उत्तर प्रदेश के वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलने से सुरक्षा एजेंसी की महिला कर्मी समेत दो कर्मचारी जख्मी हो गए। महिला के दाएं पैर और कमर के निचले हिस्से में छर्रे लगे हैं। कई जगह गहरे जख्म हो गए हैं। जबकि एक अन्य कर्मचारी के दाएं हाथ में गोली लगी है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। जिस यात्री की पिस्टल से गोली चली उससे पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के रहने वाले एक पूर्व सैनिक कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जा रहे थे। उन्होंने नियमाें के तहत अपनी लाइसेंसी पिस्टल मुंबई एयरपोर्ट तक पहुंचाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। रविवार की सुबह बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी पिस्टल की जांच करा रहे थे। यह जांच टर्मिनल भवन में हो रही थी। इसी दौरान गोली चल गई।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार यात्री की पिस्टल लोडेड थी। पिस्टल को चेक करते समय गोली चल गई। गोली फर्श पर टकराकर 27 वर्षीय महिला कर्मचारी सुमन को लगी। सुमन मूल रूप से बिहार के गया की रहने वाली हैं। गोली सुमन की दाहिनी जांघ में लगी। वहीं उनके पास ही खड़े एक अन्य कर्मचारी को भी गोली लग गई। सुमन लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। फायरिंग की आवाज सुनते ही टर्मिनल भवन में अफरातफरी मच गई। सीआईएसएफ और पुलिस दौड़ती हुई मौके पर पहुंच गई। दोनों घायल कर्मचारियों को निजी अपस्ताल में भर्ती कराया गया है।
एअरपोर्ट पर गोली चलने की सूचना मिलते ही कई आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों ने घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। वहीं, एयरपोर्ट पर थोड़ी देर तक इस घटना को लेकर अफरातफरी का माहौल रहा। दोनों घायल कर्मचारियों की हालत जानने के लिए उनके साथी कर्मचारी परेशान रहे। दोनों को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी है।
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि रविवार सुबह लगभग 09: 30 बजे IX-1810 से मुंबई जाने वाला एक यात्री जो अपनी पत्नी के साथ यात्रा कर रहा था, उसे साथ ले जाने के लिए हथियार घोषित किया गया था। हथियार की जांच के दौरान यात्री से एक राउंड फायर हो गया, जिससे दो AAICLAS स्क्रीनर्स घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सतोमहुआ न्यू लक्ष्मी ट्रामा सेंटर ले जाया गया। पुलिस को सूचित कर दिया गया है तथा जांच जारी है।
वहीं, डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने बताया कि यात्री अपने साथ लाइसेंसी पिस्टल लेकर आए थे। चेकिंग के दौरान लाइसेंसी पिस्टल की जांच और राउंड की काउंटिंग किए जाने के दौरान अचानक फायर हो गया। फायर से निकला राउंड चेकिंग कर रही महिला के पैर और पास खड़े एक अन्य व्यक्ति के अंगूठे में लग गया, जिससे दोनों घायल हो गए।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!