इमेज स्रोत, Getty Images
शादियों का मौसम है और बहुत से परिवार सोना ख़रीद रहे हैं. ख़रीदते वक़्त ज़्यादातर लोग गहने की शुद्धता पर भरोसा, उस पर लगे हॉलमार्क के सहारे करते हैं.
मीडिया में हाल में आई एक ड्राफ़्ट कैग रिपोर्ट के हवाले से कहा गया है कि हॉलमार्किंग की निगरानी में कमी रही है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक़ 2020-21 से 2024-ऑफ़ स्टैंडर्ड्स (बीआईएस) ने 83 प्रतिशत से ज़्यादा पंजीकृत ज्वेलर्स का निर्धारित सालाना निरीक्षण नहीं किया.
निरीक्षण न होने का मतलब यह नहीं कि बाज़ार में बिक रहा हर गहना कम शुद्धता का है. सवाल यह है कि हॉलमार्क लगने के बाद नियमों के पालन पर कितनी नज़र रखी जाती है.
इसी दौरान सोने में रेनियम जैसी भारी धातु मिलाने की भी चर्चा है. आगे हम बताएँगे कि यह धातु क्या है, दावा क्या है और जानकार क्या कहते हैं.
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (डब्ल्यूजीसी) के मुताबिक़, सोना तीन महीनों में 15 प्रतिशत से ज़्यादा सस्ता हुआ है और शादियों का मौसम गहने की माँग को सहारा दे सकता है. ऐसे में ख़रीदारों के लिए यह जानना ज़रूरी है कि शुद्धता कैसे जाँची जाती है.
बीआईएस ने सोशल मीडिया पोस्ट में ख़रीदारों से कहा है कि सोने के आभूषण ख़रीदते समय चमक के साथ शुद्धता की प्रामाणिकता भी सुनिश्चित करें. बीआईएस ने नकली हॉलमार्किंग से बचने के लिए गहने पर अंकित एचयूआईडी को बीआईएस केयर ऐप से सत्यापित करने की सलाह दी है.
बीआईएस ने ख़रीदारों से "सजग रहने", एचयूआईडी सत्यापित करने और बीआईएस ने हॉलमार्क वाले गहने ही ख़रीदने को कहा है.
यह पोस्ट आम सलाह है. इसमें सीएजी रिपोर्ट या रेनियम का कोई ज़िक्र नहीं है.
इमेज स्रोत, Getty Images
हॉलमार्किंग का मतलब है गहने में सोने की मात्रा की जांच करना और उसका आधिकारिक रिकॉर्ड तैयार करना. इसके लिए ज्वेलर बीआईएस में अपना रजिस्ट्रेशन कराता है और गहने को बीआईएस से मान्यता प्राप्त एएचसी में भेजता है. एएचसी यानी असेइंग एंड हॉलमार्किंग सेंटर, जहां सोने की शुद्धता की जांच की जाती है. तय मानक पूरा होने पर केंद्र गहने पर हॉलमार्क लगाता है.
एक जुलाई 2021 से हॉलमार्क पर तीन चीज़ें होती हैं. बीआईएस का लोगो, कैरेट और शुद्धता बताने वाला अंक, जैसे 22के916, और छह अक्षरों व अंकों से बना एचयूआईडी कोड. हर गहने का एचयूआईडी अलग होता है.
22 कैरेट का मतलब है कि गहने में क़रीब 91.6 फ़ीसदी सोना है.
इमेज स्रोत, Getty Images
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
बीते हफ़्ते दैनिक भास्कर की एक पड़ताल में दावा किया गया कि सोने में रेनियम का पाउडर मिलाने पर भी गहना शुद्धता की जाँच में पास हो गया.
ये दावे अधिकारियों ने स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं किए हैं. मीडिया रिपोर्टों में भी साफ़ किया गया है कि यह प्रयोग बड़े पैमाने पर मिलावट का सबूत नहीं है.
रेनियम को लेकर चिंता सिर्फ़ भारत तक सीमित नहीं है. चीन में भी रेनियम मिले सोने की शिकायतें सामने आई हैं. द स्ट्रेट्स टाइम्स के मुताबिक़ वहाँ के सरकारी चैनल सीसीटवी ने 26 अप्रैल को इस पर रिपोर्ट की थी.
