इमेज स्रोत, ANI
पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले 24 नवंबर 2026 को अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साथ आने का फैसला किया है.
2020 में तीन कृषि क़ानूनों के विरोध में अकाली दल ने बीजेपी से 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था.
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने कहा कि अकाली दल गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री भी बड़े भाई की पार्टी से ही होगा. उन्होंने घोषणा की कि दोनों पार्टियां पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगी.
अमित शाह ने गठबंधन की घोषणा के साथ ही दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है.
वहीं कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया था और सबसे ज़्यादा 7 सीटें जीती थीं.
पंजाब में फ़िलहाल आम आदमी पार्टी सत्ता में है जिसने 2022 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 92 सीटें जीती थीं.
इनके साथ ही अमृतपाल सिंह की पार्टी 'वारिस पंजाब दे' भी चुनाव में होगी और चर्चा है कि वो बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी.
कृषि क़ानून के बाद बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच आई खटास, पंजाब कांग्रेस की लीडरशिप की अपनी आंतरिक चुनौतियों और भगवंत मान को खुद को साबित करने के बीच राज्य का आगामी विधानसभा चुनाव होने जा रहा है.
'वारिस पंजाब दे' के आने के बाद अकाली दल को अपने वोट बैंक का कितना ख़तरा है?
कांग्रेस की लीडरशिप में समस्या उनके लिए कितनी बड़ी चुनौती है और पंजाब में सीएम चेहरा कितना मायने रखता है? शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी की गठबंधन के बाद उनके वोट एक दूसरे को कितने ट्रांसफ़र हो पाएंगे?
पंजाब की सरकार को दिल्ली से कंट्रोल किए जाने के पीछे क्या सच्चाई है? और पंजाब के मतदाता के सामने 2027 में असली विकल्प क्या होंगे?
इन्हीं सवालों के जवाब जानने के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम के डायरेक्टर ऑफ़ जर्नलिज़म मुकेश शर्मा ने बात की इंडियन एक्सप्रेस की असिस्टेंट एडिटर राखी जग्गा, वोट वाइब इंडिया के चुनाव विश्लेषक अमिताभ तिवारी और बीबीसी न्यूज़ पंजाबी के पूर्व संपादक और वरिष्ठ पत्रकार अतुल संगर से.
इमेज स्रोत, ANI
बीबीसी हिन्दी के संपादक आपके लिए लेकर आए हैं स्पेशल स्टोरीज़
सिर्फ 6 साल पहले अकाली दल और बीजेपी अलग हुए थे. इस गठबंधन की शुरुआत 30 साल पहले प्रकाश सिंह बादल के समय हुई थी. पर जब कृषि क़ानून के ख़िलाफ़ पंजाब, हरियाणा सहित देश भर के किसानों का विरोध शुरू हुआ तो अकाली दल और बीजेपी के बीच गठबंधन टूट गया.
इसके बाद 2022 में ऐसा पहली बार था जब दोनों ने विधानसभा चुनाव और 2024 का लोकसभा चुनाव अलग-अलग लड़ने का फ़ैसला किया.
इन छह सालों में क्या हालात बदले कि दोनों दलों को एक साथ आना पड़ा, इस सवाल इंडियन एक्सप्रेस की असिस्टेंट एडिटर राखी जग्गा कहती हैं, "2022 के विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल को सिर्फ तीन सीटें मिली थीं, जबकि बीजेपी के खाते में महज दो सीटें आई थीं."
"कई सीटों पर पार्टी के उम्मीदवारों की ज़मानत तक ज़ब्त हो गई. बीजेपी भी अकेले चुनाव लड़ते हुए कोई ख़ास प्रदर्शन नहीं कर पाई. इन चुनावी नतीजों और लगातार मिल रही असफलताओं के बाद दोनों पार्टियों को धीरे-धीरे यह एहसास हुआ कि अकेले चुनाव लड़कर उनका गुजारा नहीं होने वाला है."
