इमेज स्रोत, ANI
अप्रैल में लोकसभा में आवश्यक समर्थन न जुटा पाने के कारण गिरा डीलिमिटेशन (परिसीमन) और महिला आरक्षण से जुड़ा विधेयक अब नए स्वरूप में वापस लाया जा रहा है.
इस बार सरकार ने दो बड़े बदलाव किए हैं. पहला, परिसीमन को नई जनगणना से अलग कर दिया गया है, और दूसरा, सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया है.
सरकार का तर्क है कि इससे महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ होगा
जबकि आलोचकों का सवाल है कि जनसंख्या का आधार हटाने के बाद सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का सिद्धांत क्या है.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह केवल संवैधानिक संशोधन नहीं, बल्कि 2029 की राजनीति, विपक्षी एकता, दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताओं और महिला मतदाताओं तक पहुंच बनाने की व्यापक रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है.
ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या बीजेपी वास्तव में महिला आरक्षण लागू करना चाहती है, या फिर यह डीलिमिटेशन के जरिए नए राजनीतिक समीकरण गढ़ने की कोशिश है?
इमेज स्रोत, ANI
नवभारत टाइम्स के पूर्व संपादक और वरिष्ठ पत्रकार रामकृपाल सिंह का मानना है कि सरकार ने नए प्रस्ताव के जरिए दक्षिण भारतीय राज्यों की सबसे महत्वपूर्ण चिंता को संबोधित किया है.
उनके अनुसार, अगर डीलिमिटेशन को नई जनगणना से जोड़ा जाता तो अधिक जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों, ख़ासकर उत्तर प्रदेश और बिहार को अतिरिक्त सीटों का लाभ मिलता, जबकि दक्षिणी राज्यों का प्रतिनिधित्व अपेक्षाकृत घट सकता था.
बीबीसी हिन्दी के संपादक आपके लिए लेकर आए हैं स्पेशल स्टोरीज़
उनका तर्क है कि जिन राज्यों ने दशकों तक परिवार नियोजन नीतियों का पालन किया, उन्हें केवल कम जनसंख्या वृद्धि के कारण राजनीतिक रूप से नुकसान नहीं पहुंचाया जा सकता. इसलिए सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि और राज्यों के मौजूदा अनुपात को बनाए रखने का फैसला इस विवाद को काफ़ी हद तक समाप्त करता है.
वरिष्ठ राजनीतिक पत्रकार शरद गुप्ता का मानना है कि सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाने का फैसला तभी किया है जब उसे आवश्यक संख्याबल मिलने का भरोसा हो गया है.
उनके अनुसार, एक बार कोई विधेयक गिर जाने के बाद सरकार तब तक उसे दोबारा नहीं लाती जब तक उसे उसके पारित होने का विश्वास न हो.
बिजनेस स्टैंडर्ड की वरिष्ठ पत्रकार अदिति फडनीस ने बीबीसी के कार्यक्रम 'दिनभर' में कहा कि पर्दे के पीछे जो भी कुछ किया गया है, वह इसी सोच के साथ किया गया है कि इस बार विधेयक किसी भी सूरत में नहीं गिरना चाहिए.
उन्होंने कहा, "किसी भी सरकार के लिए यह बेहद शर्मनाक स्थिति होती है कि संविधान संशोधन जैसा महत्वपूर्ण विधेयक पर्याप्त तैयारी के अभाव में गिर जाए."
बिल पास कराने के लिए एनडीए के पास पर्याप्त संख्याबल के सवाल पर वह कहती हैं कि जहां तक संसद के गणित का सवाल है, हम यह नहीं जानते कि एनडीए के पास विधेयक पारित कराने के लिए पर्याप्त संख्या है या नहीं, लेकिन अप्रैल से लेकर अब तक राजनीतिक परिस्थितियों में काफ़ी बदलाव आया है.
