खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में छह साल के बच्चे की स्कूल की कक्षा में गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, बच्चे ने होमवर्क पूरा नहीं किया था। इसी बात पर शिक्षक ने उसे थप्पड़ मारा था। घटना वन टाउन इलाके के एक निजी स्कूल की बताई जा रही है। घटना के बाद बच्चे के परिजन स्कूल के बाहर पहुंचे और शिक्षक को उसकी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी फुटेज में बच्चा हाथ में स्लेट लिए शिक्षक के सामने कतार में खड़ा दिखाई दे रहा है। फुटेज में वह घबराया हुआ नजर आता है और शिक्षक से उसे न मारने की गुहार लगाता दिखता है। इसके बाद शिक्षक बच्चे को अपने पास खींचकर उसके गाल पर थप्पड़ मारती दिखाई देती है। कुछ ही सेकंड बाद बच्चा शिक्षक के ऊपर गिर जाता है।
विशाखापत्तनम के राजस्व मंडल अधिकारी साधु दिलीप चक्रवर्ती ने बताया कि शिक्षक ने अन्य शिक्षकों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे और बच्चे को सीपीआर देने की कोशिश की। बाद में स्कूल स्टाफ बच्चे को नजदीकी अस्पताल ले गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती तौर पर आशंका जताई गई कि बच्चा घबराहट के कारण कार्डियक अरेस्ट का शिकार हुआ।
Tragic incident in Visakhapatnam 💔 An LKG student, Pranay Tej, reportedly collapsed and d!ed after allegedly being beaten by his teacher for not completing his homework. The child became frightened, started crying and coughing, and collapsed. His family later protested… pic.twitter.com/MXDFX8tGcu
किंग जॉर्ज अस्पताल की अधीक्षक डॉ. आई. वाणी ने कहा कि बच्चे को अस्पताल लाए जाने तक उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी सीसीटीवी वीडियो देखा है, लेकिन फिलहाल यह निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता कि बच्चे को घबराहट के कारण कार्डियक अरेस्ट हुआ या मौत की कोई दूसरी वजह थी। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए किंग जॉर्ज अस्पताल भेजा गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, शुरुआत में बच्चे के माता-पिता ने पोस्टमार्टम के लिए सहमति नहीं दी थी। बाद में पुलिस की जानकारी के अनुसार, परिजनों ने पोस्टमार्टम के लिए सहमति दे दी। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सटीक कारण बताया जा सकेगा।
बच्चे के पिता ने बताया कि उनका परिवार पिछले सप्ताह कुछ दिनों के लिए तीर्थयात्रा पर गया था और बुधवार को ही वापस लौटा था। इसी वजह से बच्चे का होमवर्क पूरा नहीं हो पाया था। उन्होंने कहा कि बच्चे को पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या नहीं थी। पिता ने सवाल उठाया कि UKG के बच्चे के साथ शिक्षक इस तरह का व्यवहार कैसे कर सकती हैं।
वन टाउन पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, विशाखापत्तनम जिला शिक्षा विभाग ने भी मामले की जांच शुरू की है। जांच में बच्चे की मौत की परिस्थितियों के साथ यह भी देखा जा रहा है कि स्कूल की ओर से किसी तरह की लापरवाही हुई थी या नहीं। RDO ने भी मामले में जांच कराने की बात कही है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!