उनके अनुसार, इस गठबंधन की कोशिश 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भी हुई थी, लेकिन उसी दौरान किसान आंदोलन शुरू हो गया. किसान शंभू बॉर्डर पर आकर बैठ गए और इस आंदोलन का विरोध दोनों ही पार्टियों के खिलाफ़ गया.
वो कहती हैं, "ऐसे में दोनों दलों को गठबंधन की कोशिश टालनी पड़ी. इसके अलावा, उस समय सीटों के बंटवारे पर भी सहमति नहीं बन पाई थी. अब गठबंधन के बाद दोनों पार्टी के कार्यकर्ता इस तरह खुश हैं जैसे बिछड़े हुए दो भाई दोबारा मिल रहे हों."
इमेज स्रोत, ANI
अकाली दल को पारंपरिक रूप से ग्रामीण पंजाब और सिख राजनीति में ज्यादा मजबूत माना जाता है.
राखी जग्गा के अनुसार, एक समय ऐसा था जब सिख पंथिक वोटर एकजुट वोट बैंक के रूप में शिरोमणि अकाली दल के साथ खड़े होते थे. अब यह स्थिति नहीं है. यह वोट बैंक अब अलग-अलग समूहों और हिस्सों में बंट गया है.
वहीं अमिताभ तिवारी ने कहा, "वारिस पंजाब दे ने भी कहीं न कहीं शिरोमणि अकाली दल के जनाधार को प्रभावित किया है. 2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल का वोट शेयर पहले करीब 20 फ़ीसदी था, जो घटकर 2024 के लोकसभा चुनाव में 12 से 13 फ़ीसदी के आसपास रह गया."
विश्लेषण के मुताबिक़, इस गिरावट का एक बड़ा हिस्सा 'वारिस पंजाब दे' की तरफ़ गया है.
उनके अनुसार, पंजाब का यह चुनाव चार मुख्य घटकों के बीच लड़ा जा रहा है इसलिए कुछ फ़ीसद वोट भी आख़िर में कई पार्टियों का खेल ख़राब करने के लिए काफ़ी है.
हालांकि अतुल संगर का मानना है कि उनका प्रभाव मुख्य रूप से दो लोकसभा क्षेत्रों तक ही सीमित रहा है. पूरे पंजाब में उनका उतना व्यापक प्रभाव नहीं है, लेकिन जिन इलाकों में उनकी पकड़ है, वहां वे शिरोमणि अकाली दल समेत दूसरी राजनीतिक पार्टियों को कड़ी टक्कर दे सकते हैं.
'वारिस पंजाब दे' ने 2024 लोकसभा चुनाव में 2 सीटें जीती थीं जबकि उस समय यह एक रजिस्टर्ड राजनीतिक पार्टी नहीं थी.
इमेज स्रोत, ANI
पंजाब की लगभग सभी राजनीतिक पार्टियों के बीच नेतृत्व की समस्या बनी हुई है. पार्टी अध्यक्ष के साथ-साथ राज्य के मुख्यमंत्री पद का दावेदार कौन होगा इसमें भी चुनाव से पहले और बाद में अक्सर खींचतान देखने को मिलती है. क्या सीएम चेहरा पंजाब में महत्वपूर्ण है.
इस सवाल पर अमिताभ तिवारी कहते हैं, "आज बीजेपी की स्थिति देखें, तो पार्टी ने पहले अपने प्रदेश अध्यक्ष भी दो-तीन बार बदले. सुनील जाखड़ को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया, जो हिंदू समुदाय से आते हैं. इसके बाद अब पार्टी ने फिर से सिख समुदाय से आने वाले केवल सिंह ढिल्लों को यह ज़िम्मेदारी दी है. हालांकि, उनकी उम्र भी 76 साल से अधिक है और वे अपने राजनीतिक करियर के शिखर को पार कर चुके हैं."
