तिब्बत में ग्लेशियर फटने से जिले में बाढ़ आने की आशंका है। इसको लेकर जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया है। जिले से होकर गुजरी गंडक नदी के निचले इलाके में बसे लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। जबकि, नदी के किनारे से जुड़े सभी छह अंचलों कुचायकोट, गोपालगंज सदर, मांझागढ़, बरौली, सिधवलिया और बैकुंठपुर के सीओ को स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम भी खोला गया है। जानकारी के अनुसार गंडक में बुधवार देर रात से गुरुवार सुबह तक करीब साढ़े तीन लाख क्यूसेक पानी आने का पूर्वानुमान है। डीएम समीर सौरभ ने कहा कि जिलेवासियों को संभावित बाढ़ से डरने की जरूरत नहीं है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। जिला प्रशासन आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। राहत और बचाव को लेकर सारी तैयारी पूर्व में ही पूरी कर ली गयी है।
तिब्बत क्षेत्र में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड के कारण गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि की आशंका को देखते हुए गोपालगंज जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक एहतियाती एवं प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं विभागों को अलर्ट मोड में रखा गया है। सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतत निगरानी रखने, गंडक नदी के जलस्तर एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति का नियमित आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर निचले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने को कहा गया है।
गंडक नदी के निकटवर्ती क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से आमजन को जागरूक एवं सतर्क रहने की अपील की जा रही है। लोगों को नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि की स्थिति में अनावश्यक रूप से नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप नहीं जाने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए कहा जा रहा है। संभावित आपात स्थिति को देखते हुए सभी अंचलाधिकारियों को शरण स्थलों का निरीक्षण कर वहां आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियों को मुकम्मल रखने को कहा गया है। स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारी के लिए सिविल सर्जन, गोपालगंज एवं सभी संबंधित एमओआईसी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
जिला प्रशासन ने आमजन से विशेष रूप से अनुरोध किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं को साझा न करें। प्रशासन द्वारा स्थिति की निरंतर समीक्षा की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति अथवा आवश्यक सूचना के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के निम्न दूरभाष नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!