यूपी के हापुड़ स्थित पहासू थाना क्षेत्र के सुरजावली गांव के पास सोमवार रात को सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई और तीसरा घायल हो गया। आरोपी चालक ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर भाग गया, जिसकी पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
रात को गांव लौट रहे थे तीनों छतारी थाना क्षेत्र के बिकूपपुर रामनगर गांव निवासी बिजेंद्र ने बताया कि उनका छोटा भाई गजेंद्र (30) मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। सोमवार को गजेंद्र बाइक से शिकारपुर तहसील में किसी काम से गया था, जिसके साथ उसके दोस्त प्रवीन (29) और सुनील भी गए थे। तहसील में काम के बाद तीनों दोस्त ने भोजन किया और खरीदारी करने के बाद रात को वापस गांव के लिए लौट रहे थे।
राहगीरों ने बुलाई पुलिस, तब पहुंचे अस्पताल जब वह पहासू के सुरजावली गांव के निकट पहुंचे। तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उनको टक्कर मार दी, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी चालक ट्रैक्टर वहीं छोड़कर भाग गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने तीनों घायलों को पहासू सीएचसी पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने प्रवीन को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल गजेंद्र व सुनील को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी।
सुनील खतरे से बाहर इसके बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। देर रात को उपचार के दौरान गजेंद्र ने भी दम तोड़ दिया। फिलहाल सुनील की हालत खतरे से बाहर है। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल से ट्रैक्टर को जब्त कर थाना परिसर पर खड़ा किया। हालांकि मंगलवार शाम तक मामले में किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई।
दो दोस्तों की मौत, बिलख उठे लोग घटना के बाद से गांव बिकूपुर रामनगर में मातम पसरा रहा। मृतक गजेंद्र और प्रवीन के घर पर भीड़ उमड़ी रही और परिजनों को रो-रो कर बुरा हाल है। गजेंद्र के भाई अशोक ने बताया कि दोनों दोस्त कहीं भी जाते तो साथ जाते थे। उनकी दोस्ती के गांव में काफी चर्चित थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम जांच के बाद जब शव गांव में पहुंचे, तो परिजन बिलख उठे।
पिता को तलाश रही दो साल की रियांशी भाई अशोक ने बताया कि गजेंद्र के साथ उसकी पत्नी निशा व दो वर्षीय बेटी रियांशी रहती थी। दो साल की बच्ची को क्या पता कि जो पिता रोजाना उसके लिए खिलौने व खाने-पीने की चीज लाते थे, वह अब कभी नहीं आएंगे। बच्ची घर में जमा भीड़ से परेशान हो रही है और बार-बार भीड़ में अपने पिता को तलाश रही है। वहीं, प्रवीन के घर में उनकी पत्नी अंशु और दो बेटे अभय व जैकी हैं। प्रवीन की मौत के बाद से तीनों लोगों का सहारा छूट गया है।
पुलिस का बयान ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई है। पोस्टमार्टम जांच के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। हालांकि अभी तक मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर ट्रैक्टर चालक पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। - प्रमोद कुमार, सीओ शिकारपुर
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!