इमेज स्रोत, Getty Images
चिप्स, बिस्किट, इंस्टेंट नूडल्स या पैकेट में मिलने वाले दूसरे स्नैक्स खरीदते समय क्या आप उनके पीछे लिखी न्यूट्रिशन संबंधी जानकारी पढ़ते हैं? क्या आपको पता होता है कि आप जो चीज़ खा रहे हैं, उसमें कितनी चीनी, नमक या फैट है?
खाने के पैकेट के पीछे दी गई जानकारी में अक्सर प्रति 100 ग्राम या 100 मिलीलीटर उत्पाद में मौजूद पोषक तत्वों की मात्रा लिखी होती है. लेकिन इन आंकड़ों को समझना और उनके आधार पर यह तय करना कि कोई उत्पाद सेहत के लिए कितना ठीक है, हर उपभोक्ता के लिए आसान नहीं होता.
इसी को ध्यान में रखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार, 26 नवंबर को पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर फ्रंट ऑफ पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग (एफओपीएलएल) लागू करने के संबंध में अहम निर्देश दिए.
अदालत ने भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) से कहा है कि जिन पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में चीनी, नमक या सैचुरेटेड फैट की मात्रा तय सीमा से अधिक हो, उनके पैकेट के सामने अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाए जाएं.
सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने यह फैसला '3S एंड अवर हेल्थ सोसायटी बनाम यूनियन ऑफ इंडिया' मामले में सुनाया.
अदालत ने कहा कि स्वास्थ्य का अधिकार, भोजन का अधिकार और उपभोक्ताओं को सही जानकारी के आधार पर फैसला लेने का अधिकार एक-दूसरे से जुड़े हैं.
इसलिए सरकार की ज़िम्मेदारी है कि वह ऐसे नियम बनाए जिनसे लोगों को खाने की चीज़ों के बारे में ज़रूरी जानकारी मिल सके.
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, पैकेट के सामने लाल रंग के हेक्सागन यानी छह कोनों वाले निशान लगाए जाएंगे.
इन पर संबंधित पोषक तत्व की तस्वीर के साथ 'हाई फैट', 'हाई शुगर' या 'हाई सॉल्ट' लिखा होगा.
अगर किसी उत्पाद में एक से अधिक पोषक तत्व तय सीमा से ज़्यादा हैं, तो उसके पैकेट पर हर पोषक तत्व के लिए अलग चेतावनी लगानी होगी.
अदालत ने यह भी कहा है कि हर चेतावनी वाले निशान का आकार पैकेट के सामने के मुख्य हिस्से का कम-से-कम 4 से 5 फीसदी होना चाहिए.
उसके भीतर लिखे शब्द भी इतने स्पष्ट और बड़े होने चाहिए कि खरीदारी के दौरान उपभोक्ता उन्हें आसानी से पढ़ सके.
इसका मकसद यह है कि लोगों को पैकेट के पीछे लिखी छोटी-छोटी जानकारियों को समझने के लिए मशक्कत न करनी पड़े और उन्हें सामने ही पता चल सके कि किसी उत्पाद में किस पोषक तत्व की मात्रा अधिक है.
इमेज स्रोत, Getty Images
बीबीसी हिन्दी के संपादक आपके लिए लेकर आए हैं स्पेशल स्टोरीज़
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का एक अहम पहलू यह है कि खाद्य उत्पादों में चीनी की मात्रा तय करने के लिए सिर्फ़ एडेड शुगर यानी अलग से मिलाई गई चीनी को नहीं, बल्कि टोटल शुगर यानी कुल चीनी को आधार बनाया जाए.
इसे एक उदाहरण से समझ सकते हैं.
मान लीजिए आपने फ्लेवर्ड योगर्ट खरीदा. इसमें दूध से प्राकृतिक रूप से मौजूद चीनी यानी लैक्टोज़ हो सकता है. इसके अलावा, स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें अलग से चीनी भी मिलाई जा सकती है.
उत्पाद बनाते समय अलग से मिलाई गई चीनी को एडेड शुगर कहते हैं, जबकि प्राकृतिक और मिलाई गई चीनी को मिलाकर टोटल शुगर कहा जाता है.
डॉ. अरुण गुप्ता, बाल रोग विशेषज्ञ और न्यूट्रिशन एडवोकेसी इन पब्लिक इंटरेस्ट (एनएपीआई) के कन्वीनर हैं. वह कहते हैं कि खाद्य उत्पादों में टोटल शुगर को मापना अधिक व्यावहारिक है.
उनके मुताबिक, लैब में किसी उत्पाद की जांच करने पर कुल चीनी की मात्रा का पता लगाया जा सकता है, लेकिन उसमें से कितनी चीनी अलग से मिलाई गई है और कितनी प्राकृतिक रूप से मौजूद है, इसे अलग-अलग पहचानना मुश्किल होता है.
