हुई, जिसका नाम उन्होंने डॉली रखा.
डॉली के माता-पिता ने मोज़ाम्बिक सरकार से उनका जन्म प्रमाणपत्र भी बनवा लिया था.
डॉली वडालिया कहती हैं, "मेरे जन्म के कुछ दिन बाद ही मोज़ाम्बिक में एक तूफ़ान आया. इसकी वजह से शाई-शाई में बहुत बारिश हुई और भयानक बाढ़ आ गई. इसमें मेरे माता-पिता ने जो कुछ भी बनाया था, सब नष्ट हो गया."
"करीब 18 दिन बाद हमें बाढ़ प्रभावित इलाक़े से बचाया गया. मेरे माता-पिता बाढ़ में सब कुछ खो चुके थे, इसलिए वे मुझे लेकर राजकोट वापस आ गए."
डॉली के जन्म के कुछ ही दिनों बाद शाई-शाई में प्राकृतिक आपदा आने के कारण केतन और आरती उनके लिए न तो मोज़ाम्बिक सरकार और न ही भारत सरकार से पासपोर्ट बनवा सके.
परिवार का कहना है कि उस समय मोज़ाम्बिक में भारतीय कॉन्सुलेट की ओर से जारी एक इमरजेंसी सर्टिफ़िकेट के आधार पर दंपती को अपनी बेटी के साथ मोज़ाम्बिक छोड़ने और भारत आने की अनुमति मिली थी.
उस इमरजेंसी सर्टिफ़िकेट के आधार पर बराई दंपती अपनी नवजात बेटी डॉली को लेकर 14 मार्च 2000 को भारत लौट आए.
इसके बाद वे कभी मोज़ाम्बिक नहीं गए और राजकोट में ही बस गए.
राजकोट लौटने के बाद जब डॉली बड़ी हुईं, तो उनके माता-पिता उन्हें शहर के एक स्कूल में दाख़िला दिलाने गए.
डॉली कहती हैं, "मोज़ाम्बिक सरकार की ओर से जारी मेरा जन्म प्रमाणपत्र पुर्तगाली भाषा में था. इसी के आधार पर मुझे स्कूल में दाख़िला मिल गया और मेरा नाम स्कूल के जनरल रजिस्टर में दर्ज कर लिया गया."
"स्कूल की पढ़ाई पूरी होने के बाद मुझे स्कूल की ओर से स्कूल लिविंग सर्टिफ़िकेट (स्कूल छोड़ने का प्रमाणपत्र) दिया गया."
"इसमें भी दर्ज था कि मेरा जन्म मोज़ाम्बिक में हुआ है. इस तरह मेरे पास स्कूल लिविंग सर्टिफ़िकेट के रूप में जन्म से जुड़ा एक और दस्तावेज़ आ गया."
डॉली बताती हैं कि जन्म प्रमाणपत्र और स्कूल लिविंग सर्टिफ़िकेट के आधार पर उन्हें कॉलेज में भी दाख़िला मिल गया.
उन्होंने विज्ञान विषय में स्नातक की डिग्री हासिल की. इसके बाद होम साइंस (फ़ूड एंड न्यूट्रिशन) में मास्टर डिग्री भी प्राप्त की.
भारत सरकार ने उन्हें आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और पैन कार्ड भी जारी किए.
डॉली कहती हैं कि दूसरी लड़कियों और युवतियों की तरह उनकी ज़िंदगी भी सामान्य रूप से चल रही थी. लेकिन शादी के बाद उनके जीवन में ख़ुशियां आने के बजाय मानो भूकंप आ गया.
डॉली कहती हैं कि वह इस मान्यता के साथ बड़ी हुई थीं कि वह भारत की नागरिक हैं.
जुलाई 2023 में उनकी शादी खिलन वडालिया से हुई. मूल रूप से राजकोट के रहने वाले खिलन के पास कनाडा का वर्क परमिट है और वह वहां के कैलगरी शहर में काम करते हैं. शादी के बाद परिवार ने डॉली को भी उनके पति के साथ रहने के लिए कनाडा भेजने का फ़ैसला किया.
वीज़ा के लिए आवेदन करने के लिए किसी देश का वैध पासपोर्ट होना ज़रूरी था.
इसलिए डॉली ने भारतीय पासपोर्ट बनवाने के लिए सितंबर 2023 में आवेदन किया और अहमदाबाद स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से संपर्क किया.
डॉली के जेठ रोनक वडालिया ने बीबीसी गुजराती को बताया, "पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों ने डॉली का जन्म प्रमाणपत्र मांगा. हमने मोज़ाम्बिक सरकार की ओर से जारी प्रमाणपत्र जमा किया."
