इमेज स्रोत, @danielocarmon
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के सीनियर नेता राहुल गांधी विरले ही मोदी सरकार की नीतियों आलोचना के कोई मौक़े छोड़ते हैं.
लेकिन कुछ मौक़ों पर उनकी टिप्पणियां ऐसी भी रही हैं जो मोदी सरकार की विदेश नीति से सहमति के क़रीब होती हैं.
राहुल ने पिछले हफ़्ते यूनिवर्सिटी ऑफ़ शिकागो में एक बातचीत के दौरान रणनीतिक हितों को देखते हुए इसराइल के साथ मज़बूत संबंधों का समर्थन किया था. उन्होंने इसके साथ ही सात अक्तूबर 2023 को इसराइल में आम नागरिकों पर हमास के हमलों और उसके बाद से ग़ज़ा में इसराइल की ओर से जारी युद्ध की निंदा की.
राहुल की इस टिप्पणी को कांग्रेस के पुराने रुख़ में नरमी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. यूक्रेन पर रूस के हमले के मामले में भी राहुल ने मोदी सरकार की नीतियों का समर्थन किया था.
इसराइल पर राहुल गांधी के हालिया बयान की उनके सहयोगी दलों ने भी आलोचना की है.
यूनिवर्सिटी ऑफ़ शिकागो में प्रोफ़ेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत के दौरान इसराइल पर राहुल गांधी ने जो टिप्पणियां कीं, उसे उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर साझा किया.
कांग्रेस नेता ने कहा, "भारत की विदेश नीति इस बात से तय होनी चाहिए कि भारत के लिए क्या अच्छा है. मैं इसराइल के साथ मज़बूत संबंधों का समर्थन करता हूँ. हमारे रणनीतिक हित हैं, जिनमें अपने सशस्त्र बलों के लिए बेहतरीन हथियार ख़रीदना भी शामिल है."
हालांकि, राहुल गांधी ने कहा कि इसका मतलब यह नहीं हो सकता कि "हम ग़ज़ा पर चुप रहें."
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
उन्होंने कहा, "मैं सात अक्तूबर के हमलों और निर्दोष लोगों की हत्या की निंदा करता हूँ. मैं ग़ज़ा में इसराइल की ओर से की गई कार्रवाई की भी निंदा करता हूँ. एक ग़लत काम दूसरे ग़लत काम को सही नहीं ठहरा सकता. भारत डेढ़ अरब लोगों का देश है. इसराइल, अमेरिका, रूस या चीन किसी भी देश को वैश्विक मंच पर अपनी उचित भूमिका निभाने से हमें नहीं रोकना चाहिए. भारत को अपने विश्वास और सिद्धांतों के अनुरूप खड़ा होना चाहिए."
राहुल गांधी की तुलना में प्रियंका और सोनिया गांधी ग़ज़ा में इसराइल की कार्रवाई के ख़िलाफ़ ज़्यादा मुखर रही हैं. दोनों इसे जनसंहार कहती रही हैं.
शनिवार को तीखी प्रतिक्रिया देते हुए केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणियां "फ़लस्तीन के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी के स्पष्ट दोहरे रवैये को उजागर करती हैं."
विजयन की पार्टी सीपीआई(एम) केंद्र में कांग्रेस की क़रीबी सहयोगी है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "साम्राज्यवाद के समर्थन वाला उनका रुख़ नेहरू की विरासत को कमज़ोर करता है. नेहरू की विदेश नीति साम्राज्यवाद के ख़िलाफ़ मज़बूती से खड़ी रही और फ़लस्तीन के संघर्ष के प्रति एकजुटता का समर्थन करती थी."
इसी तरह सीपीआईएम (एल) ने भी इसराइल पर राहुल की टिप्पणी की कड़ी निंदा की.
इमेज स्रोत, Getty Images
कई विशेषज्ञों का मानना है कि राहुल गांधी की टिप्पणी भारत के राजनीतिक अभिजात वर्ग में मौजूद उस आम सहमति को दर्शाती है, जिसमें अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं के बावजूद इस बात को स्वीकार किया जाता है कि इसराइल के साथ संबंध बेहद अहम हैं.
भारत के प्रमुख अंग्रेज़ी अख़बार द हिन्दू के अंतरराष्ट्रीय संपादक स्टैनली जॉनी ने एक्स पर लिखा है, ''रक्षा संबंधों को लेकर राहुल गांधी ने जो कहा, वह वास्तव में सही था. इसराइल भारत का एक अहम रक्षा साझेदार है. दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार भले ही महज़ 3.7 अरब डॉलर का हो, लेकिन रक्षा आपूर्ति के मामले में इसराइल की हिस्सेदारी क़रीब 15 फ़ीसदी है. 2021 से 2025 के बीच वह भारत का तीसरा सबसे बड़ा रक्षा आपूर्तिकर्ता रहा, जबकि रूस की हिस्सेदारी 40 फ़ीसदी और फ़्रांस की 29 फ़ीसदी थी.''
