इमेज स्रोत, GM BABU
बांग्लादेश-भारत सीमा पर नो-मैन्स लैंड यानी शून्य रेखा पर एक महिला खुले आसमान के नीचे, सूखी घास-फूस पर एक पतला कंबल लेकर रह रही हैं.
वहीं, सीमा के दोनों ओर बांग्लादेश की सीमा सुरक्षा बल बीजीबी और भारतीय सीमा सुरक्षा बल बीएसएफ़ के जवान सख्त रुख़ अपनाए हुए हैं.
पिछले चार दिनों से यही स्थिति बांग्लादेश-भारत सीमा से सटे जमालपुर ज़िले के देवानगंज उपजिला के पाथरर चर सीमा क्षेत्र में बनी हुई है.
इस घटना ने एक बहस छेड़ दी है. सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में भी कई लोग इस महिला को लेकर पोस्ट कर रहे हैं.
दरअसल, मंगलवार सुबह से ही महिला सीमा की शून्य रेखा पर फंसी हुई है. बांग्लादेश और भारत, दोनों में से कोई भी देश उन्हें अपना नागरिक मानकर अपनाने को तैयार नहीं है.
बीजीबी का कहना है कि भारत की बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्सेस (बीएसएफ़) बीएसएफ़ ने जबरन महिला को बांग्लादेश में प्रवेश कराने की कोशिश की थी.
स्थानीय निवासियों और बांग्लादेश की सीमा सुरक्षा बल ने उनके अवैध रूप से बांग्लादेश में प्रवेश करने के प्रयास को रोक दिया था.
इसके बाद से ही वह दोनों देशों की सीमा के बीच शून्य रेखा पर फंसी हुई हैं. घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी कोई देश उनकी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है.
इस मामले को सुलझाने के लिए दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के बीच अनौपचारिक बातचीत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला. शुक्रवार दोपहर तक दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर अड़े हुए थे.
इस मामले पर ख़बर लिखे जाने तक बीएसएफ़ की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. बीएसएफ़ की प्रतिक्रिया मिलने पर इस ख़बर को अपडेट किया जाएगा.
इमेज स्रोत, SCREEN GRAB
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
ऐसी स्थिति में यह महिला हर रोज़ खुले मैदान में, आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर है.
बांग्लादेश-भारत सीमा पर नो मैन्स लैंड में फंसी इस महिला की पहचान अभी तक सुनिश्चित नहीं हो पाई है.
वह बांग्लादेश की नागरिक हैं या भारत की, इस मुद्दे पर बीजीबी और बीएसएफ़ एक-दूसरे के विपरीत दावे कर रहे हैं.
लेकिन दोनों में से कोई भी पक्ष महिला को अपने क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दे रहा है.
शुक्रवार दोपहर पाथरर चर सीमा के आसपास रहने वाले लोगों से बातचीत में पता चला कि घटना के बाद पिछले कुछ दिनों से स्थानीय लोग महिला तक चावल, बिस्कुट और ब्रेड जैसे खाद्य पदार्थ पहुंचा रहे थे. लेकिन शुक्रवार को यह भी संभव नहीं हो पाया.
चार दिनों से यह महिला धूप और ठंड सहते हुए अमानवीय हालात में रहने को मजबूर है.
दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के जवानों की मौजूदगी में स्थानीय मीडिया के कुछ पत्रकारों ने महिला से बातचीत की थी.
उनमें से एक, जमालपुर के जीएम फातिउल हाफिज बाबू ने बीबीसी बांग्ला को बताया कि महिला अपना निश्चित पता नहीं बता पा रही है.
श्री बाबू ने बताया, "उन्होंने अपना नाम फुजी बेगम, पिता का नाम हनीफ और उम्र लगभग 30 वर्ष बताई है. एक बार उन्होंने कहा कि उनका घर बांग्लादेश के पिरोज़पुर ज़िले में है, फिर झालोकाठी और एक बार बरिशाल बताया."
श्री बाबू ने यह भी दावा किया कि महिला की बातों में असंगतियां हैं.
उन्होंने बीबीसी बांग्ला से कहा, "उन्हें देखकर और उससे बात करके वह असामान्य लगी. वह शून्य रेखा पर अमानवीय हालात में जीवन बिता रही है. उधर जाने पर बीएसएफ़ रोकता है और इधर आने पर बीजीबी रोक देता है."
शुक्रवार दोपहर बीबीसी बांग्ला ने इस इलाक़े के कुछ स्थानीय निवासियों से भी बातचीत की.
उन्होंने बताया कि घटना के शुरुआती कुछ दिनों तक महिला तक कुछ सूखा खाना पहुंचाना संभव था, लेकिन शुक्रवार को यह भी बंद हो गया.
इलाक़े के एक निवासी ने बीबीसी बांग्ला को बताया, "बहुत से लोग सीमा पर उस महिला को देखने आ रहे हैं. पिछले कुछ दिनों में हम थोड़ा क़रीब जाकर उन्हें देख पा रहे थे, लेकिन शुक्रवार उन्हें देखना भी संभव नहीं हुआ और न ही हम उन्हें खाना दे पाए."
स्थानीय मीडिया कर्मी फरहाद रेजा ने दावा किया कि बीजीबी से बातचीत करके स्थानीय लोग पिछले कुछ दिनों से महिला तक सूखा खाना और पानी की बोतलें पहुंचा पा रहे थे, लेकिन शुक्रवार को बीएसएफ़ ने इस पर आपत्ति जताई.
