मोक्षभूमि गयाजी में पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना को लेकर लगने वाला विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 2026 अब शुरू होने जा रहा है। 25 सितंबर से शुरू होने वाले इस धार्मिक महापर्व में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पिंडदान, तर्पण और श्राद्ध कर्म के लिए गयाजी पहुंचेंगे। बिहार की राजधानी पटना के पुनपुन से पितृकर्म की शुरुआत मानी जाती है, लेकिन गयाजी में पिंडदान का विशेष धार्मिक महत्व है। लोग पितरों को संतुष्ट और प्रसन्न करने के लिए गयाजी जरूर आते हैं। इस बार मेला में परंपरा के साथ आधुनिक तकनीक का भी संगम देखने को मिलेगा। गयाजी आने से पहले जानिए पितृपक्ष से जुड़े हर जरूरी सवाल का जवाब।
सवाल- गयाजी में कुल कितनी पिंड वेदियां हैं और कौन-कौन सी प्रमुख हैं? जवाब- धार्मिक मान्यता के अनुसार गयाजी में करीब 45 प्रमुख पिंड वेदियां हैं। इनमें विष्णुपद मंदिर, फल्गु नदी, अक्षयवट, सीताकुंड, प्रेतशिला, रामशिला, ब्रह्मयोनि और धर्मारण्य प्रमुख हैं। इन वेदियों पर पिंडदान और तर्पण का विशेष महत्व माना जाता है। सवाल- पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं को किन सामग्रियों की जरूरत होती है? जवाब- पिंडदान और तर्पण के लिए कुश, तिल, जल, अक्षत, पुष्प, फल, पिंड बनाने के लिए आटा या चावल, वस्त्र और पूजा सामग्री की जरूरत होती है। गयाजी में गयापाल पंडा के मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। सवाल- प्रेतशिला वेदी पर कौन करते हैं कर्मकांड? जवाब- धार्मिक मान्यता के अनुसार प्रेतशिला वेदी पर अकाल मृत्यु, असमय निधन या विशेष परिस्थितियों में दिवंगत हुए पितरों की शांति के लिए पिंडदान और कर्मकांड किया जाता है। यहां किया गया श्राद्ध पितरों की मुक्ति के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। सवाल- क्या जिनके माता-पिता और सास-ससुर नहीं होते हैं, वही पिंडदान कर सकते हैं? जवाब- गयावाल पंडा (तीर्थ पुरोहित) बबलू मउआर बताते हैं कि ऐसा कोई नियम नहीं है, हालांकि अपने घर की मान्यता हो तो अलग बात है। पिंडदान कोई भी व्यक्ति अपने दिवंगत पितरों की आत्मा की शांति और तृप्ति के लिए कर सकता है। इसके लिए माता-पिता या सास-ससुर का होना या न होना आवश्यक शर्त नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता तो भगवान श्री राम, माता सीता और लक्ष्मणजी गयाजी में पिंडदान करने के लिए नहीं आते। वह सिर्फ अपने पिता राजा दशरथजी का पिंडदान करने आए थे। उस समय तो उनकी तीनों माताएं जीवित थीं। धार्मिक मान्यता के अनुसार श्रद्धा, संकल्प और विधि-विधान के साथ किया गया पिंडदान ही सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। सवाल- क्या जीते जी भी पिंडदान किया जा सकता है? जवाब- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कुछ विशेष परिस्थितियों में व्यक्ति जीवनकाल में भी पिंडदान (जीवित श्राद्ध) कर सकता है। यह कर्म विशेष संकल्प और योग्य पुरोहित के मार्गदर्शन में किया जाता है। सवाल- पितृपक्ष मेला की तैयारी कब से शुरू होती है? जवाब- विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला की तैयारी कई महीने पहले से शुरू हो जाती है। प्रशासन, नगर निगम और विभिन्न विभाग श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पहले से तैयारी शुरू कर देते हैं। सवाल- इस बार पितृपक्ष मेला में क्या अलग है? जवाब- इस बार पितृपक्ष मेला में धार्मिक परंपरा के साथ आधुनिक तकनीक का भी संगम देखने को मिलेगा। पहली बार गयाजी के गांधी मैदान में उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। फल्गु नदी में लेजर शो के माध्यम से गयाजी की धार्मिक और पौराणिक कथाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बच्चों के हाथों में क्यूआर बैंड बांधा जाएगा। भीड़ में बच्चा परिजनों से अलग होने पर मोबाइल के माध्यम से तुरंत सूचना मिल सकेगी। इसके अलावा शहर को धार्मिक इतिहास और संस्कृति से जुड़े चित्रों से सजाया जा रहा है, जिससे श्रद्धालु गयाजी की गौरवशाली विरासत को करीब से जान सकेंगे। (इनपुट- रंजन सिन्हा, गया)
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!