इमेज स्रोत, Getty Images
"अल्लाह से डरिए. अगर आप किसी धार्मिक विद्वान का दिया ग़लत फ़तवा मान लेते हैं, तो आप पर कोई गुनाह नहीं होगा. लेकिन अगर आप एआई का दिया फ़तवा मानते हैं, तो ग़लती आपकी होगी और अल्लाह आपसे इसका हिसाब लेंगे."
धार्मिक मामलों में एआई की सलाह और फ़तवों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है.
यह बहस 'क़ाफ़' नाम के एक इस्लामी एआई असिस्टेंट लॉन्च होने के बाद तेज़ हुई है.
इसे मुसलमानों को इस्लाम के बारे में जानने, उस पर सोचने और सवाल पूछने में मदद करने के लिए बनाया गया है.
'क़ाफ़' नाम के एक इस्लामी एआई के लॉन्च वीडियो को अब तक लाखों बार देखा जा चुका है.
अल्लाह की नाराज़गी को लेकर दी गई ऊपर की चेतावनी उन कई प्रतिक्रियाओं में शामिल है, जिन्हें क़ाफ़ के एक्स पेज पर शेयर किया गया है.
वहीं, बहस के दूसरे पक्ष की एक पोस्ट में सिर्फ़ इतना लिखा है, "अगर आप मुसलमान हैं, तो यह ऐप डाउनलोड कर लीजिए."
लेकिन यह विवाद केवल एक ऐप तक सीमित नहीं है.
इसके पीछे बड़ा सवाल यह है कि इंसानी दिमाग़ और बहुत सारी जानकारी रखने वाली मशीन के 'दिमाग़' में क्या अंतर है.
इसके साथ ही तकनीक की दुनिया में सबसे आगे निकलने की वैश्विक होड़ और डिजिटल दौर में सदियों पुराने धार्मिक ज्ञान की भूमिका पर भी बहस हो रही है.
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
क़ाफ़ को बनाने वालों के मुताबिक़, यह "इस्लामी सवालों के जवाब देने के लिए एआई का इस्तेमाल करने वाला माध्यम" है.
इसके लॉन्च वीडियो में संस्थापक अब्दुल लतीफ़ अब्देल फ़तह कहते हैं कि इसके जवाब "आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस तैयार करता है और एआई से ग़लतियां हो सकती हैं."
इसके बावजूद ऐप लॉन्च होने के कुछ दिन बाद उन्हें सफ़ाई देनी पड़ी.
उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है कि क़ाफ़ को फ़तवे देने वाला माध्यम समझने को लेकर बड़ी ग़लतफ़हमी पैदा हो गई है."
"हमारा रुख़ साफ़ है. एआई फ़तवा नहीं दे सकता. फ़तवा किसी योग्य धार्मिक विद्वान से ही लिया जाना चाहिए."
"अगर आप क़ाफ़ से फ़तवे से जुड़े सवाल पूछेंगे, तो स्क्रीन पर आपको सावधान करने वाला संदेश दिखाई देगा."
"मैं ऐप में इस बात को और साफ़ करने पर काम करूंगा और इसके बारे में एक लेख भी लिखूंगा, इंशाअल्लाह, यानी अगर अल्लाह ने चाहा."
अब्दुल लतीफ़ अब्देल फ़तह ने यह भी बताया कि फ़तवे से जुड़ा सवाल पूछे जाने पर क़ाफ़ किस तरह जवाब देता है.
क़ाफ़ अपने जवाब में बताता है कि वह केवल जानकारी खोजने और उस तक पहुंचने में मदद करने वाला माध्यम है.
इमेज स्रोत, Getty Images
क़ाफ़ का समर्थन करने वालों का कहना है कि एआई पहले ही लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा बन चुका है.
उनके मुताबिक़, अब सवाल यह नहीं है कि जानकारी बढ़ाने और उसे लोगों तक आसानी से पहुंचाने के लिए एआई का इस्तेमाल होना चाहिए या नहीं.
