Ayodhya Video Viral: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के अयोध्या आगमन पर कांग्रेस ने मछली भोज का आयोजन किया। सावन के महीने में कांग्रेस के कार्यक्रम में मछली भोज के आयोजन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। हनुमान गढ़ी के पास आयोजित इस कार्यक्रम पर संतों ने कड़ी नाराजगी जताई। संतों ने इसे सनातन का अपमान बताते हुए कांग्रेस के इस कार्यक्रम का विरोध किया। वहीं मछली भोज को लेकर खड़े हुए विवाद पर कांग्रेस नेता ने सफाई दी। उन्होंने कहा, खाना तो हर व्यक्ति का अधिकार है।
शनिवार को अयोध्या में कांग्रेस का कार्यक्रम था, इस कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी शामिल होने के लिए पहुंचे थे। अजय राय के आगमन पर राम निहाल निषाद ही ओर से मछली भोज का आयोजन किया गया था। पूरा कार्यक्रम हनुमानगढ़ी के पास मौजूद अर्पित मैरिज लॉन में था। यहीं पर मछली भी पकाई जा रही थी। इसका किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। एक तो धार्मिक नगरी और ऊपर से सावन का महीने में मछली भोज की जानकारी जब साधु-संतों को हुई तो वह भड़क गए। साधु-संतों ने कांग्रेस के इस कार्यक्रम का पुरजोर विरोध किया। संतों ने नाराजगी जताते हुए कहा, अजय राय ने पावन और पवित्र सावन के महीने में अयोध्या आकर मछली भोज किया, जो सनातन धर्म का सीधा अपमान है। उन्होंने कहा, कांवड़ मार्ग पर स्थित लॉन में छमली भोज का आयोजन नहीं होना चाहिए था। कांग्रेस ने ऐसा करके कांवड़ियों और सभी सनातियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
अयोध्या में कांग्रेस के कार्यक्रम में मछली भोज के आयोजन को लेकर शुरू हुई विवाद पर कांग्रेस नेता ने अपना पक्ष रखते हुए कहा, भोजन करना हर व्यक्ति का अधिकार है। भोजन पर किसी तरह की कोई पाबंदी नहीं होती। देश में संविधान लागू होने के बाद हर नागरिक को अपनी पसंद का भोजन करने की पूरी स्वतंत्रता है। उन्होंने निषाद समाज की परंपरा का हवाला दिया और कहा, मछली पकड़ना और खाना उनके समाज की संस्कृति का हिस्सा है।
अयोध्या में मछली पकाए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बारिश के बीच कुछ लोग मछलियां बटोरते नजर आ रहे हैं। एक व्यक्ति भगोने में मसाला तैयार करता भी दिख रहा है। वीडियो में कांग्रेस का मंच भी दिखाया गया है जहां पर आयोजन होना था। यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसके अलावा वीडियो में उन कार्टून को भी दिखाया गया है, जिसमें मछलियों को भरकर लाया गया था।
कांग्रेस के कार्यक्रम दौरान अचानक से बारिश शुरू हो गई। इस बीच पांडाल में मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते भगदड़ सी मच गई। हालांकि इन सबके बावजूद कार्यक्रम में मौजूद लोगों व बाजार वासियों में सावन के महीने में मछली भोज को लेकर ही चर्चा होती रही। कार्यक्रम स्थल पर कथित तौर पर मछली कटती व बनती नजर आई। बारिश में हुई भगदड़ के बावजूद लोगों के बीच मछली भात के लिये धक्का मुक्की होती रही। इसके चलते सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मौजूद पुलिस को यातायात व्यवस्था को बहाल करने में खूब मशक्कत करने पड़ी।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!