"लेकिन पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों ने उसे मान्य नहीं माना और हमारा आवेदन ख़ारिज कर दिया. उन्होंने हमसे कहा कि डॉली को यह साबित करना होगा कि वह भारतीय नागरिक हैं."
इसके बाद डॉली ने मोज़ाम्बिक में भारतीय कॉन्सुलेट के अधिकारियों से अपने जन्म प्रमाणपत्र को प्रमाणित करवाया. उन्होंने कुछ अतिरिक्त दस्तावेज़ों के साथ मार्च 2025 में एक बार फिर पासपोर्ट के लिए आवेदन किया. हालांकि, पासपोर्ट कार्यालय ने इस बार भी उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया और कहा कि वह भारतीय नागरिकता साबित नहीं कर पाई हैं.
इसके बाद डॉली ने राजकोट लौटकर भारतीय नागरिकता का प्रमाणपत्र हासिल करने के लिए ज़िला कलेक्टर कार्यालय से संपर्क किया.
डॉली कहती हैं, "अधिकारियों ने मुझसे कहा कि भारतीय नागरिक बनने के लिए मुझे किसी दूसरे देश का पासपोर्ट जमा करना होगा. इसके बाद ही मुझे भारतीय नागरिकता मिल सकेगी."
"हमने दिल्ली में मोज़ाम्बिक के हाई कमीशन से संपर्क किया."
"लेकिन उन्होंने मुझे साफ़ बता दिया कि मैं मोज़ाम्बिक की नागरिक नहीं हूं. वैसे भी मेरे पास कभी मोज़ाम्बिक का पासपोर्ट था ही नहीं. ऐसे में मैं क्या जमा कराती? मैं तो स्टेटलेस (किसी भी देश की नागरिकता न रखने वाली व्यक्ति) हो गई. इससे मेरी चिंता और बढ़ गई."
इमेज स्रोत, Parshottam Rupala/FB
रोनक वडालिया बताते हैं कि काग़ज़ों पर डॉली के स्टेटलेस यानी किसी भी देश की नागरिकता नहीं रखने वाली महिला बन जाने से वडालिया और बराई परिवार तनाव में आ गए.
रोनक वडालिया कहते हैं, "हम सभी बहुत परेशान थे. हमें समझ नहीं आ रहा था कि अब क्या करें, किससे मिलें और किन दस्तावेज़ों के लिए किसके पास आवेदन करें. नियम यह है कि अगर कोई भारतीय विदेश में रहता है और वहां उसके बच्चे का जन्म होता है, तो बच्चे के जन्म के एक साल के भीतर उस देश में स्थित भारतीय हाई कमीशन या कॉन्सुलेट में उसका रजिस्ट्रेशन कराना होता है. ऐसा करने पर बच्चे को विरासत में भारतीय नागरिकता मिल जाती है."
"लेकिन डॉली के माता-पिता बाढ़ में अपना सब कुछ खोने के बाद कभी मोज़ाम्बिक लौट ही नहीं सके. उस समय संचार के इतने साधन भी नहीं थे कि वे किसी दूसरे तरीके से कॉन्सुलेट को इसकी जानकारी दे पाते."
अगर कोई विदेशी नागरिक लगातार सात साल तक भारत में रहता है, तो वह भारतीय नागरिकता हासिल करने के लिए आवेदन कर सकता है. इसके लिए उसे कुछ निर्धारित शर्तें पूरी करनी होती हैं.
लेकिन डॉली के लिए यह रास्ता भी बंद था, क्योंकि उनके पास इस बात का पर्याप्त सबूत नहीं था कि वह मोज़ाम्बिक की नागरिक हैं.
इसलिए डॉली ने जुलाई 2025 में गुजरात हाई कोर्ट में याचिका दायर की. उन्होंने अदालत से मांग की कि पासपोर्ट कार्यालय और राजकोट कलेक्टर कार्यालय के अधिकारियों के फ़ैसलों को रद्द किया जाए और उन्हें भारतीय पासपोर्ट जारी किया जाए.
अप्रैल 2026 में हाई कोर्ट ने फ़ैसला सुनाते हुए डॉली की याचिका ख़ारिज कर दी. अदालत ने कहा कि भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के लिए उन्हें भारतीय नागरिक होना साबित करना होगा.