रेनियम से पहले भी सोने में दूसरी धातुओं की मिलावट की चिंता रही है. 2005 में लोकसभा में सरकार ने बताया था कि रूथेनियम और इरिडियम जैसी धातुओं की मिलावट पकड़ने के लिए बीआईएस ने मानक में संशोधन किया है.
रेनियम बहुत भारी धातु है, जिसकी चमक चांदी जैसी होती है. यह 3,186 डिग्री सेल्सियस पर पिघलती है. एक ही आकार के टुकड़ों की तुलना करें, तो रेनियम शुद्ध सोने से थोड़ा ज़्यादा भारी होता है.
जेट इंजन के टर्बाइन ब्लेड बनाने वाली सुपरएलॉय में इसका इस्तेमाल होता है. पेट्रोलियम रिफ़ाइनिंग जैसे औद्योगिक कामों में भी यह काम आती है.
इसके मिलावट में इस्तेमाल की चर्चा की वजह इसकी क़ीमत भी बताई जाती है. रेनियम सोने की तुलना में काफ़ी सस्ता बताया जाता है.
इमेज स्रोत, Getty Images
सोना ग्राम के हिसाब से बिकता है. अगर कोई व्यक्ति उसमें सस्ती और भारी धातु मिला दे, तो गहने का वज़न पूरा रहता है और उसे असली सोना कम लगाना पड़ता है. इस तरह कम इस्तेमाल किए गए सोने की क़ीमत उसकी जेब में चली जाती है.
ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फ़ेडरेशन यानी एआईजेजीएफ़ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने बीबीसी हिंदी से कहा कि गहनों में ऐसी धातुएं मिलाने के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं.
उनके मुताबिक़, "पहले इस तरह के पाउडर एक्सआरएफ़ मशीन की जांच में पकड़ में आ जाते थे. इसलिए इसे लेकर कभी इतनी चिंता नहीं हुई."
एक्सआरएफ़ का मतलब है 'एक्स-रे फ़्लोरेसेंस'. इस तकनीक में एक्स-रे की मदद से गहने की सतह पर मौजूद धातुओं और उनकी मात्रा का पता लगाया जाता है.
पंकज अरोड़ा का दावा है कि रेनियम के मामले में परेशानी अलग है. उनके मुताबिक़, सोना क़रीब 1,064 डिग्री सेल्सियस पर पिघल जाता है, जबकि रेनियम को पिघलने के लिए 3,000 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान चाहिए. इसलिए रेनियम सोने में पूरी तरह नहीं घुलता और गहने में किसी एक जगह पर टिका रह सकता है.
वह कहते हैं, "मशीन पूरे गहने को स्कैन नहीं करती. वह केवल उसी जगह की जांच करती है, जहां उसे लगाया जाता है. हॉलमार्क सेंटर में भी कुछ जगहों पर ही जांच होती है."
"अगर जांच वाली जगह पर पाउडर मौजूद नहीं है, तो गहना जांच में पास हो सकता है. मशीन सही हो सकती है, लेकिन यह भी संभव है कि पाउडर उस जगह पर न हो, जहां मशीन जांच कर रही है."
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, तकनीकी तौर पर एक्सआरएफ़ जांच की कुछ सीमाएं भी हैं. इसका नतीजा इस्तेमाल की गई मशीन, उसकी सेटिंग और जांच के समय की स्थितियों पर निर्भर कर सकता है.
उपभोक्ताओं के पुराने गहनों की जांच से जुड़े बीआईएस के 2022 के दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि एक्सआरएफ़ से केवल गहने की सतह पर मौजूद सोने की मात्रा का पता चलता है.
हालांकि, सभी जानकार इस बात से सहमत नहीं हैं कि ऐसी मिलावट जांच से बच सकती है.
ऑल बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश सिंगला ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि इस तरह की मिलावट हॉलमार्किंग और एक्सआरएफ़ जांच में पकड़ी जा सकती है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों से बेवजह डर फैल रहा है.
उनके मुताबिक़, इरिडियम और रूथेनियम को लेकर ऐसी चिंताएं कई दशकों से सामने आती रही हैं.
अभी इसका कोई प्रमाण नहीं है कि इस तरह की मिलावट बड़े पैमाने पर फैल चुकी है. ऑल इंडिया जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल यानी जीजेसी ने बयान जारी कर कहा है कि घबराने की ज़रूरत नहीं है और बीआईएस इस मामले को गंभीरता से देख रहा है.
