मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को लगातार दूसरे दिन बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और अधिकारियों को राहत बचाव कार्य में तेजी लाने के साथ बाढ़ के प्रकोप के बचाव के लिए उचित प्रबंधन करने का निर्देश लिया है। लालू यादव के बड़े लाल और नीतीश सरकार में दो बार मंत्री रहे तेज प्रताप यादव ने सीएम के एरियल सर्वे पर तंज कसा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को नाव पर बैठकर बाढ़ पीड़ितों को अपने हाथ से राशन बांटने की सलाह दी है।
सोमवार के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री ने बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया। इस पर जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रतप यादव ने तंज कसा है। सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर उन्होंने सीएम के कार्यकलाप पर ताना मारा। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, "सम्राट चौधरी जी, माननीय मुख्यमंत्री जी, आपसे हमको यही कहना है कि आप जिस तरीके से अपना पुष्पक विमान लेकर के आप बाढ़ प्रभावित एरिया में जो आप घूम रहे हैं, उससे ज़्यादा बेहतर अच्छा था कि आप नाव पे बैठ करके अपने हाथ से राशन बाँटते। लेकिन वो तो आप करिएगा नहीं, क्योंकि जिस तरीके से जब से आप मुख्यमंत्री बने हैं, तब से लेकर अभी तक आप जो करनामा दिखाए हैं। पूरे बिहार में, जो जलवा बिखेरने का आप काम किए हैं, उससे कितनी जनता दुखी है और कितनी जनता परेशान है।
तेज प्रताप ने सीएम को सलाह देते हुए कहा है, "ऐसे सिचुएशन में जिस तरीके से बाढ़ प्रभावित इलाकों में जो आप अपना पुष्पक विमान लेकर के जिस तरीके से जो घूम रहे हैं, जैसे पूर्वकाल में रावण जो पुष्पक विमान लेकर के घूमता था उसी प्रकार आप पुष्पक विमान लेकर के घूम रहे हैं। आप जाइए नाव पर बैठिए और गरीब गुरबा से नाव पे बैठिए और हालचाल लीजिए। पुष्पक विमान का सपना त्यागिए, इससे बिहार ऊँचाइयों तक नहीं जाएगा और धरातल में गिरेगा। " तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट में बीजेपी और नीतीश कुमार जिक्र करते हुए जय श्रीराम भी लिखा है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से सटे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो के साथ पोस्ट डालकर कहा है कि बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति तक राहत एवं आवश्यक सहायता पहुँचाना हमारी प्राथमिकता है। प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर राहत, बचाव एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री ने पटना, भागलपुर, कटिहार, नवगछिया, बेगूसराय एवं खगड़िया का हवाई सर्वेक्षण कर वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान माननीय उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी जी मौजूद रहे।
सीएम ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ काजीकोरिया–राघोपुर मार्जिनल बांध समेत अन्य बांधों के कटाव की स्थिति को लेकर समीक्षात्मक बैठक की। बांध की सुरक्षा, कटाव की रोकथाम तथा राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कदम उठाने और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा एवं उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
लगातार दो दिन बाढ़ का हवाई सर्वे करने और सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने के बाद तेज प्रताप यादव सीएम सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए खुद भी सोशल मीडिया पर आ गए।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!