उनके अनुसार, "कांग्रेस पार्टी के सामने 2022 के विधानसभा चुनाव में जो चुनौतियां थीं, वे आज भी बनी हुई हैं. लोकसभा चुनाव में तो पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व स्पष्ट है. लेकिन पंजाब में सिर्फ चन्नी एक प्रमुख चेहरे के रूप में बचे हैं."
"अब पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर खींचतान और गहरी हो गई है. इसकी एक वजह यह भी है कि कोई एक ऐसा नेता नहीं है जिसका पार्टी में बहुत बड़ा कद हो. इस खींचतान में प्रताप सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, राजा वारिंग और परगट सिंह जैसे नेता भी शामिल हैं.
जहां तक 'वारिस पंजाब दे' की बात है उसका नेतृत्व स्पष्ट है, लेकिन उसके नेता जेल में हैं.
अतुल संगर का भी मानना है कि कांग्रेस के लिए नेतृत्व का यह संकट पंजाब में एक बड़ा मुद्दा बन गया है. पिछले पांच से सात वर्षों से यह सवाल राज्य की राजनीति में लगातार बना हुआ है.
आम आदमी पार्टी ने भी 2022 के चुनाव में भगवंत मान को मुख्यमंत्री का चेहरा इसी वजह से बनाया था.
उनके अनुसार, पार्टी के भीतर एक वर्ग का मानना था कि 2017 के चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं करने के कारण उसे नुकसान उठाना पड़ा था.
इसलिए 2022 में पार्टी ने यह रणनीति बदली और भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया.
इमेज स्रोत, ANI
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद कई ऐसे मौके आए जब कहा गया कि इसे दिल्ली से पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के इशारे पर चलाया जा रहा है.
इस पर अतुल संगर ने कहा "अकाली दल के इतिहास पर नज़र डालें, तो उसके नेता रहे प्रकाश सिंह बादल और गुरचरण सिंह टोहरा जैसे नेता काफ़ी कद्दावर माने जाते थे. उनकी राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के साथ सीधे बातचीत होती थी. चाहे लालकृष्ण आडवाणी हों, अटल बिहारी वाजपेयी हों या बाद में नरेंद्र मोदी.
इसलिए 2007 से 2017 के बीच जब पंजाब में गठबंधन की सरकार थी, तब भी यह धारणा नहीं बनी कि सरकार दिल्ली से चलाई जा रही है या दिल्ली से उसके फैसले तय होते हैं."
हालांकि वह मानते हैं कि आम आदमी पार्टी की सरकार में लोगों के बीच एक ऐसी धारणा बन गई कि दिल्ली के नेता ही सरकार के फैसले तय कर रहे हैं और वही बता रहे हैं कि क्या करना है और कैसे करना है. यह धारणा काफ़ी मजबूत हो चुकी थी.
इस छवि को बदलने के लिए भगवंत मान को काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी. अपने कई फैसलों के जरिए उन्हें यह साबित करना पड़ा कि सरकार के फ़ैसले वे खुद ले रहे हैं और ये उनके अपने मंत्रिमंडल के हैं.
इमेज स्रोत, AFP PHOTO/NARINDER NANU
राखी जग्गा के मुताबिक़, अकाली दल और बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती वोट ट्रांसफ़र की है.
वो कहती हैं, "किसान आंदोलन के बाद बीजेपी के प्रति नाराजगी अब भी मौजूद है. इसके अलावा, 'वारिस पंजाब दे' और दूसरे पंथिक समूहों का प्रभाव करीब 20-25 विधानसभा सीटों पर है."
अमिताभ तिवारी ने कहा कि गठबंधन के बाद दोनों दलों के वोट पूरी तरह एक-दूसरे को मिलेंगे, यह तय नहीं है. कांग्रेस के सामने अंदरूनी गुटबाजी और मुख्यमंत्री चेहरे की अस्पष्टता चुनौती है.
वहीं अतुल संगर ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व संकट, अकाली दल की सिख वोटरों में घटती पकड़ और आम आदमी पार्टी के सामने पांच साल के कामकाज का हिसाब देने की चुनौती है. पंजाब में अब भी नशे की समस्या सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!