जीजेसी के अध्यक्ष राजेश रोकड़े ने कहा कि मिलावट का शक होने पर जीजेसी या सीधे बीआईएस से शिकायत की जा सकती है. उन्होंने लोगों को भरोसेमंद ज्वेलर से गहने ख़रीदने और बीआईएस केयर ऐप से हॉलमार्क की जांच करने की सलाह दी है.
जानकारों का कहना है कि शादी जैसी बड़ी ख़रीदारी करते समय हॉलमार्क की जांच ज़रूर करनी चाहिए.
इमेज स्रोत, Getty Images
ऐप पर दिखाई गई जानकारी का गहने से मिलान करें. इसमें ज्वेलर का रजिस्ट्रेशन नंबर, गहने की जांच करने वाला हॉलमार्किंग सेंटर, गहने का प्रकार और सोने की शुद्धता दिखाई देगी. बीआईएस की सलाह है कि गहने का कुल वज़न, हॉलमार्क की तस्वीर और गहने की तस्वीर भी देखें. कोई जानकारी मेल न खाए, तो उसी ऐप से शिकायत करें.
पक्का जीएसटी बिल लें. उस पर कैरेट, वज़न और एचयूआईडी साफ़-साफ़ लिखा होना चाहिए. कच्चा बिल लेने पर आप अपना सबसे अहम सबूत गंवा देते हैं.
भरोसेमंद ज्वेलर से गहना ख़रीदें. पंकज अरोड़ा की सलाह है कि पुश्तैनी या जाने-पहचाने ज्वेलर से ख़रीदारी करें, ताकि बिल खो जाने या कोई विवाद होने पर समस्या का हल निकल सके.
शक होने पर गहने की दोबारा जांच कराएं. बीआईएस से मान्यता प्राप्त हॉलमार्किंग सेंटर में कुछ शुल्क देकर गहने की जांच कराई जा सकती है. वहां से इसकी लिखित रिपोर्ट भी मिलती है.
अपने अधिकार को जानें. बीआईएस के नियमों के मुताबिक़, अगर हॉलमार्क वाला गहना उस पर लिखी शुद्धता से कम का निकलता है, तो ज्वेलर को शुद्धता में कमी की रक़म का दोगुना और जांच का शुल्क ख़रीदार को लौटाना होगा.
पंकज अरोड़ा का कहना है कि बैंक के रास्ते आने वाले सोने में दिक़्क़त नहीं होती. उनके मुताबिक़ देश में 11-12 नामित एजेंसियाँ बैंक के ज़रिए सोना आयात करती हैं और हर बार पर नंबर होता है, जिससे पता रहता है कि किसने निर्यात किया.
उनका दावा है कि समस्या तस्करी से आने वाले सोने के साथ है. उन्होंने कहा, "आयात शुल्क बढ़ने के बाद अवैध सोना आने लगा. उसके पीछे कोई जवाबदेह नहीं होता, उसकी शुद्धता की कोई गारंटी नहीं देता."
यह उनका अपना आकलन है. बीबीसी हिंदी ने इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है.
ज्वेलर्स के लिए उनका सुझाव है कि थोक में सोना ख़रीदते समय उसमें से एक ग्राम का टुकड़ा काटकर हथौड़ी से बहुत पतला पीट लें और फिर मशीन में जाँचें. उनके मुताबिक़ पीटने पर दबी हुई धातु फैल जाती है और मशीन पकड़ सकती है.
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन यानी आईबीजेए ने बीआईएस को एक ज्ञापन दिया है. इसमें बिना पहले बताए निरीक्षण करने और जांच सख़्त करने की मांग की गई है. एसोसिएशन ने क़रीब चार हज़ार ऐसे रिफ़ाइनरों को भी बीआईएस की निगरानी में लाने को कहा है, जो बिना रजिस्ट्रेशन के काम कर रहे हैं.
टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, इसके बाद बीआईएस ने 23 नवंबर को एक बैठक बुलाई है. पंकज अरोड़ा ने भी बीबीसी हिंदी से कहा कि इस बैठक में बीआईएस के वैज्ञानिक जांच करने वाली मशीनों को अपग्रेड करने पर चर्चा करेंगे.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!