बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल में प्रिया सिंह वत्स को बड़ी जिम्मेदारी दी है। प्रिया को जेजेडी का राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है। तेज प्रताप यादव ने खुद इस नियुक्ति की घोषणा की। पार्टी की युवा महिला चेहरा प्रिया सिंह वत्स इससे पहले मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) की भी प्रवक्ता रह चुकी हैं। उनका संबंध श्री राजपूत करणी सेना से भी है। खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताने वालीं प्रिया सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय हैं। भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में भी उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने की बात कही थी।
जेजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने सोमवार को प्रिया सिंह वत्स को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त करने की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रिया को सांगठनिक अनुभव, वाकपटुता और पार्टी के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए इस पद पर नियुक्त किया गया है। इससे जेजेडी को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
प्रिया सिंह ने पिछले महीने तेज प्रताप यादव की मौजूदगी में जनशक्ति जनता दल का दामन थामा था। उन्होंने कहा था कि राजनीति उनके लिए सिर्फ पद नहीं बल्कि जनता की आवाज बनकर उनके हितों के लिए संघर्ष करने का माध्यम है। बताया जा रहा है कि जेजेडी जॉइन करने के बाद ही तेज प्रताप ने उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता बना दिया था, हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा बाद में की गई।
जेजेडी का दामन थामने से पहले प्रिया सिंह वत्स लंबे समय तक पूर्व मंत्री मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी में रह चुकी हैं। वह वीआईपी की प्रदेश प्रवक्ता रही हैं। पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने वीआईपी के पक्ष में जमकर प्रचार किया था। पार्टी की विचारधारा को मुखर रूप से मीडिया और लोगों के सामने रखा था। चुनावी सभाओं में वह मुकेश सहनी के साथ मंच पर भी नजर आई थीं। हालांकि, उन्होंने मुकेश सहनी की पार्टी को क्यों छोड़ा, इस बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है।
जेजेडी की नवनियुक्त राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रिया सिंह वत्स राजपूत समाज से आती हैं। वह पटना की रहने वाली हैं। वह खुद को सामाजिक कार्यकर्ता और श्री राजपूत करणी सेना की महिला प्रदेश अध्यक्ष भी बताती हैं। राजपूत समाज के कार्यक्रमों में भी वह शिरकत करती रहती हैं। प्रिया के कांग्रेस, जदयू, आरजेडी जैसे दलों के कुछ नेताओं के साथ भी मुलाकातें की तस्वीरें सोशल मीडिया पर हैं।
भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में हुए चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर के खिलाफ प्रिया ने मुखरता से आवाज उठाई। भरत तिवारी के परिजन ने दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दिया था, तब प्रिया सिंह वत्स भी वहां पहुंचीं थीं। वह भरत तिवारी के परिवार को न्याय दिलाने की मांग करती रही हैं। इसके अलावा, पटना के चर्चित बंटी यादव हत्याकांड में भी प्रिया ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कह रही हैं।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!