मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि नेपाल में विकसित हो रही स्थिति को देखते हुए बिहार में संभावित प्रभाव वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए। विशेषकर गंडक नदी से जुड़े पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली सहित अन्य संवेदनशील जिलों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे। उन्होंने कहा कि नेपाल में बाढ़ के कारण आने वाले पानी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा संभावित प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए।
17ः58 PM- Bihar Flood LIVE: बिहार सरकार ने बाढ़ के खतरे को देखते हुए यह स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की घबराहट या पैनिक की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक संसाधनों एवं बचाव दलों को अग्रिम रूप से तैयार किया जा रहा है। आम नागरिकों से अपील है कि घबराएं नहीं, लेकिन संभावित बाढ़ की स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहें। प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं एवं निर्देशों का पालन करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।
17ः56 PM- Bihar Flood LIVE: बाढ़ की संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए NDRF एवं SDRF के अतिरिक्त संसाधनों की मूवमेंट सुनिश्चित की जा रही है। गोपालगंज के लिए एक NDRF टीम भेजने का निर्देश दिया गया है तथा एक NDRF टीम को मुजफ्फरपुर में स्टैंडबाय रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त बेतिया में भी NDRF की टीम की मूवमेंट/तैनाती लगभग दो घंटे के भीतर सुनिश्चित करने की कार्रवाई की जा रही है। SSB DIG द्वारा भी आवश्यकतानुसार QRT एवं अन्य संभावित सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है, जो बेतिया में उपलब्ध रहेगा।
17ः55 PM- Bihar Flood LIVE: बिहार में भीषण बाढ़ के खतरे के मद्देनजर जल संसाधन विभाग द्वारा गंडक बैराज के सभी गेटों तथा उससे जुड़े नहरों में पानी प्रवाहित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपलब्ध जलप्रवाह का सुरक्षित एवं प्रभावी प्रबंधन किया जा सके। संबंधित जल संसाधन पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा तटबंधों सहित जल संसाधन संरचनाओं की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
17ः54 PM- Bihar Flood LIVE: नेपाल में भीषण बाढ़ से गंडक नदी के संभावित बढ़े हुए जलप्रवाह को देखते हुए पश्चिमी चंपारण (बेतिया), पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त सीतामढ़ी, शिवहर एवं अन्य संवेदनशील जिलों में भी स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। सभी जिलाधिकारियों को नदी के जलस्तर, तटबंधों, निचले इलाकों, पुल-पुलियों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा स्थानीय समुदाय को समय पर अलर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
17ः52 PM- Bihar Flood LIVE: बिहार में बाढ़ के आसन्न खतरे के मद्देनजर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जिलों के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस पदाधिकारी/पुलिस अधीक्षक बैठक में शामिल हुए। बैठक में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित जिलों को सतर्क रहने तथा आवश्यक बचाव एवं राहत तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए।
17ः50 PM- Bihar Flood LIVE: नेपाल में भीषण बाढ़ से आई तबाही के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री आवास में आपात बैठक बुलाई। मुख्य सचिव, डीजीपी समेत सभी बड़े अधिकारियों के साथ बैठक में राज्य में बाढ़ को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया। सीएम ने कहा कि समीवर्ती जिलों के साथ सभी संबंधित जिलों में बाढ़ की तबाही से निपटने की पूरी तैयारी की जाए।
17ः48 PM- Bihar Flood LIVE: नेपाल में ग्लेसियल लेक फटने से तबाही आ गई है। हजारों लोगों के बह जाने की आशंका है। अब तक 17 लोगों के मौत की सूचना है। इस वजह से पूरे उत्तर बिहार पर विनाशकारी बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। सरकार ने सभी जिलों के लिए हाई अलर्ट जारी कर जिला प्रशासन को चौकस रहने का निर्देश दिया है। कहा गया है कि बाढ़ की विभिषिका से निपटने की सभी आवश्यक तैयारी करें।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!