बिहार के बक्सर जिले में डुमरांव प्रखंड के एक सरकारी स्कूल की छात्राओं से कथित यौन शोषण और अश्लील वीडियो मामले में एक शिक्षक को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। शिक्षक अरविंद कुमार को ब्रह्मपुर के एक मॉल से पकड़ा गया है। वह दो थानों की पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इस केस में स्कूल के हेडमास्टर इमाम अली को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि एक अन्य टीचर वीरेंद्र प्रसाद अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
नथुनी अहिर के डेरा मध्य विद्यालय के दोनों शिक्षक और हेडमास्टर के खिलाफ कृष्णाब्रह्म थाने में गुरुवार को पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई। शिक्षक अरविंद कुमार और वीरेंद्र प्रसाद पर अपने ही स्कूल की नाबालिग छात्राओं के साथ यौन शोषण और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप है। वहीं, हेडमास्टर इमाम अली पर उनकी करतूत को छिपाने का आरोप लगाया गया।
जानकारी के अनुसार, अश्लील वीडियो वायरल होने के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस दोनों आरोपी शिक्षकों की तलाश में जुट गई। इसके बाद टीचर अरविंद कुमार ने शुक्रवार को खुद पुलिस को फोन कर ब्रह्मपुर के नंदनी मॉल में होने की जानकारी दी। पुलिस टीम मॉल में पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अरविंद कुमार ब्रह्मपुर नगर पंचायत का रहने वाला है। कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने बुधवार आधी रात को उसे पकड़ने के लिए ब्रह्मपुर स्थित घर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि आरोपी उस समय अपने घर पर ही था। पुलिस के आने के बाद परिजन ने बिना कुछ सोचे-समझे चोर-चोर का हल्ला मचा दिया। परिजन ने ब्रह्मपुर थाना पुलिस को भी चोर आने की सूचना दी। इसके बाद वहां से गश्ती दल मौके पर भेजा गया।
इस तरह, शिक्षक के परिजन ने दोनों थानों की पुलिस को आपस में ही उलझाए रखा। इसी बीच मौका पाकर अरविंद कुमार पीछे के दरवाजे से भाग निकला। गुरुवार को पूरे दिन पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी रही। उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। पुलिस की दबिश को बढ़ता देख आरोपी ने शुक्रवार को खुद को ही गिरफ्तार करवा लिया। अब पुलिस दूसरे फरार शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने स्कूली छात्राओं के कथित अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल नहीं करने की सख्त हिदायत दी है। साइबर डीएसपी समीर कुमार ने कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति ने वीडियो को व्हाट्सएप या अन्य माध्यमों पर दूसरे लोगों को शेयर किया गया, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसके लिए एक विशेष साइबर टीम को निगरानी के लिए लगाया गया है। वह टीम वीडियो व्हाट्सएप मैसेज में भेजने वालों को चिह्नित कर रही है।
बता दें कि पिछले दिनों कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नथुनी अहिर डेरा मध्य विद्यालय की छात्रा रही एक नाबालिग लड़की का स्कूल टीचर ने कथित यौन शोषण किया और फिर उसका अश्लील वीडियो भी वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद 29 अगस्त को स्कूल में जमकर हंगामा हुआ था।
ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक अरविंद कुमार को पिटाई कर दी। उसे बचाने आए दूसरे शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद को भी लोगों ने पकड़कर उसका फोन चेक किया। स्थानीय लोगों का दावा है कि वीरेंद्र के फोन से भी कुछ अन्य छात्राओं के अश्लील वीडियो पाए गए। बाद में उसकी भी जोरदार पिटाई की गई। हालांकि, पुलिस को अभी तक वो मोबाइल फोन नहीं मिला है, जिसमें वीडियो होने की बात कही जा रही है।
इस मामले के तूल पकड़ने के बाद बक्सर से पटना तक पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। बुधवार को बिहार पुलिस मुख्यालय से सीआईडी की एक टीम डुमरांव भेजी गई और जांच कर रिपोर्ट तलब की गई है। पीड़ित छात्रा की मां की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। दोनों शिक्षकों को बुधवार को ही निलंबित कर दिया गया।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बक्सर डीएम को दोनों शिक्षकों को बर्खास्त करने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया है। सरकार का है कि आरोपियों को स्पीडी ट्रायल से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
आरोप है कि दोनों शिक्षकों को छात्राओं को ब्लैकमेल कर अश्लील वीडियो बनाते थे और फिर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उनके साथ गलत काम करते थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने डुमरांव के कुछ होटलों की भी जांच की। मगर वायरल वीडियो में जो जगह दिख रही है, वो कहां की है यह अब तक नहीं पता चल पाया है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!