हाल ही में कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि नमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ को भारत की ओर से ऑस्कर के लिए भेजा गया है। बता दें कि भारत की ओर से मराठी फिल्म 'गोंधल' को पहले ही ऑस्कर की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना जा चुका है।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री 'गोंधल' है तो फिर 'रामायण' ऑस्कर में कैसे मुकाबला करेगी? साथ ही सवाल यह भी है कि क्या एक देश से सिर्फ एक ही फिल्म ऑस्कर में जा सकती है? अगर ऐसा है, तो 'रामायण' की दावेदारी कैसे संभव है? इन सभी सवालों के जवाब मिलेंगे इस खबर में।
क्या ‘रामायण’ को ऑस्कर के लिए आधिकारिक तौर पर चुना गया?
इन दावों की सच्चाई जानने के लिए अमर उजाला ने फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) जूरी के दो सदस्यों विजय पाटकर और तनिष्ठा चटर्जी से बात की। जहां विजय पाटकर के मुताबिक, फिल्म का आवेदन FFI के पास नहीं आया था। वहीं, तनिष्ठा चटर्जी ने भी कहा कि उनकी जानकारी में भारत की आधिकारिक एंट्री 'गोंधल' है। अब बता दें कि FFI हर साल एक जूरी गठित करता है। यह जूरी देशभर से आई फिल्मों को देखने के बाद एक फिल्म चुनती है। यही फिल्म इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत की आधिकारिक एंट्री कहलाती है। इस साल 33 फिल्मों में से मराठी फिल्म 'गोंधल' को चुना गया है। यानी इस कैटेगरी में भारत की ओर से आधिकारिक तौर पर 'गोंधल' का प्रतिनिधित्व होगा। ऐसे में यह तो साफ है कि 'रामायण' ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री नहीं है।
'रामायण' भारत की आधिकारिक एंट्री नहीं - FFI जूरी विजय पाटकर
FFI जूरी के सदस्य विजय पाटकर ने अमर उजाला को बताया कि 'रामायण' का आवेदन उनके पास नहीं आया था। उन्होंने कहा, 'हमारे फेडरेशन की तरफ से फिल्में भेजने की आखिरी तारीख 30 सितंबर थी। हमने अपनी तरफ से 'गोंधल' भेज दी है। ऐसा नहीं है कि कोई भी कभी भी आए और फॉर्म भरकर फिल्म भेज दे।'
पाटकर के मुताबिक, फिल्म की रिलीज और आवेदन से जुड़े नियमों का पालन करना जरूरी है। उन्होंने कहा, ‘रामायण' इस तरह ऑस्कर की रेस में शामिल हुई है, यह थोड़ा हैरान करने वाला है क्योंकि आखिरी तारीख 30 सितंबर थी। 'रामायण' को लेकर हमारी तरफ से फिलहाल कुछ नहीं है। हमारे पास उसकी एंट्री नहीं आई थी। हां, अगर आप अपनी तरफ से बाहर से आवेदन करते हैं, तो वह अलग प्रक्रिया है।'
'रामायण' को लेकर जूरी में कोई चर्चा नहीं हुई: FFI जूरी तनिष्ठा चटर्जी
वहीं FFI जूरी की सदस्य और अभिनेत्री तनिष्ठा चटर्जी ने भी 'रामायण' को भारत की आधिकारिक एंट्री नहीं बताया। उन्होंने कहा, 'जहां तक मेरी जानकारी है, 'रामायण' भारत की आधिकारिक एंट्री नहीं है। मराठी फिल्म 'गोंधल' भारत की आधिकारिक एंट्री है। 'अंग' ने टोरंटो में प्लेटफॉर्म अवॉर्ड जीता था और वह भी ऑस्कर की दौड़ में है। मेरी जानकारी में यही दो फिल्में ऑस्कर की दौड़ में हैं।' वहीं जब उनसे पूछा गया कि क्या FFI की जूरी में 'रामायण' को लेकर कोई चर्चा हुई थी तो उन्होंने कहा, 'नहीं, मुझे इसकी जानकारी नहीं है।'
'अंग' को कैसे मिला ऑस्कर में आवेदन का दूसरा रास्ता?
वहीं नागा भाषा की फिल्म ‘अंग’ को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) में प्लेटफॉर्म अवॉर्ड मिला था। 99वें ऑस्कर के लिए अकादमी ने इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में आवेदन का एक नया रास्ता भी शुरू किया है। इसके तहत छह तय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में विशेष पुरस्कार जीतने वाली गैर-अंग्रेजी भाषा की फिल्में इस कैटेगरी में विचार के लिए योग्य हो सकती हैं। इन समारोहों में बर्लिन, कान, वेनिस, टोरंटो, सनडांस और बुसान शामिल हैं। इस नियम के तहत 'अंग' को टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में प्लेटफॉर्म अवॉर्ड जीतने का फायदा मिला है। इससे फिल्म को भारत की आधिकारिक एंट्री बने बिना भी इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में आवेदन करने का रास्ता मिला है। हालांकि, पुरस्कार जीतने से फिल्म सीधे ऑस्कर के लिए नामांकित नहीं हो जाती। उसे अकादमी की बाकी शर्तें भी पूरी करनी होती हैं और चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है।
क्या 'रामायण' को दूसरी कैटेगरी में ऑस्कर नॉमिनेशन मिल सकता है?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'रामायण' के निर्माताओं ने 99वें अकेडमी अवॉर्ड्स में विचार के लिए फिल्म भेजी है। हालांकि, निर्माताओं की ओर से आवेदन की कैटेगरी और प्रक्रिया की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
हालांकि, भारत की आधिकारिक एंट्री न होने का मतलब यह नहीं है कि 'रामायण' ऑस्कर में दावेदारी पेश नहीं कर सकती। ऑस्कर में सिर्फ इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी नहीं होती। बेस्ट पिक्चर, विजुअल इफेक्ट्स, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग, साउंड और संगीत जैसी कई कैटेगरी हैं। इनके लिए फिल्म के निर्माता अकादमी की तय शर्तें पूरी करके स्वतंत्र रूप से आवेदन कर सकते हैं। इसका मतलब है कि भारत की आधिकारिक एंट्री न होने के बावजूद किसी फिल्म के लिए दूसरी कैटेगरी में दावेदारी का रास्ता खुला रहता है। लिहाजा 'गोंधल' और 'रामायण' का मामला एक-दूसरे से अलग है। 'गोंधल' इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत की आधिकारिक एंट्री है, जबकि 'रामायण' की संभावित दावेदारी दूसरी कैटेगरी के रास्ते हो सकती है।
ऑस्कर के लिए 'रामायण' को किन नियमों और योग्यताओं को पूरा करना होगा?
कब घोषित होंगे 99वें ऑस्कर के नतीजे? 15 दिसंबर 2026: शॉर्टलिस्ट की घोषणा 21 जनवरी 2027: अंतिम नामांकन का एलान 14 मार्च 2027: ऑस्कर समारोह
फिलहाल कितनी साफ है तस्वीर?
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!