खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तिब्बत क्षेत्र में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) के कारण गंडक नदी से जुड़े जिलों में संभावित फ्लैश फ्लड की स्थिति से निपटने के लिए बुधवार को आपदा प्रबंधन विभाग में मुख्य सचिव, प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में बैठक हुई।
SOP के अनुरूप तैयारियां पूरी करने के निर्देश मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी रखने तथा संभावित फ्लैश फ्लड की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत-बचाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने को कहा।
मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों और जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को रातभर स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। तटबंधों की निगरानी के लिए चौकीदारों और होमगार्ड जवानों के माध्यम से लगातार पेट्रोलिंग कराने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही NDRF और SDRF की टीमों को भी अलर्ट मोड में रहने को कहा गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर लोगों को तेजी से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।
पांच हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया बैठक में पश्चिमी चंपारण के जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित फ्लैश फ्लड के मद्देनजर तटबंध के आसपास के इलाकों में माइकिंग कराकर 5,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अब तक जिले में संचालित सात कम्युनिटी किचन के माध्यम से 1,150 से अधिक लोगों को भोजन कराया गया है।
अन्य जिलों के जिलाधिकारियों ने भी अपनी तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में स्थिति सामान्य है, लेकिन जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था कर ली गई है। ये भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ से तबाही: अबतक 95 शव बरामद, 500 लापता; कैलाश यात्रियों पर भी संकट, भारत सरकार ने भेजी मदद
राहत केंद्रों और कम्युनिटी किचन के लिए स्थलों को चिह्नित कर लिया गया है। साथ ही चिकित्सीय दलों को राहत केंद्रों और कम्युनिटी किचन से संबद्ध कर दिया गया है। जिलाधिकारियों ने बताया कि चौकीदारों और होमगार्ड जवानों के माध्यम से तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है।
मुख्य सचिव की अपील- पैनिक न करें, अफवाहों से बचें मुख्य सचिव ने आम लोगों से पैनिक न करने और अफवाहों एवं फेक न्यूज से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। उन्होंने आम लोगों से केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करने तथा किसी भी प्रकार की अपुष्ट सूचना को प्रसारित करने से बचने की अपील की।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!