टीएमसी में विभाजन हुआ है और बागी दल बीजेपी का समर्थन कर रहा है. दूसरी ओर, लोकसभा में 22 सीटों वाली डीएमके लगातार यह कह रही थी कि उसके राज्य को सीटों का नुकसान नहीं होना चाहिए.
ऐसा लगता है कि सरकार ने संशोधित विधेयक में इसी चिंता को संबोधित करने की कोशिश की है. यही कारण लगता है कि सरकार जनसंख्या के अनुपात में सीटें बढ़ाने की शर्त से पीछे हट गई.
वह कहती हैं कि डीएमके नेतृत्व के हालिया रुख़ से संकेत मिलता है कि उनका बड़ा विवादित मुद्दा काफ़ी हद तक सुलझ गया है. वे प्रतीकात्मक विरोध दर्ज करा सकते हैं, लेकिन कड़ा प्रतिरोध करते नहीं दिख रहे. इसी तरह वाईएसआर कांग्रेस भी संकेत दे रही है कि वह इस विधेयक का समर्थन कर सकती है.
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
रामकृपाल सिंह के अनुसार, कोविड महामारी के कारण 2021 की जनगणना नहीं हो सकी. ऐसे में अगर सरकार जनगणना पूरी होने और उसके बाद परिसीमन की पूरी प्रक्रिया का इंतजार करती, तो महिला आरक्षण का क्रियान्वयन भी लंबे समय तक टल सकता था.
उनके मुताबिक़, मौजूदा संशोधन का मूल उद्देश्य ही परिसीमन को जनगणना से "डी-लिंक" करना है ताकि राजनीतिक प्रतिनिधित्व और महिला आरक्षण के रास्ते में लगातार देरी न हो.
दूसरी ओर, शरद गुप्ता का कहना है कि हालिया जनगणना की प्रक्रिया अभी लंबी चलेगी क्योंकि मणिपुर में हालात को देखते हुए वहां अप्रैल- 2027 तक जनगणना पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है. साथ ही, उनका कहना है कि जनगणना के बाद विभिन्न सामाजिक वर्गों, एससी-एसटी, ओबीसी, आयु वर्ग और अन्य आंकड़ों को अंतिम रूप देने में भी समय लगता है.
शरद गुप्ता के अनुसार, अगर सरकार एक और साल इंतजार करती तो 2028 आ जाता और फिर 2029 के आम चुनाव नजदीक होने के कारण परिसीमन की प्रक्रिया पूरी करना मुश्किल हो सकता था.
वे मानते हैं कि इस कारण भी सरकार ने जनगणना की शर्त के अपने पुराने रुख़ को बदला और दक्षिण के राज्यों की प्रमुख शर्त भी यही थी कि परिसीमन को जनसंख्या अनुपात से न जोड़ा जाए.
हालांकि, सरकार नए संशोधन विधेयक में जो प्रावधान ला रही हैं, उसमें हर राज्य की सीटें 50 फ़ीसदी बढ़ाने जाने का दावा किया गया है.
वरिष्ठ राजनीतिक पत्रकार अदिति फडनीस इसी आधार पर सवाल खड़ा करती हैं.
उन्होंने कहा, "परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े नए विधेयक में जनगणना की जो शर्त हटाई गई है और नए बदलाव हुए हैं, उनका मूल आधार क्या है? यह साफ] नहीं है कि वह कौन-सा संगठनात्मक या संवैधानिक सिद्धांत है, जिसके आधार पर यह नया प्रस्ताव तैयार किया गया है."
उन्होंने कहा, "50 प्रतिशत बढ़ोतरी का तर्क क्या है? जब जनसंख्या को आधार नहीं बनाया जा रहा, तो फिर महिला आरक्षण 33 प्रतिशत क्यों और सीटों में बढ़ोतरी 50 प्रतिशत क्यों? यह एक असामान्य स्थिति है, परिसीमन किस सिद्धांत के आधार पर किया जा रहा है, यह अभी स्पष्ट नहीं है."
