UP News: यूपी के मेरठ से एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। दरअसल, सरधना के कुशावली-ज्वालागढ़ संपर्क मार्ग किनारे गन्ने के खेत में 20 अगस्त को मिले महिला के शव की पहचान भावनपुर की रहने वाली शीबा के रूप में हुआ। ये मर्डर किसी और ने नहीं बल्कि लिव इन पार्टनर ने की थी। पुलिस के मुताबिक शीबा की हत्या उसके प्रेमी सादिक ने अपनी मां, पहली पत्नी और भाइयों के साथ मिलकर की। देहरादून ले जाने के बहाने शीबा को कार में बैठाया और रास्ते में गला दबा दिया। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने उसके चेहरे पर ईंट से कई वार किए और शव खेत में फेंककर फरार हो गए।
शीबा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार मोहम्मदपुर लाला निवासी सादिक ने बेटे की चाह में शीबा को अपने प्रेम जाल में फंसाया था। सादिक को अपनी पत्नी से पांच बेटियां थी। बेटे की चाह पूरी करने के लिए उसने चोरी छिपे शीबा से कोर्ट मैरिज कर ली। एसपी देहात ने बताया कि शीबा की शादी 2019 में कंकरखेड़ा के लाला मोहम्मदपुर के रहने वाले शाहरुख से हुई थी। उसके 5 वर्षीय बेटी नबिया और बेटा मोहम्मद साद हैं। शाहरुख गाजियाबाद की फैक्ट्री में मजदूरी करता है। इस बीच लाला मोहम्मदपुर निवासी सादिक से शीबा की नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों लिव इन में रहने लगे।
सादिक भी पहले से शादीशुदा था और उसकी पांच बेटियां हैं। दोनों ने ही एक-दूसरे से झूठ बोलकर रिश्ते की शुरुआत की थी। शीबा ने बताया था कि उसका पति मर चुका है, जबकि सादिक ने भी अपनी पत्नी को मरा बताया था। वहीं शीबा के भाई ने बताया कि दोनों ने इसी आधार पर कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस संबंध में उन्हें कोई कागज नहीं मिला है।
पुलिस के मुताबिक वारदात वाले दिन सादिक शीबा को कार से जानी क्षेत्र की ओर ले जा रहा था। शीबा ने जुनैद को फोन कर बताया था कि सादिक उसे देहरादून ले जाने की बात कह रहा है। कार में सादिक की मां वसीला, पहली पत्नी आसिया और भाई शादाब भी मौजूद थे। रास्ते में शीबा और आरोपियों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार सादिक ने कार में शीबा का गला दबाकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे पर ईंट से कई वार किए गए और शव को खेत में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार शीबा और सादिक के बीच बच्चों को लेकर विवाद चल रहा था। सादिक शीबा के पहले पति से जन्मे बेटे मोहम्मद साद को अपने पास रखना चाहता था, जबकि शीबा दोनों बच्चे साथ रखना चाहती थी। मृतका के भाई जुनैद के मुताबिक, दो जून को सादिक ने शीबा को तीन तलाक दिया था। इसके बाद वह मायके आ गई। पिता ने पचपेंडा में उसके लिए किराये का मकान लिया था। जुनैद का आरोप है 30 जुलाई को सादिक कुछ लोगों संग वहां पहुंचा और शीबा व उसके बेटे मोहम्मद साद को अपने साथ ले गया, जबकि बेटी नबिया घर पर रह गई।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!