इमेज स्रोत, ANI
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना की अवामी लीग पर बांग्लादेश को अस्थिर करने की साज़िश रचने का आरोप लगाया है.
भारत की सीमा से लगे उत्तर-पश्चिमी ज़िले लालमोनिरहाट में गुरुवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम रहमान ने अवामी लीग के समर्थकों पर अशांति फैलाने के लिए आगजनी और हत्याओं का सहारा लेने का आरोप लगाया.
हसीना की पार्टी की ओर से देशभर में एक दिन के बंद के आह्वान के बाद कुछ इलाकों में हिंसा हुई.
बांग्लादेश के अख़बारों के मुताबिक़, गुरुवार को प्रतिबंधित अवामी लीग और उसके सहयोगी संगठनों के नेताओं और बीएनपी के कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसा में कम से कम चार लोगों की मौत हुई है.
स्थानीय मीडिया में ख़बरें हैं कि बांग्लादेश के पूर्व मुख्य अंतरिम सलाहकार मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर को आग लगा दी गई.
बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़, बुधवार को नाराइल में विरोध प्रदर्शन मार्च से लौटते समय हुए हमले में बीएनपी के दो नेताओं की हत्या कर दी गई. पुलिस का कहना है कि हमलावर प्रतिबंधित अवामी लीग के नेता और कार्यकर्ता थे.
न्यू एज अख़बार के अनुसार, गुरुवार तक देश के 18 ज़िलों में हिंसा फ़ैल गई. मंगलवार रात से ही देश के विभिन्न हिस्सों में हुई आगजनी, तोड़फोड़ और कॉकटेल विस्फोटों में बसों, पुलिस स्टेशनों, बीएनपी कार्यकर्ताओं के घरों, पार्टी कार्यालयों और ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर हमले हुए.
बुधवार को गोपालगंज में व्यापक हिंसा देखने को मिली, जहां राजमार्गों पर गाड़ियों में आगजनी की गई और पेड़ काट कर आवागमन को बाधित करने की कोशिश की गई.
ये प्रदर्शन और हिंसा भारत से शेख़ हसीना की संभावित वापसी को लेकर बढ़ते तनाव के बीच हुए.
तोड़फोड़ और अशांति फ़ैलाने के आरोप में अवामी लीग के कई नेताओं के गिरफ़्तार किया गया है, जिनमें पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
बांग्लादेश की सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के अनुसार, तारिक़ रहमान ने कहा, "देश के लोग जबरन ग़ायब किए जाने, हत्याओं, आगजनी, आतंकवाद और लोगों के मतदान का अधिकार छीनने वाली राजनीति की ओर लौटना नहीं चाहते."
"आइए, हम एकजुट हों और आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दें, ताकि वे फिर कभी बांग्लादेश और यहां के लोगों की किस्मत से खिलवाड़ न कर सकें."
उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई, जब आगजनी, देसी बम धमाकों और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद बांग्लादेश के सात जिलों में करीब 3,000 अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया.
इन घटनाओं के कारण देश के कई हिस्सों में परिवहन सेवाएं बाधित हुईं.
प्रधानमंत्री रहमान ने कहा कि अवामी लीग सरकार ने न केवल देश और उसके लोगों के हितों की अनदेखी की, बल्कि सीमा पार बैठे अपने "आकाओं" के हितों की भी सेवा की. सत्ता से बेदखल होने के बाद पार्टी के नेता वहीं भाग गए थे. हालांकि, उन्होंने किसी देश का नाम नहीं लिया.
भारत का नाम लिए बिना रहमान ने कहा, "देश से भागने के बाद भी उन्होंने एक बार फिर आगजनी और लोगों की हत्या की राजनीति शुरू कर दी है. वे पीछे से लोगों पर हमला कर रहे हैं और उनकी हत्या कर रहे हैं."
उन्होंने आगे कहा, "अब बहुत हो चुका. हमें इन आतंकवादियों, आगजनी करने वालों और हत्यारों को स्पष्ट जवाब देना होगा."
79 वर्षीय शेख हसीना 5 अगस्त, 2024 को बांग्लादेश से भागने के बाद से भारत में रह रही हैं. उस समय छात्रों के नेतृत्व में हुए विद्रोह के बाद उनकी सरकार गिर गई थी.