हालांकि रामकृपाल सिंह का मानना है कि संसद और जनता के बीच प्रतिनिधित्व का अंतर लगातार बढ़ा है. उनकी दलील है कि आज की आबादी की तुलना में मौजूदा लोकसभा का आकार अपर्याप्त है और एक सांसद के क्षेत्र में जनसंख्या की आबादी बहुत ज़्यादा है. ऐसे में हर राज्य में सीटों के आकार को 50 फ़ीसदी बढ़ाया जा रहा है.
साथ ही, उनका कहना है कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए भी सीटों की संख्या बढ़ाना ज़रूरी हो गया था, ताकि मौजूदा प्रतिनिधियों की सीटों पर बड़े स्तर पर असर डाले बिना नई व्यवस्था लागू की जा सके.
इमेज स्रोत, ANI
रामकृपाल सिंह का आकलन है कि अप्रैल में जो विधेयक अटक गया था, उसके बाद हालात में काफ़ी बदलाव आया है. डीएमके, तेलुगु राजनीति के कुछ दलों और अन्य क्षेत्रीय दलों के रुख़ को देखते हुए अब इस विधेयक के गिरने की संभावना बहुत कम दिखती है.
शरद गुप्ता को फ़िलहाल कोई बड़ी संसदीय बाधा नहीं दिखती. उनके अनुसार, "कई राजनीतिक दल बीजेपी के समर्थन में दिखाई दे रहे हैं और विपक्ष के पास भी इस मुद्दे पर बहुत अधिक विकल्प नहीं नजर आते."
उनका मानना है कि बीजेपी कई बार महत्वपूर्ण विधायी फैसलों को अचानक सामने लाकर विपक्ष को तैयारी का कम समय देती है. वे इसे "अंबुश स्ट्रेटेजी" कहते हैं.
उनके अनुसार, पिछली बार भी विपक्ष पूरी तरह तैयार नहीं था. अगर इस बार भी विपक्ष पर्याप्त तैयारी नहीं कर पाया और बंटा रहा, तो बीजेपी को न केवल इस संविधानिक विधेयक पारित कराने में आसानी होगी बल्कि उसका राजनीतिक लाभ भी मिल सकता है.
वरिष्ठ पत्रकार अदिति फडनीस का कहना है कि हम यह नहीं जानते कि एनडीए के क्या संख्याबल है, लेकिन अप्रैल से लेकर अब तक राजनीतिक परिस्थितियों में काफी बदलाव आया है. टीएमसी में विभाजन हुआ है और बागी दल बीजेपी का समर्थन कर रहा है.
महाराष्ट्र के विपक्षी दलों ने भी समर्थन के संकेत दिए हैं. ऐसे में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के पास विकल्प कम बचे हैं.
वो कहती हैं कि अगर बिल पास हो गया तो विपक्ष विशेषकर कांग्रेस को परिसीमन के बाद तैयार नई सीटों के हिसाब से ही चुनाव में उतरने के लिए तैयार रहना होगा.
असम और अन्य राज्यों के परिसीमन को लेकर लगाए जाने वाले आरोपों पर रामकृपाल सिंह इन्हें राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का हिस्सा मानते हैं. जबकि शरद गुप्ता का मानना है कि इन कुछ राज्यों के परिसीमन ने सवाल तो उठाए हैं.
उधर, अदिति फडनीस ने परिसीमन प्रक्रिया को लेकर चिंता ज़ाहिर की.
वो कहती हैं कि परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की नई संरचना सामाजिक, जातीय और धार्मिक समीकरणों को प्रभावित कर सकती है. किस क्षेत्र में कौन सा सामाजिक समूह प्रभावी होगा और उसका चुनावी परिणामों पर क्या असर पड़ेगा, यह परिसीमन का महत्वपूर्ण राजनीतिक पक्ष है.
फडनीस के मुताबिक़, "1997 में गुजरात विधानसभा परिसीमन के दौरान अमित शाह ने प्रक्रिया को बहुत करीब से समझा और उसमें भूमिका निभाई थी. वे कहती हैं कि इसके बाद आजतक जो चुनाव हुए, कभी गुजरात में कांग्रेस दोबारा सत्ता में नहीं आ सकी."