उन्होंने बीबीसी बांग्ला से कहा, "मीडिया कर्मी पिछले कुछ दिनों से रिपोर्टिंग के लिए पास से ही फुटेज ले पा रहे थे, लेकिन शुक्रवार से स्थिति बिल्कुल बिगड़ गई है. उन्होंने हमें पास तक जाने की अनुमति नहीं दी."
जमालपुर 35 बीजीबी के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल हसनुर रहमान ने बीबीसी बांग्ला से कहा, "वह हमें कोई ठोस पता नहीं बता पा रही हैं. वह कुछ अधूरी जानकारी दे रही है. इसके अलावा, उनके साथ सामान्य तरीके से बातचीत करना भी मुश्किल हो रहा है."
इमेज स्रोत, Getty Images
जमालपुर के पाथरर चर सीमा क्षेत्र में शून्य रेखा पर मौजूद महिला बांग्लादेश की नागरिक है या भारत की, यह सवाल अब सबसे अहम हो गया है.
इस मुद्दे पर लेफ्टिनेंट कर्नल हसनुर रहमान ने सीमा पर सख्त रुख़ अपनाने की बात कही है.
उन्होंने कहा, "सीमा पर बीएसएफ़ भी है और बीजीबी भी. वह महिला पहले की तरह ही ज़ीरो लाइन पर बैठी हुई हैं. अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है."
रहमान ने यह भी दावा किया कि बीजीबी के पास इस बात के सबूत हैं कि भारतीय सीमा सुरक्षा बल ने नो-मैन्स लैंड में मौजूद महिला को जबरन बांग्लादेश की ओर धकेलने की कोशिश की थी.
उन्होंने कहा, "वे (बीएसएफ़) कहते हैं कि वह बांग्लादेश की नागरिक हैं, जबकि हम कह रहे हैं कि उन्हें भारत से धकेलकर यहां भेजा गया है. हमारे पास इस बात के सबूत हैं कि उन्होंने उन्हें धकेला था. लेकिन वे इसे स्वीकार नहीं करना चाहते."
रहमान ने बताया कि इस मुद्दे पर पड़ोसी देश की सीमा सुरक्षा बल के साथ बातचीत जारी है.
उन्होंने कहा, "बीजीबी और बीएसएफ़ के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है. हमारे अधिकारियों के स्तर पर भी बातचीत हो रही है."
हालांकि, चार दिनों से अमानवीय हालात में सीमा की ज़ीरो लाइन पर रह रही इस महिला के मामले में दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के बीच फ्लैग मीटिंग होने की कोई संभावना है या नहीं, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है.
इस कारण महिला को सीमा से हटाने का मामला अभी भी अनिश्चित बना हुआ है.
इससे पहले इसी साल जून में भी कुड़िग्राम के रौमारी सीमा क्षेत्र में कथित तौर पर पुश-इन का शिकार हुए एक परिवार के चार लोगों, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे, को 96 घंटे बाद बचाया गया था.
इसके अलावा, जमालपुर के कमालपुर सीमा क्षेत्र से षष्ठी चंद्र बर्मन नाम के एक व्यक्ति और इसी ज़िले के झाओडांगा सीमा क्षेत्र से एक युवक को कथित तौर पर पुश-इन किए जाने की घटनाओं ने भी व्यापक चर्चा को जन्म दिया था.
इमेज स्रोत, Screen Grab
साल 2024 में बांग्लादेश में राजनीतिक सत्ता परिवर्तन के बाद से ही बांग्लादेश और भारत के बीच संबंधों में गिरावट देखने को मिली है.
तब से सीमा क्षेत्रों में होने वाली विभिन्न घटनाओं के कारण समय-समय पर दोनों देशों के बीच तनाव पैदा होता रहा है.
विशेष रूप से, सीमा के रास्ते अवैध घुसपैठ की घटनाओं को लेकर दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बल कई बार आमने-सामने आ चुके हैं.
बांग्लादेश ने कई मौकों पर पड़ोसी देश भारत पर आरोप लगाया है कि वह बांग्लादेशी नागरिक बताकर लोगों को जबरन सीमा पार कराकर बांग्लादेश में प्रवेश करा रहा है.
इस प्रक्रिया को 'पुश-इन' कहा जाता है. हालांकि बीएसएफ़ हमेशा इन आरोपों से इनकार करता रहा है.
इस मुद्दे पर बांग्लादेश की राष्ट्रीय संसद में भी कई बार चर्चा हो चुकी है. सरकार को कई मौकों पर विपक्षी दलों के सवालों का सामना भी करना पड़ा है.
हाल ही में बांग्लादेश की राष्ट्रीय संसद में देश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने बताया कि सरकार के निर्देश पर सीमा सुरक्षा बल द्वारा सख्त रुख़ अपनाए जाने के कारण अंतरिम सरकार के कार्यकाल की तुलना में पड़ोसी देश से होने वाले पुश-इन की घटनाओं में काफ़ी कमी आई है.
उन्होंने कहा कि बीएनपी सरकार के सत्ता में आने से पहले, 1 जनवरी 2025 से 16 फरवरी 2026 के बीच भारत से 2,482 लोगों को पुश-इन किया गया था.
लेकिन इसके बाद से इस साल 8 नवंबर तक पुश-इन किए गए लोगों की संख्या घटकर 37 रह गई है.
उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद बांग्लादेश की पूरी सीमा पर जिस पैमाने पर पुश-इन की कोशिशें की गईं, हमने उनका बेहद धैर्यपूर्वक सामना किया."
इसके अलावा, अहमद ने दावा किया कि बीएनपी सरकार के सत्ता में आने के बाद बांग्लादेश-भारत सीमा पर हत्याओं की संख्या में भी कमी आई है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!