असली सवाल यह है कि इसका इस्तेमाल किस तरह किया जाए.
मुसलमान पहले से ऐसे एआई टूल इस्तेमाल कर रहे हैं, जो शायद इस्लामी नियमों और मानकों का पालन न करें.
इसलिए समर्थकों का मानना है कि अपनी कमियों के बावजूद भरोसेमंद धार्मिक स्रोतों पर आधारित ऐप सही दिशा में उठाया गया एक क़दम हैं.
कई धार्मिक विद्वान भी मानते दिखाई देते हैं कि इस्लामी पढ़ाई में एआई का इस्तेमाल अब टाला नहीं जा सकता.
हालांकि, वे यह तय करने की कोशिश कर रहे हैं कि इसका इस्तेमाल कौन और किस तरह कर सकता है.
मिस्र के धार्मिक मामलों के मंत्रालय के पूर्व उपमंत्री और अल-अज़हर यूनिवर्सिटी से जुड़े सलेम अब्देल गलील ने बीबीसी न्यूज़ अरबी से कहा कि एआई टूल का सबसे बेहतर इस्तेमाल वे लोग कर सकते हैं, जिनके पास धार्मिक और क़ानूनी जानकारी हो और जो सही और ग़लत के बीच अंतर कर सकें.
वह कहते हैं कि ये टूल "विशेषज्ञों को अल्लाह की ओर से मिला एक वरदान" और "धार्मिक विद्वानों के लिए बहुत बड़ी मदद" हैं.
उनके मुताबिक़, ये ऐसे विद्यार्थियों के लिए भी फ़ायदेमंद हैं, जिनमें समझ हो और जिनकी धार्मिक जानकारी की नींव मज़बूत हो.
वह कहते हैं, "कोई विशेषज्ञ धार्मिक विद्वान इनसे सबसे ज़्यादा फ़ायदा उठा सकता है, क्योंकि वह इनके ज़रिए पढ़ी और सुनी गई बातों को परख सकता है."
"एक आम व्यक्ति इनसे सामान्य जानकारी हासिल कर सकता है. लेकिन उसे धर्म से जुड़े फ़ैसले लेने, फ़तवे जारी करने या विवादों का फ़ैसला करने के लिए इनका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए."
इमेज स्रोत, Getty Images
काहिरा में 'आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस के दौर में योग्य मुफ़्ती तैयार करना' नाम से एक सम्मेलन हुआ.
इस सम्मेलन में अल-अज़हर के ग्रैंड इमाम अहमद अल-तैयब की ओर से मोहम्मद अल-दुवैनी ने भाषण दिया.
उन्होंने भी कहा कि मशीनें फ़तवा नहीं दे सकतीं.
उनके मुताबिक़, फ़तवा देना इस्लामी क़ानून को समझकर किसी नतीजे तक पहुंचने का काम है. इसके लिए लोगों के स्वभाव और उनके हालात को समझने तथा महसूस करने की क्षमता चाहिए.
हालांकि, उन्होंने एआई के इस्तेमाल को "धार्मिक ज़रूरत" बताया.
उन्होंने कहा, "लोग अपने दौर की उपलब्धियों से कटकर रहें, यह न तो समझदारी है और न ही सही फ़ैसला."
उनके मुताबिक़, इस्लामी दुनिया को ऐसी स्थिति से बाहर निकलना होगा, जहां दूसरे उसके बारे में फ़ैसले लेते हैं.
उसे ख़ुद सक्रिय होकर असरदार भूमिका निभानी होगी, ताकि "हमारी सोच को समुद्रों और महासागरों के पार से नियंत्रित न किया जाए."
इमेज स्रोत, Getty Images
हमद बिन ख़लीफ़ा यूनिवर्सिटी में इस्लामी क़ानून और नैतिकता पर शोध करने वाले केंद्र के प्रोफ़ेसर सामेर रशवानी ने बीबीसी न्यूज़ अरबी को बताया कि जनरेटिव एआई तकनीक सामने आने के साथ ही कई अरब और मुस्लिम देशों ने इसकी अहमियत पहचान ली थी.
