चंडीगढ़ के सेक्टर 43 बस स्टैंड के पास से संदिग्ध IED और अन्य सामान बरामद किया गया है. इस मामले में पुलिस स्टेशन 36, चंडीगढ़ में FIR दर्ज की गई है और जांच जारी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चंडीगढ़ में आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की संभावित योजना थी. गिरफ्तार किए गए संदिग्ध पंजाब के तरनतारन के रहने वाले हैं.
चंडीगढ़ पुलिस ने कहा कि घबराने या डरने की जरूरत नहीं है. लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है और सभी जरूरी सुरक्षा और रोकथाम के उपाय किए जा रहे हैं. लोगों से शांत रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई है. पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान सत्यापन के बाद उचित समय पर आगे की जानकारी साझा की जाएगी.
22 अगस्त 2026 को चंडीगढ़ पुलिस ने चंडीगढ़ में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े संदिग्ध लोगों की गतिविधियों को लेकर मिली विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस स्टेशन 36 में Explosive Substances Act की धारा 4(b) और 5 के तहत FIR दर्ज की.
खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया. इनमें पंजाब के तरनतारन जिले के गांव सरहाली निवासी 19 वर्षीय लवप्रीत सिंह, तरनतारन जिले के गांव देवबाथ निवासी 21 वर्षीय जसनप्रीत सिंह उर्फ जसनदीप और अमृतसर जिले के गांव तरसिक्का निवासी 19 वर्षीय प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ शामिल हैं. कार्रवाई के दौरान करीब 5 किलो जिलेटिन स्टिक विस्फोटक, एक डेटोनेटर, पावर सोर्स और रिमोट से संचालित सिस्टम, एक पिस्टल, एक मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों के संपर्क में BKI से जुड़े विदेश में रहने वाले हैंडलर सतनाम उर्फ सत्ता नौशेरा आए थे. आरोपियों ने कथित तौर पर उसके निर्देश पर काम किया और चंडीगढ़ में दहशत फैलाने के इरादे से IED लगाने की योजना बनाई थी.
बरामद विस्फोटक, ट्रिगर करने वाले उपकरण और हथियारों को कानून के तहत कब्जे में लिया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है. इसका उद्देश्य पूरे नेटवर्क, विस्फोटक सामग्री के स्रोत और अन्य सहयोगियों की भूमिका का पता लगाना है.
अवैध तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़
पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच काउंटर इंटेलिजेंस (CI) अमृतसर ने हथियारों की अवैध तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. पंजाब के DGP गौरव यादव ने रविवार को बताया कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 10 पिस्टल, मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.
विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन के गांव हवेलियां निवासी गुरप्रीत सिंह पुत्र इकबाल सिंह और गुरप्रीत सिंह पुत्र गुलजार सिंह के रूप में हुई है. बरामद हथियारों में नौ 9MM पिस्टल और एक .30 बोर पिस्टल शामिल है. पुलिस ने हथियारों की सप्लाई के लिए इस्तेमाल की जा रही ग्रे रंग की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (PB-38-C-1658) भी जब्त की है. DGP गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे और सीमा पार से अवैध हथियारों की खेप लेकर पंजाब में आगे दूसरे लोगों तक पहुंचाते थे.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!