क्या अपराधियों पर इनाम घोषित करना ही पुलिस की जिम्मेदारी का आखिरी पड़ाव बन गया है? एफआईआर दर्ज होने, विवेचना आगे बढ़ने और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर इनाम घोषित कर देने के बाद पुलिस की कार्रवाई आखिर कहां थम जाती है? प्रयागराज जोन के चार जिलों में वर्षों से फरार इनामी आरोपियों की स्थिति ऐसे ही सवाल खड़े कर रही है।
बिहार और राजस्थान के बदमाशों पर इनाम
फतेहपुर के कोतवाली थाने में वर्ष 2022 के एक मामले में बिहार के समस्तीपुर निवासी आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। इसी जिले के ललौली थाने में वर्ष 2023 के एनडीपीएस अधिनियम के मामले में राजस्थान के जयपुर निवासी आरोपी पर 15 हजार रुपये का इनाम रखा गया है।
गुजरात और मध्य प्रदेश तक फैला नेटवर्क कौशाम्बी के कोखराज थाने में वर्ष 2022 के एक मामले में गुजरात के गांधीनगर निवासी आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। इसी जिले में हत्या के एक मामले में मध्य प्रदेश के दमोह निवासी आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम है। कोखराज थाने में ही बिहार के गया निवासी गैंगस्टर के आरोपी पर भी 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। वहीं, चित्रकूट जिले की कर्वी कोतवाली में दर्ज एक मामले में मध्य प्रदेश के सतना निवासी दो आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
वर्ष 2009 से 2023 तक के मामलों में आरोपी फरार प्रयागराज में भी दूसरे राज्यों के आरोपियों की लंबी सूची है। सिविल लाइंस थाने में वर्ष 2018 के एक मामले में झारखंड के साहिबगंज निवासी दो आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। कर्नलगंज थाने में वर्ष 2011 के एक मामले में असम निवासी आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम है। जॉर्जटाउन थाने में वर्ष 2009 में हुई डकैती के मामले में मध्य प्रदेश के सतना निवासी आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित है। इसी थाने में वर्ष 2009 में हुए हत्या के एक मामले में झारखंड के बोकारो निवासी आरोपी पर भी 10 हजार रुपये का इनाम है। नैनी थाने में वर्ष 2007 में हुई हत्या के मामले में मध्य प्रदेश के कटनी निवासी आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। सिविल लाइंस थाने में वर्ष 2022 के चोरी और धोखाधड़ी के मामले में मध्य प्रदेश के राजगढ़ निवासी दो महिलाओं पर 25-25 हजार रुपये का इनाम है। थरवई थाने में वर्ष 2022 में हुई डकैती और दुष्कर्म की घटना के मामले में बिहार के कैमूर निवासी आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। नैनी थाने में वर्ष 2023 के धोखाधड़ी और आयुष अधिनियम से जुड़े मामले में दिल्ली के अंबेडकर नगर निवासी दो आरोपियों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम है।
गिरफ्तारी की जवाबदेही किसकी?
क्या संबंधित थानों में फरार आरोपियों की तलाश के लिए नियमित समीक्षा की जाती है?
क्या आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दूसरे राज्यों में पुलिस टीमें भेजी जाती हैं?
क्या उनके संभावित ठिकानों, मोबाइल नंबरों, आपराधिक संपर्कों और संपत्तियों की जानकारी जुटाई जाती है?
इनाम घोषित होने के बाद क्या संबंधित थानों ने गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कीं?
दूसरे राज्यों की पुलिस से कितना समन्वय स्थापित किया गया और अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकी?
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!