इन देशों ने एआई से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए थे.
सामेर रशवानी ख़ुद भी इस्लामी विषयों पर शोध करने वालों के लिए एक एआई टूल तैयार कर रहे हैं.
उनके मुताबिक़, कई वजहों से अरब और मुस्लिम देशों के एआई प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ पाए.
इनमें अमेरिका और चीन के बीच चल रही "एआई की जंग" भी शामिल है.
इस होड़ के कारण आधुनिक तकनीक के निर्यात पर पाबंदियां लगाई गईं. इनमें एआई मॉडल को सिखाने और चलाने के लिए ज़रूरी चिप भी शामिल हैं.
रशवानी कहते हैं कि अमेरिका ने इन पाबंदियों में बदलाव की कई बार घोषणा की, लेकिन इन नीतियों का असर अब भी बना हुआ है.
इसलिए अरब और मुस्लिम देशों ने अपने एआई मॉडल बनाने और उन्हें सिखाने के बजाय बाज़ार में पहले से मौजूद बड़े एआई मॉडल को अपनी ज़रूरत के मुताबिक़ ढालने पर ध्यान दिया.
ये मॉडल अब इस्लाम से जुड़ी बुनियादी बातों को पहले से काफ़ी बेहतर तरीक़े से समझते हैं.
लेकिन इस्लामी पढ़ाई के ख़ास और गहरे विषयों की बात आते ही इनकी समझ अब भी "बहुत कमज़ोर" दिखाई देती है.
सामेर रशवानी कहते हैं, "सबसे बड़ी चुनौती यह है कि बड़े कमर्शियल एआई मॉडल को सिखाने के लिए इंटरनेट से जो सामग्री ली गई, उसमें अरबी भाषा की सामग्री आधा फ़ीसदी से भी कम है."
"दूसरी चुनौती यह है कि इंटरनेट पर उपलब्ध अरबी स्रोत पूरे नहीं हैं."
"इनमें अरब और इस्लामी इतिहास के सभी दौर और ज्ञान की सभी शाखाएं शामिल नहीं हैं."
"इंटरनेट पर ज्ञान की अलग-अलग शाखाओं को जिस तरह जगह मिली है, उसमें भी बहुत बड़ा अंतर है."
रशवानी के मुताबिक़, हाथ से लिखी पुरानी किताबों और दस्तावेज़ों की एक बहुत बड़ी विरासत अब भी डिजिटल रूप में उपलब्ध नहीं है.
इसके साथ ही पिछले दो सौ वर्षों के बहुत से विचारों और ज्ञान को भी अब तक डिजिटल रूप नहीं दिया गया है.
वह कहते हैं, "अगर हमें अरबी भाषा को बेहतर ढंग से समझने वाला एआई मॉडल तैयार करने के शुरुआती दौर तक भी पहुंचना है, तो इस पूरी सामग्री को डिजिटल रूप देना होगा."
"तभी ऐसा मॉडल अरबी भाषा, अरब की विरासत और अरब संस्कृति को अधिक सही तरीक़े से समझ पाएगा."
अरब और मुस्लिम दुनिया के कई विशेषज्ञ एआई मॉडल पर पश्चिमी देशों के दबदबे को लेकर ऐसी ही चिंताएं जताते हैं.
लेकिन अरब और मुस्लिम दुनिया के लिए बनाए गए ख़ास ऐप और एआई मॉडल में बढ़ोतरी के साथ एक और बड़ी चुनौती सामने आ सकती है.
यह चुनौती इस्लाम के भीतर मौजूद अलग-अलग धार्मिक मतों और उन्हें समझने के अलग-अलग तरीक़ों से जुड़ी है.
इससे इस बहस का एक नया पक्ष खुल सकता है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!