उत्तर प्रदेश के महोबा में खराब फसलों का अच्छा मुआवजा दिलाने का वादा कर वसूली कर रहे दो सर्वेयरों को पेटीकोट-ब्लाउज और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर जुलूस निकालने का मामला सामने आया है। इस घटना से पहले ग्रामीणों ने पकड़े गए सर्वेयरों से क्षेत्रीय भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत से फोन पर बात कराई। इस बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 25 सेकेंड के इस वीडियो में किसानों से वसूली करने के नाम पर आक्रोशित विधायक राजपूत बोले रहे हैं कि सर्वे के नाम पर पैसे लोगे। प्रधान जी जूता चलाओ, पेटीकोट पहनाओ। किसानों को लूट रहा है। हालांकि ‘ लाइव हिन्दुस्तान’ इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर दोनों सर्वेयरों को हिरासत में ले लिया है। वहीं इस वीडियो के वायरल होने के बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने पोस्ट लिख भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि सब मिले हुए हैं।
तहसील क्षेत्र के नटर्रा गांव में जोरदार बारिश के बाद तबाह हुईं खरीफ की फसलों का बीमा कंपनी के द्वारा सर्वे कराया जा रहा है। गुरुवार शाम सर्वे करने पहुंचे कंपनी के दो कर्मचारियों ने किसानों से अधिक नुकसान की रिपोर्ट लगाने के नाम पर रिश्वत वसूलनी शुरू की। इसपर किसानों का पारा चढ़ गया। उन्होंने दोनों कर्मचारियों को पकड़ लिया और पूरे मामले की जानकारी क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण राजपूत को दी। जिसके बाद विधायक ने चूड़ी और पेटीकोट पहनाने का फरमान जारी कर दिया।
किसानों ने चूड़ी, पेटीकोट और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर दोनों सर्वेयरों का जुलूस निकाला और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। सीओ चरखारी दीपक दुबे ने बताया कि सर्वे करने वाले ओमप्रकाश पटेल और धीरज पटेल निवासीगढ़ सरवई, छतरपुर, मध्य प्रदेश के खिलाफ केस दर्ज कर हिरासत में ले लिया गया है। दोनों से पूछताछ चल रही है। वहीं उपजिलाधिकारी अवनीश कुमार तिवारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।
चरखारी। ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सर्वे के नाम पर उनसे पैसा वसूला गया है। कुछ किसानों ने ऑनलाइन भुगतान किया। किसान रविंद्र कुमार, सुरेश कुमार, इंद्रपाल, बीरपाल राजपूत, लक्ष्मीप्रसाद, संतोष पाल, मनोज, गुमान आदि ने बताया कि सर्वेयर मप्र के छतरपुर के हैं। इन लोगों नौ किसानों से एक हजार से पांच हजार रुपये वसूले। वीरपाल से एक हजार, हेमराज से 1500, इंद्रपाल से 1500, लक्ष्मी से पांच हजार, मनोज से 4500, सुरेश से 1500, आशीष से 2500, संतोष से 2500 और नीरज से 2 हजार रुपये वसूले गए हैं।
किसानों से हो रही वसूली पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर भाजपा पर तंज कसा। यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। हालांकि हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान इस वायरल पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है। इस पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा कि भाजपाइयों का भ्रष्टाचार अब खेत-फसल की बर्बादी तक में ‘आपदा में अवसर’ मतलब कमाई के अवसर ढूंढ़ ले रहा है। जब सर्वेयरों को जनता ने पकड़ लिया तो स्थानीय भाजपा विधायक ने वीडियो कॉल के जरिये सर्वेयरों को झूठमूठ की दिखावटी फटकार लगाई। सब मिले हुए हैं।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!