उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। सोमवार रात पूरे पूर्वांचल में बारिश का कहर जारी है। वाराणसी में सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक हुई झमाझम बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। महज 12 घंटे में 119.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश से शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया। सड़कें पानी में डूब गईं और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। पूर्वांचल के आसमान में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से रातभर बारिश का दौर जारी रहा। वहीं बारिश में करंट से तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं दीवार ढहने से पति और पत्नी की भी जान चली गई है।
बीएचयू अस्पताल परिसर, गिरजाघर, नई सड़क, लंका, गोदौलिया समेत कई इलाकों में पानी भर गया। अस्पताल पहुंचने वाले मरीज और तीमारदार भी जलजमाव से परेशान रहे। कई प्रमुख मार्गों पर पानी भरने से वाहनों की रफ्तार धीमी रही। निचले इलाकों में स्थिति ज्यादा खराब रही।
बारिश के बीच बिजली आपूर्ति भी कई इलाकों में प्रभावित रही। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वांचल के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों तक आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। इस दौरान बीच-बीच में बारिश होने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है।
औद्योगिक क्षेत्र चांदपुर में डाकघर के पास मंगलवार को खाली प्लॉट की करीब 12 फुट ऊंची दीवार गिरने से दंपति की मौत हो गई। पति औद्योगिक क्षेत्र में तार बनाने वाली कैपकॉन कंपनी में मशीन ऑपरेटर था। वह पत्नी के साथ दीवार के पास ही तिरपाल लगाकर रहता था। झारंखड के डुमरिया (जिला और थाना गढ़वा) निवासी 62 वर्षीय रवींद्र नाथ मिश्रा चांदपुर में वायर बनाने वाली कंपनी के ऑपरेटर था। वह 55 वर्षीय पत्नी प्रतिमा मिश्रा के साथ चांदपुर में डाकघर के निकट खाली प्लॉट के पास दीवार के निकट तिरपाल लगाकर रहता था। उसका एक बेटा भी चांदपुर में ही रहता है, जो घटनास्थल के निकट ही बाटी चोखा का ठेला लगाता है।
इंस्पेक्टर मुंडवाडीह अजय राज वर्मा ने बताया कि तेज बारिश के कारण दीवार की नींव में पानी घुस गया था। इस दौरान मंगलवार सुबह करीब 6.30 बजे दीवार गिरने से सो रहे रवींद्र नाथ मिश्रा और उसकी पत्नी प्रतिमा मिश्रा दब गए। दोनों की मौत हो गई।
वाराणसी में बारिश के दौरान सीलन के बीच करंट लगने से मंगलवार को पिता पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। लल्लापुरा और चेतगंज के काली महल में घटनाएं हुई हैं। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे थे। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र ने बताया कि थाना क्षेत्र के लल्लापुरा स्थित काजीपुर खुर्द में सोमवार सुबह बारावफात की सजावट के दौरान करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। काजीपुर खुर्द निवासी सलीमुद्दीन उर्फ पप्पू (45) और उनका 17 वर्षीय पुत्र अनस सुबह करीब आठ बजे अपने घर के सामने बारावफात त्योहार की सजावट कर रहे थे। इसी दौरान अनस करंट की चपेट में आ गया। बेटे को बचाने के प्रयास में उसके पिता सलीमुद्दीन भी करंट की चपेट में आ गए।
उधर, चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि थाना क्षेत्र के कालीमहल तिराहे पर वाटर कूलर में उतर रहे करेंट की चपेट में आने से त्रिलोकी मोदनवाल(50) की मौत हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौत हो गई।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!