उनका आकलन है कि अमित शाह देश के उन नेताओं में हैं जो परिसीमन के राजनीतिक प्रभावों को गहराई से समझते हैं. निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव लंबे समय तक चुनावी राजनीति को प्रभावित कर सकते हैं और बीजेपी इस पहलू को भलीभांति समझती है.
उधर, परिसीमन प्रक्रिया में चुनाव आयोग की भूमिका पर उठाए गए सवालों पर शरद गुप्ता कहते हैं कि चुनाव आयुक्तों की निष्पक्षता को लेकर राजनीतिक विवाद पहले से मौजूद हैं.
उनका मानना है कि परिसीमन जैसी प्रक्रिया की विश्वसनीयता सुनिश्चित करना आवश्यक है और इसके लिए पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष दिखाई भी देनी चाहिए. वे कहते हैं कि यदि परिसीमन निष्पक्ष तरीके से कराया जाए तो उस पर उठने वाले कई सवाल अपने आप ख़त्म हो सकते हैं.
इमेज स्रोत, ANI
रामकृपाल सिंह का एक दिलचस्प तर्क यह है कि इस मुद्दे पर बीजेपी को दोनों ही स्थितियों में राजनीतिक लाभ मिल सकता है.
उनके मुताबिक़, यदि बिल पास हो जाता है तो बीजेपी इसे महिला सशक्तिकरण और प्रतिनिधित्व बढ़ाने की ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में पेश करेगी. वहीं यदि किसी कारण से बिल अटकता है, तो बीजेपी यह संदेश देने की कोशिश करेगी कि विपक्ष महिलाओं को राजनीतिक अधिकार देने के रास्ते में खड़ा है.
रामकृपाल सिंह मानते हैं कि यह कदम राजनीतिक रूप से बेहद उपयुक्त समय पर लाया गया है. इंडिया गठबंधन कई मौकों पर एकजुट दिखाई देता है, लेकिन महत्वपूर्ण राजनीतिक क्षणों पर उसके भीतर मतभेद सामने आ जाते हैं.
बीजेपी ने ऐसे समय यह मुद्दा आगे बढ़ाया है जब महिला आरक्षण का विरोध करना विपक्षी दलों के लिए राजनीतिक रूप से कठिन हो सकता है क्योंकि राज्यों के चुनाव नजदीक हैं.
रामकृपाल सिंह का कहना है कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर बीजेपी का रुख़ नया नहीं है. वह कहते हैं कि अतीत में महिला आरक्षण का सवाल उठा था, तब भी बीजेपी उसका समर्थन कर रही थी.
वहीं, अदिति फडनीस का मानना है कि महिला आरक्षण के सवाल पर बीजेपी राजनीतिक रूप से अधिक तैयार दिखाई देती है.
उनके अनुसार, बीजेपी लंबे समय से यह राजनीतिक संदेश देने में सफल रही है कि वह महिला आरक्षण की समर्थक है, जबकि कांग्रेस इस मुद्दे पर उतनी आक्रामक और संगठित रणनीति नहीं बना सकी है.
उनका कहना है कि अगर महिला आरक्षण लागू होता है तो उसके राजनीतिक लाभ को हासिल करने की तैयारी बीजेपी ने अन्य दलों की तुलना में अधिक की है.
शरद गुप्ता के अनुसार, अगर यह विधेयक पारित हो जाता है तो बीजेपी इसे एक बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश करेगी.
वे इसकी तुलना उन मुद्दों से करते हैं जिन्हें कभी असंभव माना जाता था, जैसे अनुच्छेद 370 को हटाना या राम मंदिर का निर्माण. बीजेपी ऐसे मुद्दों को अपनी राजनीतिक उपलब्धि के रूप में प्रचारित करेगी और इसका चुनावी लाभ लेने की कोशिश करेगी.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!