सुप्रीम कोर्ट ने भी अपने फ़ैसले में कहा कि एडेड शुगर को अलग से जांचना और सत्यापित करना मुश्किल है.
इससे कंपनियों के लिए ऐसे तरीकों का इस्तेमाल करने की गुंजाइश रह सकती है जिनसे उत्पाद में चीनी की अधिक मात्रा होने के बावजूद चेतावनी से बचा जा सके.
अदालत ने इसी वजह से टोटल शुगर को आधार बनाने का निर्देश दिया है.
चीनी के अलावा सुप्रीम कोर्ट ने फैट के मामले में भी बदलाव का निर्देश दिया है. अदालत ने कहा है कि चेतावनी तय करने के लिए एडेड फैट की जगह सेचुरेटेड फैट को आधार बनाया जाए.
फैट यानी वसा खाने का एक ज़रूरी पोषक तत्व है, लेकिन इसके अलग-अलग प्रकार होते हैं. सैचुरेटेड फैट उनमें से एक है. यह घी, मक्खन, पाम ऑयल, नारियल तेल और कुछ पशु उत्पादों में पाया जाता है.
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, खाने में सैचुरेटेड फैट की अधिक मात्रा एलडीएल यानी खराब कोलेस्ट्रॉल को बढ़ा सकती है. इससे दिल की बीमारियों का जोखिम बढ़ता है.
डब्ल्यूएचओ की सलाह है कि वयस्कों की रोज़ाना कुल ऊर्जा में सैचुरेटेड फैट की हिस्सेदारी 10 फीसदी से अधिक नहीं होनी चाहिए. डब्ल्यूएचओ यह भी कहता है कि सैचुरेटेड फैट की जगह असंतृप्त वसा यानी अनसैचुरेटेड लेने से स्वास्थ्य को फ़ायदा हो सकता है.
सुप्रीम कोर्ट ने एफ़एसएसएआई को चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट के लिए तय की जाने वाली सीमा यानी थ्रेशहोल्ड पर भी दोबारा विचार करने को कहा है.
अदालत के मुताबिक, यह सीमा न तो इतनी कम होनी चाहिए कि लगभग हर पैकेट पर चेतावनी लग जाए और न इतनी ज्यादा कि जिन उत्पादों पर चेतावनी होनी चाहिए, वे भी इससे बच निकलें.
अगर सीमा बहुत कम रखी जाती है, तो बाज़ार में बड़ी संख्या में उत्पादों पर चेतावनी दिखाई देगी.
ऐसे में धीरे-धीरे लोग इन चेतावनियों को नज़रअंदाज़ करने लग सकते हैं. इसे 'लेबल फैटीग' कहा जाता है.
वहीं, अगर सीमा बहुत अधिक रखी जाती है, तो अधिक चीनी, नमक या सैचुरेटेड फैट वाले कई उत्पादों पर चेतावनी नहीं लगेगी और उपभोक्ता उनसे जुड़े जोखिमों से अनजान रह सकते हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि एफ़एसएसएआई को वैज्ञानिक सबूतों को ध्यान में रखते हुए ये सीमाएं तय करनी होंगी.
डॉ. अरुण गुप्ता कहते हैं कि उनकी संस्था का ये सुझाव है कि टोटल शुगर के लिए कुल ऊर्जा का 10 फीसदी, सेचुरेटेड फैट के लिए कुल ऊर्जा का 10 फीसदी और सोडियम के लिए प्रति किलो कैलोरी एक मिलीग्राम के आधार पर सीमा तय की जा सकती है.
हालांकि, ये उनकी ओर से सुझाए गए मानक हैं. सुप्रीम कोर्ट ने इन आंकड़ों को अंतिम सीमा के तौर पर तय नहीं किया है. अंतिम सीमा एफ़एसएसएआई को वैज्ञानिक आधार पर तय करनी होगी.
हेल्थ एक्सपर्ट्स उद्हारण देते हैं कि सिगरेट के पैकेट पर स्वास्थ्य संबंधी चेतावनियां और तस्वीरें छापी जाती हैं.
इसी तरह खाने के पैकेट पर भी चेतावनी लगाने का उद्देश्य उपभोक्ताओं को किसी उत्पाद से जुड़े स्वास्थ्य जोखिम के बारे में खरीदारी के वक्त जानकारी देना है.
लेकिन क्या ऐसी चेतावनियां वास्तव में लोगों के खरीदारी के फैसले को प्रभावित कर सकती हैं?
प्रोफ़ेसर मोनिका अरोड़ा, पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया (पीएचएफ़आई) में रिसर्च और हेल्थ प्रमोशन की वाइस प्रेसिडेंट हैं. उनके मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश उपभोक्ताओं को सही जानकारी देने की दिशा में अहम कदम हैं.