अदालत ने यह भी कहा कि अगर किसी असाधारण परिस्थिति के कारण मोज़ाम्बिक स्थित भारतीय कॉन्सुलेट में जन्म का रजिस्ट्रेशन नहीं हो सका था, तो देरी से रजिस्ट्रेशन के लिए किए गए आवेदन को स्वीकार करने का अधिकार भारत सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से संबंधित देश के लिए नियुक्त मुख्य अधिकारी के पास है.
रोनक वडालिया बताते हैं कि भारत के अलग-अलग सरकारी दफ़्तरों और अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद परिवार ने पोरबंदर लोकसभा सीट के पूर्व सांसद रमेश धडुक और राजकोट लोकसभा सीट के मौजूदा सांसद परषोत्तम रूपाला से मदद मांगी.
रोनक कहते हैं, "हम उनके पास गए, अपनी परेशानी बताई और उनका मार्गदर्शन मांगा. हमने राज्यसभा के पूर्व सांसद रामभाई मोकरीया से भी संपर्क किया. इन सांसदों ने हमारी बात सुनी और मामले को समझा. इसके बाद रमेशभाई और परषोत्तमभाई ने हमें सिफ़ारिशी पत्र लिखकर दिए और दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्रालय भेजा."
बीबीसी गुजराती से बातचीत में केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके परषोत्तम रूपाला ने कहा, "वह महिला फ़िलहाल किसी भी देश की नागरिक नहीं हैं. मुझे उनका मामला बहुत सही लगा. इसलिए मैंने उनकी अर्ज़ी केंद्रीय गृह मंत्रालय तक पहुंचाई और सिफ़ारिश की कि उन्हें भारतीय नागरिकता दी जाए."
रोनक वडालिया बताते हैं कि सांसदों की सिफ़ारिश के बाद दिल्ली में अधिकारियों ने उन्हें सलाह दी कि वे भारत सरकार को एक आवेदन दें. इसमें मोज़ाम्बिक स्थित भारतीय कॉन्सुलेट से डॉली के जन्म का रजिस्ट्रेशन देरी के बावजूद करने का अनुरोध किया जाए.
इसके बाद डॉली ने अधिकारियों की सलाह के मुताबिक भारत सरकार को आवेदन दिया. आख़िरकार विदेश मंत्रालय ने मोज़ाम्बिक स्थित भारतीय कॉन्सुलेट को आदेश दिया कि देरी के बावजूद डॉली के जन्म का रजिस्ट्रेशन किया जाए.
रोनक वडालिया कहते हैं, "इस आदेश के बाद कॉन्सुलेट ने देरी को माफ़ करते हुए डॉली के जन्म का रजिस्ट्रेशन कर लिया और हमें उसका प्रमाणपत्र दे दिया. जब हमने यह प्रमाणपत्र पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों को दिखाया, तो उन्होंने डॉली का पासपोर्ट आवेदन स्वीकार कर लिया."
इमेज स्रोत, Vadalia family
इसके बाद दिवाली के दौरान डॉली के फ़ोन पर एसएमएस अलर्ट आया कि उनके पासपोर्ट का आवेदन स्वीकार कर लिया गया है.
डॉली कहती हैं, "मुझे मैसेज मिला कि 11 नवंबर को पोस्टमैन मेरे घर पासपोर्ट पहुंचा देगा. मैं 11 नवंबर को सुबह से ही उसका इंतज़ार करने लगी. मुझे बहुत तनाव था कि सच में पासपोर्ट आएगा या नहीं, क्योंकि मेरी कई कोशिशें पहले नाकाम हो चुकी थीं."
"तनाव की वजह से मैंने घरवालों से कहा कि वे मुझे बुलाएं नहीं. आख़िरकार पोस्टमैन हमारे घर आया और उसने मेरे हाथ में पीले रंग का एक लिफ़ाफ़ा दिया. उस पर मेरा पता लिखा हुआ था."
"जब मैंने उसे खोलकर देखा, तो उसमें सचमुच मेरे नाम का भारतीय पासपोर्ट था. मुझे यक़ीन ही नहीं हो रहा था कि यह वाकई मेरा पासपोर्ट है."
"इस पासपोर्ट ने मुझे स्टेटलेस व्यक्ति से भारतीय नागरिक बना दिया."
डॉली कहती हैं कि वह कनाडा में अपने पति के पास जाने का बेसब्री से इंतज़ार कर रही हैं.
वह कहती हैं, "अब पासपोर्ट मिल गया है, इसलिए हम कनाडा का वीज़ा हासिल करने की तैयारी कर रहे हैं. उम्मीद है कि मैं जल्द ही कनाडा में अपने पति के पास जा सकूंगी."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!