बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट पर जल्द ही यात्रियों को खाने-पीने की किफायती सुविधा मिलने वाली है। दरभंगा से हवाई सफर करने वाले यात्री 10 रुपये में चाय और 20 रुपये में समोसा का स्वाद ले सकेंगे। इस हवाई अड्डा पर उड़ान कैफे की शुरुआत अगले महीने होने वाली है। सितंबर में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू का दौरा प्रस्तावित है। नायडू के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दरभंगा दौरा होगा। पीएम नवंबर में दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन कर सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू अगले महीने दरभंगा एयरपोर्ट पहुंच कर नए टर्मिनल के कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही पहले से बनकर तैयार भवनों के साथ-साथ उड़ान कैफे का उद्घाटन भी करेंगे। यह जानकारी केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री की अध्यक्षता में कर्नाटक के मैसूर में आयोजित भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की बैठक में भाग लेने के बाद दरभंगा सांसद गोपालजी ठाकुर ने दी। वह दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन हैं।
सांसद ने बताया कि बैठक में उन्होंने दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की दिशा में अभी से आवश्यक तैयारी शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी। साथ ही अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर, टर्मिनल विस्तार, रनवे एवं एप्रोच सुविधाओं, कस्टम्स-इमिग्रेशन सहित आवश्यक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने का आग्रह किया।
ठाकुर के अनुसार परामर्शदात्री समिति की बैठक में मैथिली भाषा में बोर्ड एवं साइनेज, यात्री सुविधाओं का विस्तार, नई हवाई सेवाएं एवं रूट, नाइट ऑपरेशन, बेहतर लैंडिंग सुविधाएं, एयर कार्गो एवं लॉजिस्टिक्स हब तथा मिथिला के पर्यटन, व्यापार, उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रमुखता से चर्चा की गई।
केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू ने उन्हें आश्वस्त किया है कि अगले महीने सितंबर में वे अपने सहयोगियों तथा अधिकारियों के साथ दरभंगा आएंगे, एयरपोर्ट से जुड़े सभी विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करेंगे। ठाकुर ने बताया कि केंद्रीय मंत्री दरभंगा में पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन से संबंधित तैयारियों एवं कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
सांसद डॉ. ठाकुर ने बताया कि परामर्शदात्री समिति की बैठक में उन्होंने हवाई अड्डे के प्रवेश द्वार पर मिथिलाक्षर में नाम अंकित करने और कवि कोकिल बाबा विद्यापति के नाम पर एयरपोर्ट के नामकरण की शीघ्र घोषणा करने, सीआईएसएफ के लिए सात एकड़ जमीन अधिग्रण की प्रक्रिया को पूरा करने जैसे मुद्दे उठाए।
दरभंगा एयरपोर्ट को देश स्तर पर नंबर वन बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए नाइट लैंडिंग की औपचारिकताओं तथा तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। विमानन कंपनियों से शेड्यूल मिलते ही नाइट लैंडिंग सेवा शुरू कर दी जाएगी।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!