वह कहती हैं, "फ्रंट ऑफ पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश उपभोक्ताओं को सोच-समझकर और बेहतर खानपान से जुड़े फैसले लेने में सक्षम बनाने की दिशा में एक अहम और स्वागत योग्य कदम हैं."
प्रोफ़ेसर अरोड़ा के मुताबिक, अलग-अलग पोषक तत्वों के लिए अलग चेतावनी और उनके साथ तस्वीर होने से उपभोक्ता को पैकेट पर मौजूद जानकारी एक नज़र में समझने में मदद मिलेगी.
वह कहती हैं कि चिली और मेक्सिको जैसे देशों में किए गए अध्ययनों से पता चलता है कि अनिवार्य फ्रंट ऑफ पैक वॉर्निंग लेबल से अधिक चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट वाले उत्पादों के प्रति उपभोक्ताओं की जागरूकता बढ़ी है और उनकी खरीदारी में कमी देखी गई है.
उन्होंने कहा कि स्कूलों में स्वस्थ भोजन की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करना भी जन-स्तर पर अपनाई जाने वाली महत्वपूर्ण रणनीतियों में शामिल है.
वह कहती हैं, "अंतरराष्ट्रीय अनुभव बताता है कि ऐसे चेतावनी लेबल उपभोक्ताओं की खरीदारी के व्यवहार को प्रभावित कर सकते हैं. साथ ही, खाद्य कंपनियों को अपने उत्पादों की सामग्री में बदलाव करने के लिए भी प्रोत्साहित कर सकते हैं."
हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि सिर्फ़ पैकेट पर चेतावनी लगाने से लोगों की खाने की आदतें बदलने की गारंटी नहीं है. इसके लिए लोगों को इन चेतावनियों का मतलब समझाना और जागरूकता बढ़ाना भी ज़रूरी है.
प्रोफ़ेसर अरोड़ा का कहना है कि सरकार को इन नियमों के साथ जन-जागरूकता अभियान भी चलाने चाहिए, ताकि उपभोक्ता इन निशानों को समझ सकें और सही विकल्प चुन सकें.
इमेज स्रोत, Udit Kulshrestha/Bloomberg via Getty Images
सुप्रीम कोर्ट ने एफ़एसएसएआई को नए नियमों का मसौदा तैयार करने और उसे अंतिम रूप देने के लिए करीब चार महीने की समयसीमा के प्रस्ताव पर काम करने को कहा है.
एफ़एसएसएआई ने अदालत को बताया है कि नए नियमों का मसौदा 60 दिनों के लिए सार्वजनिक टिप्पणियों और सुझावों के लिए जारी किया जाएगा.
इसके बाद मिले सुझावों पर विचार करके नियमों को अंतिम रूप दिया जाएगा.
अंतिम नियम अधिसूचित होने के बाद खाद्य कंपनियों को नई लेबलिंग व्यवस्था अपनाने के लिए 365 दिन का समय दिया जाएगा.
हालांकि, अदालत ने एफ़एसएसएआई को यह भी निर्देश दिया है कि कंपनियां इस समय का दुरुपयोग न करें. मसलन, वे बड़ी मात्रा में बिना चेतावनी वाले पैकेट पहले से छापकर या मौजूदा उत्पादों का उत्पादन बढ़ाकर नए नियमों के लागू होने के बाद भी बिना चेतावनी वाले उत्पाद बाज़ार में उपलब्ध न रखें.
सुप्रीम कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई दस हफ्ते बाद तय की है. तब एफ़एसएसएआई को नए नियमों को लेकर हुई प्रगति की जानकारी अदालत को देनी होगी.
अदालत ने सिर्फ़ खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग बदलने की बात नहीं कही, बल्कि बच्चों में पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर भी ज़ोर दिया है.
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से कहा है कि स्कूलों में सुरक्षित भोजन और संतुलित आहार से जुड़े मौजूदा नियमों को सख्ती से लागू किया जाए.
इसके साथ ही बच्चों को पोषण के बारे में सिर्फ़ किताबों से पढ़ाने के बजाय वर्कशॉप और दूसरी गतिविधियों के ज़रिए व्यावहारिक जानकारी भी दी जाए.
विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, बचपन और किशोरावस्था में विकसित होने वाली खानपान की आदतें अक्सर वयस्क होने के बाद भी बनी रहती हैं.
इसलिए कम उम्र से ही संतुलित और स्वस्थ खानपान के बारे में जागरूकता बढ़ाना महत्वपूर्ण है.
पैकेट के सामने लगने वाली चेतावनी से उपभोक्ताओं को किसी उत्पाद में मौजूद पोषक तत्वों की अधिक मात्रा पहचानने में मदद मिल सकती है.
लेकिन इसका असर कितना होगा, यह इस बात पर भी निर्भर करेगा कि नियम कितनी प्रभावी ढंग से लागू होते हैं और लोग इन चेतावनियों को कितना समझ पाते हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!