इमेज स्रोत, Getty Images
सोशल मीडिया पर महिलाओं की निजी सेहत से जुड़ी एक ऐसी सलाह वायरल हो रही है, जिसे कीनिया के स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ख़तरनाक बताया है.
वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि एलर्जी की दवा सेट्रीज़िन की गोली प्राइवेट पार्ट्स में रखने से कसाव आता है और यौन संबंधों के दौरान आनंद बढ़ता है.
लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि इस दवा के ऐसे इस्तेमाल को न तो मंज़ूरी मिली है और न ही इसके सुरक्षित होने की जांच की गई है.
कीनिया की फार्मास्युटिकल सोसाइटी ने महिलाओं को चेतावनी दी है कि वे अपने प्राइवेट पार्ट्स में सेट्रीजिन की गोली न डालें.
सेट्रीज़िन एलर्जी की एक आम दवा है. इसका इस्तेमाल छींक आने, नाक बहने, आंखों में खुजली और त्वचा पर पित्ती निकलने जैसी समस्याओं से राहत पाने के लिए किया जाता है. यह दवा मुंह से खाने के लिए बनाई गई है.
यह विवाद इस सप्ताह की शुरुआत में तब शुरू हुआ, जब टिकटॉक पर सेट्रीज़िन के इस्तेमाल से जुड़े कई पोस्ट वायरल होने लगे.
इन पोस्ट में दावा किया गया कि यह दवा महिलाओं के प्राइवेट पार्ट्स की नमी कम कर सकती है. इससे यौन संबंधों के दौरान कसाव महसूस हो सकता है.
एंटीहिस्टामिन दवाओं के असर से कई बार शरीर में सूखापन हो सकता है. लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि इससे प्राइवेट पार्ट्स की मांसपेशियां मज़बूत नहीं होतीं.
फार्मास्युटिकल सोसाइटी ऑफ़ कीनिया यानी पीएसके ने कहा, "सेट्रीज़िन का मतलब कसाव नहीं होता. इसकी वजह से रगड़, असहजता और नाज़ुक अंदरूनी हिस्सों को चोट लगने का ख़तरा बढ़ सकता है."
पीएसके ने कहा, "मुंह से खाने वाली गोलियों को प्राइवेट पार्ट्स में डालना सुरक्षित नहीं है. सेट्रीज़िन की गोलियां निगलने के लिए बनाई गई हैं. इनमें मौजूद चीज़ों की जांच शरीर के इन नाज़ुक हिस्सों पर इस्तेमाल के लिए नहीं की गई है."
इमेज स्रोत, Getty Images
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
सोशल मीडिया पर यह दावा वायरल होने के बाद इसे लेकर बहस शुरू हो गई.
कुछ सोशल मीडिया यूज़र इस तरीक़े को बढ़ावा दे रहे हैं, जबकि दूसरे लोग सवाल उठा रहे हैं कि ऐसा करना कितना सुरक्षित है.
स्थानीय मीडिया में ऐसी रिपोर्टें भी आई हैं कि सेट्रीज़िन की क़ीमत बढ़ गई है. ख़ासकर राजधानी नैरोबी की कुछ दवा दुकानों पर इसकी मांग बढ़ने की ख़बरें सामने आई हैं.
कीनिया में फार्मासिस्टों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था पीएसके ने गुरुवार को जारी बयान में कहा, "सेट्रीज़िन एलर्जी की दवा है और इसे मुंह से लिया जाता है. इसे किसी दूसरे मक़सद के लिए मंज़ूरी नहीं दी गई है और न ही इसके लिए इसकी जांच हुई है. ख़ासकर प्राइवेट पार्ट्स में इस्तेमाल के लिए तो बिल्कुल भी नहीं."
संस्था ने सलाह दी, "अगर आप पहले ही इसका इस्तेमाल कर चुकी हैं, तो इसे बंद कर दें. अगर आपको दर्द, ख़ून आना, जलन, खुजली, असामान्य स्राव या बुख़ार हो रहा है, तो डॉक्टर से मिलें."
पीएसके ने सोशल मीडिया इन्फ़्लुएंसरों और कंटेंट बनाने वाले लोगों से भी कहा है कि वे स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतें.
संस्था का कहना है कि बिना जांचे-परखे किए गए दावे लोगों की सेहत को ख़तरे में डाल सकते हैं.
फार्मासिस्टों की यह चेतावनी कीनिया के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से इस वायरल ट्रेंड पर चिंता जताए जाने के एक दिन बाद आई.
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ओमा ओलुगा ने कहा कि सोशल मीडिया के कुछ यूज़र विशेषज्ञों की डॉक्टरी सलाह को मज़ाक में लेते दिखाई दे रहे हैं. वे इसके संभावित नतीजों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं.
उन्होंने सुझाव दिया कि अधिकारी दवाओं की बिक्री और ख़रीद पर नज़र रखने के लिए एक व्यवस्था शुरू कर सकते हैं.
इससे ऐसी दवाओं की पहचान करने में मदद मिल सकती है, जिनका ग़लत इस्तेमाल किया जा रहा हो.
हालांकि, ऐसी किसी व्यवस्था को शुरू करने के बारे में अभी कोई औपचारिक फ़ैसला नहीं लिया गया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
पीएसके ने कहा कि उसे सेट्रीज़िन की मांग और क़ीमत बढ़ने की रिपोर्टों की जानकारी है. कुछ दवा दुकानों पर इसकी कमी होने की ख़बरें भी सामने आई हैं.
संस्था ने दवा विक्रेताओं से कहा है कि वे इस वायरल ट्रेंड का फ़ायदा न उठाएं.
उसने चेतावनी दी कि दवा की मांग इसी तरह बढ़ती रही, तो जिन लोगों को वास्तव में एलर्जी के इलाज के लिए सेट्रीज़िन चाहिए, उनके लिए इसे हासिल करना मुश्किल हो सकता है.
पीएसके ने अपने सदस्यों से यह भी कहा कि वे जानबूझकर ऐसी दवाएं न दें, जिनका ग़लत इस्तेमाल किए जाने की आशंका हो.
अगर किसी दवा का ग़लत इस्तेमाल हो चुका है और उससे बुरा असर पड़ा है, तो इसकी जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों को देने के लिए भी कहा गया है.
पीएसके ने अपने बयान के अंत में कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाले बिना जांचे-परखे तरीक़ों को विशेषज्ञों की सलाह से ज़्यादा अहमियत नहीं दी जानी चाहिए.
संस्था ने कहा, "किसी दवा का इस्तेमाल उस मक़सद के लिए करने से पहले फार्मासिस्ट से सलाह लें, जिसके लिए वह दवा बनाई नहीं गई है. डॉक्टरी सलाह के लिए सोशल मीडिया पर भरोसा न करें."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!