स्टैनली कहते हैं, ''यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद शुरू नहीं हुआ. भारत और इसराइल के बीच पूर्ण राजनयिक संबंध स्थापित करने का फ़ैसला कांग्रेस की पीवी नरसिम्हा राव सरकार ने लिया था. भारत रूस पर अपनी निर्भरता कम करना चाहता है. किसी अहम आपूर्ति के लिए एक ही देश पर अत्यधिक निर्भर रहना उचित नहीं है. इस लिहाज़ से इसराइल भारत की मदद कर रहा है.
आदर्श स्थिति यह होती कि भारत जैसा बड़ा देश और बड़ी अर्थव्यवस्था अपनी ज़रूरतों और विस्तार को पूरा करने के लिए अपना रक्षा औद्योगिक तंत्र विकसित करता. लेकिन भारत अभी इस मुकाम से काफ़ी दूर है. ऐसे में उसे रक्षा उपकरणों के लिए आयात पर निर्भर रहना होगा.''
इसराइल के पूर्व राजदूत डेनिएल कारमोन ने कहा कि सोनिया गांधी और इसराइल के पूर्व राष्ट्रपति शिमोन पेरेज़ के बीच हुई 'ठंडी' मुलाक़ात की तुलना में राहुल गांधी के साथ उनके आवास पर 'विस्तृत बातचीत' हुई थी.
उन्होंने कहा, "हमारी जितनी अधिक मुलाक़ातें हुईं, इसराइल के रुख़ और दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के महत्व को लेकर उनकी समझ उतनी ही स्पष्ट होती गई."
''डेनियल ने एक्स राहुल के साथ एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा है, ''वर्षों के दौरान जो बात धीरे-धीरे पूरी तरह स्पष्ट हो गई थी और सार्वजनिक रूप से भी दिखाई देने लगी थी, उसे अब राहुल गांधी की ओर से 'बाद में समर्थन' मिल गया है.''
शिमोन ने लिखा है, ''यह एक अहम घटनाक्रम है. हालांकि, हमें किसी भी बात को पहले से तय मानकर नहीं चलना चाहिए, लेकिन दोनों देशों के बीच दशकों पुरानी साझेदारी के महत्व को स्वीकार करना ज़रूरी है. मुझे ख़ुशी है कि राहुल गांधी ने भी सार्वजनिक रूप से ऐसा किया. मैंने ख़ुद राहुल गांधी के रुख़ में बदलाव के शुरुआती संकेत देखे थे और फिर उनका सार्वजनिक बयान भी देखा.''
''सोनिया गांधी और शिमोन पेरेज़ के बीच हुई एक ठंडी मुलाक़ात से लेकर राहुल गांधी के आवास पर उनके साथ मेरी निजी और विस्तृत बैठकों तक का सफ़र रहा है. हमारी जितनी अधिक मुलाक़ातें हुईं, इसराइल के रुख़ और द्विपक्षीय संबंधों के महत्व को लेकर उनकी समझ उतनी ही स्पष्ट होती गई.''
जहाँ तक इस रिश्ते को सार्वजनिक रूप से सामने लाने की बात है, जो इसका एक अहम पहलू है, तो पहले स्थिति यह थी कि मुलाक़ात हुई थी, इससे ही इनकार किया जाता था. फिर साथ में तस्वीर खिंचवाने और उसके बारे में ट्वीट करने तक बात पहुंची. ये बदलाव भी अपने आप में बहुत कुछ बयां करते हैं.''
राजनीतिक विश्लेषक सबा नक़वी का मानना है कि राहुल गांधी ने इसराइल पर सोच समझकर बयान दिया है.
नक़वी ने एक्स पर लिखा है, ''मेरा दृढ़ विश्वास है कि इसराइल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणियां सोच-समझकर दी गई थीं. मेरा मानना है कि राहुल गांधी ने इसके ज़रिए तेल अवीव और अमेरिका में उसके समर्थकों को यह संदेश देने की कोशिश की कि उनका साथ देने वाला सिर्फ़ मोदी खेमा ही नहीं है. वह यह संदेश दे रहे हैं कि कांग्रेस इसराइल की दुश्मन नहीं होगी.''
इमेज स्रोत, Getty Images
एक संप्रभु राष्ट्र बनने के समय में भारत और इसराइल के बीच महज नौ महीने का फ़र्क़ है. 15 अगस्त, 1947 को भारत एक स्वतंत्र देश बना तो 14 मई, 1948 को इसराइल.
अरब देशों की कड़ी आपत्ति के बीच इसराइल का जन्म एक स्वतंत्र देश के रूप में हुआ था. इसराइल को दुनिया भर में अपने अस्तित्व की स्वीकार्यता हासिल करने के लिए काफ़ी संघर्ष करना पड़ा है और अब भी यह ख़त्म नहीं हुआ है. 14 मई, 1948 को इसराइल की घोषणा हुई और उसी दिन संयुक्त राष्ट्र संघ ने उसे मान्यता दे दी.