अवामी लीग ने गुरुवार को सुबह से रात तक बंद का आह्वान किया था. यह फैसला सरकार की ओर से हसीना के उस अपील को ख़ारिज किए जाने के बाद लिया गया, जिसमें उन्होंने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की अपनी योजना को आसान बनाने के लिए पासपोर्ट जारी करने की मांग की थी.
यह बंद पिछले साल विशेष न्यायाधिकरण की ओर से सुनाए गए उस फैसले की बरसी के दिन भी हुआ, जिसमें हसीना को मौत की सज़ा सुनाई गई थी. न्यायाधिकरण ने प्रदर्शनकारियों पर उनकी सरकार की कार्रवाई को लेकर मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों के आरोप में उनकी अनुपस्थिति में मुकदमा चलाने के बाद यह फैसला सुनाया था. हसीना ने अपने खिलाफ लगे आरोपों और न्यायाधिकरण की कार्यवाही को खारिज किया है.
इमेज स्रोत, CHOWDHURY HASAN MAHMUD , GOPALGANJ
सुरक्षा बढ़ाए जाने के बावजूद, चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी गई.
अधिकारियों के मुताबिक़, गोपालगंज में प्रदर्शनकारियों ने काशियानी में एक पुलिस थाने, एक सांसद के आवास और उनके रिश्तेदारों और समर्थकों के कई घरों में आग लगा दी.
ढाका में सुबह होने से पहले कई देसी बम धमाके हुए. वहीं, नारायणगंज, मैमनसिंह और राजशाही में अलग-अलग घटनाओं में अज्ञात लोगों ने पांच बसों और एक ट्रक में आग लगा दी.
पुलिस ने बताया कि राजधानी में हिंसा की घटनाओं में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं.
बंद से पहले अलग-अलग घटनाओं में कम से कम चार लोगों की मौत हुई. इनमें बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के दो नेता भी शामिल हैं.
इससे पहले रहमान ने बीएनपी के सांसदों से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लौटने और अवामी लीग के कार्यकर्ताओं का मुकाबला करने के लिए जमीनी स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सड़कों पर सक्रिय रूप से मौजूद रहने को कहा था.
उन्होंने सांसदों से केवल प्रशासन पर निर्भर रहने के बजाय खुद भी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की थी.
इस बीच, बांग्लादेश ने हसीना की स्वेच्छा से लौटने और क़ानूनी कार्यवाही का सामना करने की इच्छा जताने के बावजूद भारत के साथ द्विपक्षीय संधि के तहत उनके प्रत्यर्पण की मांग दोहराई है.
हसीना को सत्ता से हटाए जाने के बाद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा दिया था. प्रधानमंत्री रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी सरकार ने 12 फ़रवरी को हुए चुनावों में सत्ता में आने के बाद इस प्रतिबंध को बरकरार रखा.
इमेज स्रोत, Bangladesh Police
बीबीसी बांग्ला के अनुसार, गोपालगंज में, स्थानीय अवामी लीग कार्यकर्ताओं ने बीएनपी सांसद डॉ. केएम बाबर के स्वामित्व वाले अस्पताल पर हमला किया, उसमें तोड़फोड़ की और आग लगा दी.
इसके अलावा, काशियानी में, अवामी लीग कार्यकर्ताओं ने 'जय बांग्ला' के नारे लगाते हुए बीएनपी पुलिस स्टेशन कार्यालय और ग्रामीण बैंक कार्यालय में तोड़फोड़ की.
यहां एक पुलिस स्टेशन पर जब हमला हुआ तो पुलिस कर्मी थाने को छोड़कर चले गए.
पुलिस ने प्रतिबंधित अवामी लीग और उसके विभिन्न सहयोगी संगठनों के कम से कम 71 नेताओं और कार्यकर्ताओं को ढाका में हिरासत में लिया है.
पुलिस ने ढाका की बैतुल मुकर्रम मस्जिद के पूर्व खतीब मुफ्ती रूहुल अमीन को बशुंधरा आवासीय इलाके से गिरफ्तार किया है.
ढाका हाई कोर्ट ने देश के सभी सार्वजनिक विश्वविद्यालयों की प्रवेश परीक्षाओं को 31 दिसंबर तक स्थगित करने का आदेश दिया है.
ढाका के पल्लबी इलाके में एक यात्री बस में आग लगा दी गई. हालांकि, पुलिस ने बताया कि बस में कोई यात्री नहीं था.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!