दिग्गज निवेशक सॉफ्टबैंक समूह ने चश्मा बनाने वाली कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस लिमिटेड में एक बार फिर से अपनी हिस्सेदारी बेची है। सॉफ्टबैंक ने आईवियर रिटेलर लेंसकार्ट में 2873 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी बेचने के सिर्फ दो महीने बाद ही 2888 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं। इस खबर के बीच मंगलवार को लेंसकार्ट के शेयर 656.15 रुपये पर बंद हुए। इंट्रा-डे के दौरान शेयर 670.40 रुपये तक गया। बता दें कि बीते 24 अगस्त को शेयर 673 रुपये तक गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है।
BSE के ब्लॉक डील डेटा के मुताबिक हालिया ट्रांजैक्शन में जापान की सॉफ्टबैंक समूह ने अपनी सहयोगी कंपनी SVF II लाइटबल्ब (केमैन) लिमिटेड के जरिए लेंसकार्ट में कुल 4.5 करोड़ इक्विटी शेयर बेचे। यह हिस्सेदारी कंपनी की कुल इक्विटी का 2.58% है। ब्लॉक डील के डेटा से पता चला है कि शेयर औसतन ₹641.75 प्रति शेयर की कीमत पर बेचे गए, जिससे कुल डील की वैल्यू ₹2,887.87 करोड़ हो गई। इससे पहले, जून महीने में सॉफ्टबैंक ने लेंसकार्ट में 3.25% हिस्सेदारी 2,873 करोड़ रुपये में बेची थी।
सॉफ्टबैंक समूह की हिस्सेदारी खरीदने वालों में नेशनल पेंशन सिस्टम ट्रस्ट और SBI शामिल हैं। इसके अलावा, एडलवाइस, निप्पॉन इंडिया, फ्रैंकलिन टेम्पलटन, एचडीएफसी, HSBC, ICICI प्रूडेंशियल, मोतीलाल ओसवाल और सुंदरम द्वारा मैनेज किए जाने वाले म्यूचुअल फंड शामिल थे। ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस ने भी हिस्सेदारी खरीदी है।
विदेशी निवेशकों में फाइनेंशियल सर्विस कंपनी सोसिएट जेनरल ने 1,07,35,000 शेयर खरीदे, जो कुल हिस्सेदारी का 0.62% है। इसके अलावा, गोल्डमैन सैक्स ने लेंसकार्ट में 84.31 लाख इक्विटी शेयर 541.06 करोड़ रुपये में खरीदे। मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड ने 47.71 लाख शेयर 306.17 करोड़ रुपये में खरीदे जबकि पेंसिल्वेनिया स्थित वैनगार्ड ग्रुप ने 37.28 लाख शेयर 239.2 करोड़ रुपये में खरीदे।
लेंसकार्ट के शेयर खरीदने वाले अन्य विदेशी निवेशकों में घिसालो कैपिटल मैनेजमेंट, मॉर्गन स्टेनली, BNP परिबास फाइनेंशियल मार्केट्स, वासाच ग्लोबल इन्वेस्टर्स और इंटीग्रेटेड कोर स्ट्रैटेजीज एशिया शामिल थे।
जून 2026 के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार सॉफ्टबैंक के पास लेंसकार्ट में 9.86% हिस्सेदारी थी, जो अब नई ब्लॉक डील के बाद घटकर 7.28% हो गई है। वहीं, HSBC म्यूचुअल फंड के पास 1.15% और SBI म्यूचुअल फंड के पास कंपनी में 2.44% हिस्सेदारी थी।
जून तिमाही में लेंसकार्ट का मुनाफा कई गुना होकर 221.84 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी ने 60.08 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 43.3 प्रतिशत बढ़कर 2,714.18 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 1,894.46 करोड़ रुपये थी। जून तिमाही के दौरान 132 नए स्टोर खोले, जिससे उसके सक्रिय स्टोर की कुल संख्या बढ़कर 3,459 हो गई।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!