तब भारत इसराइल के गठन के ख़िलाफ़ था. भारत को फ़लस्तीन में इसराइल का बनना रास नहीं आया था और उसने संयुक्त राष्ट्र में इसके ख़िलाफ़ वोट किया था. आख़िरकार भारत ने 17 सितंबर, 1950 को आधिकारिक रूप से इसराइल को एक संप्रभु राष्ट्र के रूप में मान्यता दे दी. इसके बावजूद भारत ने 1992 में इसराइल के साथ राजनयिक संबंध को बहाल किया. नेहरू फ़लस्तीन के बँटवारे के ख़िलाफ़ थे. इसी आधार पर भारत ने 1948 में संयुक्त राष्ट्र में इसराइल के गठन के ख़िलाफ़ वोट किया था.
भारत और नेहरू का रुख़ इस मामले में कोई गोपनीय नहीं था. तब नेहरू को दुनिया के जाने-माने वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टाइन ने चिट्ठी लिख इसराइल के समर्थन में वोट देने की अपील की थी. हालांकि आइंस्टाइन की बात को भी नेहरू ने स्वीकार नहीं किया था.
भारत का लंबे समय से अरब देशों का समर्थन करने का रुख़ आंशिक रूप से उसकी पुरानी विदेश नीति का नतीजा था. इस नीति को भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पिता और देश के दिवंगत प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने आगे बढ़ाया था.
न्यूयॉर्क टाइम्स ने 22 दिसंबर 1974 की एक रिपोर्ट में लिखा है, ''भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने 'सबसे ज़रूरतमंद लोगों को कभी न भूलें' की नीति को आगे बढ़ाया था. भारत में करोड़ों मुसलमानों की आबादी भी इस नीति के पीछे एक अहम वजह है. हालांकि, भारत को निराशा हुई कि 1965 और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्धों में अरब देशों ने पाकिस्तान का साथ दिया. पाकिस्तान एक मुस्लिम देश है.
पूर्व राजनयिक और प्रोफ़ेसर बीपी अडारकर ने 1974 में एक साप्ताहिक प्रकाशन 'सोशलिस्ट सोसाइटी' में लिखा था, "अरब देशों और संयोगवश रूस के रुख़ के अनुरूप चलकर हमने क्या हासिल किया है, यह स्पष्ट नहीं है. इससे निष्पक्षता के प्रति हमारी प्रतिष्ठा में कोई इज़ाफ़ा नहीं हुआ है. न ही इससे हमें कोई ठोस या राजनीतिक लाभ मिला है, चाहे वह अस्थायी हो या स्थायी महत्व का."
इमेज स्रोत, Getty Images
1978 में इसराइल का मिस्र के साथ कैंप डेविड समझौता हुआ. इसके तहत मिस्र ने इसराइल से राजनयिक रिश्ता स्थापित करने का फ़ैसला किया. भारत को कैंप डेविड समझौते से भी इसराइल को लेकर अपनी नीति बदलने में मदद मिली.
24 जनवरी, 1992 को चीन ने इसराइल से राजनयिक रिश्ता कायम कर लिया था.
मॉस्को में तीसरे चरण की मध्य-पूर्व शांति वार्ता शुरू हुई थी, जो 1992 में 28 जनवरी से 29 जनवरी तक चली.
भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में शामिल होने अमेरिका के आधिकारिक दौरे पर 1991 के फ़रवरी महीने में गए थे. इस दौरे को इसराइल से राजनयिक रिश्ता कायम करने की शुरुआत माना जाता है.
23 जनवरी, 1992 को भारत के तत्कालीन विदेश सचिव जेएन दीक्षित ने इसराइल के साथ राजनयिक रिश्ते क़ायम करने की घोषणा की.
जेएन दीक्षित ने अरब देशों की नाराज़गी को लेकर अपनी किताब 'माई साउथ ब्लॉक इयर्स: मेमोरिज ऑफ़ अ फ़ॉरेन सेक्रेटरी' में लिखा है, ''अरब देशों के कुछ राजदूतों ने भारत के इस फ़ैसले को लेकर आपत्ति जताई और कहा कि भारत को इसका ख़मियाज़ा भुगतना पड़ेगा. हमने फ़ैसला किया कि जो आपत्ति जता रहे हैं, उन्हें सीधा जवाब देना है, झुकना नहीं है.''
''मैंने कहा कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय मसलों पर कई इस्लामिक देशों का समर्थन किया लेकिन कश्मीर के मामले में हमे समर्थन नहीं मिला. मैंने ये भी कहा कि भारत अपनी संप्रभुता में किसी किस्म की दख़लअंदाज़ी के सामने नहीं झुकेगा और अपने हितों के लिए काम करना जारी रखेगा. अरब के मीडिया में भारत की आलोचना हुई. कुछ लोगों ने भारत के इस फ़ैसले पर सवाल उठाए. लेकिन इससे भारत और अरब के संबंध प्रभावित नहीं हुए.''
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!