अगर आप बीमा योजना लेने की सोच रहे हैं तो ये खबर आपके काम की है। दरअसल, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने अपनी 70वीं वर्षगांठ के मौके पर दो नई बीमा योजनाएं लॉन्च की हैं। इनमें LIC बीमा प्लेटिनम (Plan 770) और LIC जीवन रक्षा (Plan 894) शामिल हैं। आइए जानते हैं इन दोनों बीमा योजनाओं की खासियत।
यह एक नॉन-लिंक्ड इंडिविजुअल प्लान है। इसमें पॉलिसीधारक को बचत के साथ गारंटीड एडिशन का लाभ मिलता है। यह लिमिटेड प्रीमियम प्लान, प्रीमियम-पेइंग टर्म के दौरान हर साल चुकाए गए ₹1000 के प्रीमियम पर ₹70 का गारंटीड एडिशन देता है। इस प्लान की एक विशेषता बूस्टर इनकम बेनिफिट है। इसके तहत, अगर पॉलिसीधारक निर्धारित अवधि तक जीवित रहता है तो उसे बेसिक सम एश्योर्ड का 70 फीसदी बूस्टर इनकम बेनिफिट मिल सकता है। इसके अलावा पेआउट अवधि के दौरान हर साल बेसिक सम एश्योर्ड का 10 फीसदी नियमित आय लाभ भी दिया जाएगा।
इस योजना में न्यूनतम बेसिक सम एश्योर्ड ₹3 लाख है। अधिकतम सीमा तय नहीं है। हालांकि, ज्यादा से ज्यादा बेसिक सम एश्योर्ड LIC की बोर्ड से मंजूर अंडरराइटिंग पॉलिसी के तहत मंजूरी के फैसले पर निर्भर करेगा। प्लान में बेसिक सम एश्योर्ड ₹10,000 के मल्टीपल में उपलब्ध होगा। प्रीमियम भरने की अवधि के विकल्प 7, 10, 12, 15 और 18 साल हैं।
यह एक नॉन-लिंक्ड प्योर रिस्क प्लान है। इसका मुख्य उद्देश्य पॉलिसी अवधि के दौरान बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके परिवार को आर्थिक सुरक्षा देना है। इस योजना में मिलने वाला डेथ बेनिफिट पहले से तय और गारंटीड होगा। इस पॉलिसी में बोनस या सरप्लस में हिस्सेदारी जैसे कोई भी अतिरिक्त लाभ नहीं मिलते हैं। LIC की जीवन रक्षा योजना की मुख्य विशेषताओं की बात करें तो इसमें शामिल होने के लिए न्यूनतम और अधिकतम उम्र क्रमशः 18 साल और 45 साल है।
मैच्योरिटी के समय न्यूनतम और अधिकतम उम्र क्रमशः 33 साल और 60 साल है। न्यूनतम बेसिक सम एश्योर्ड (बीमित राशि) 5 लाख रुपये है जबकि अधिकतम 24 लाख रुपये है। प्रीमियम भुगतान के लिए सिंगल, रेगुलर और लिमिटेड प्रीमियम के विकल्प दिए गए हैं। महिलाओं के लिए विशेष दरें भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा ज्यादा बीमा राशि लेने पर हाई सम एश्योर्ड रिबेट और अतिरिक्त सुरक्षा के लिए राइडर का विकल्प भी दिया गया है।
देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी एलआईसी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक आर. दुरईस्वामी ने कहा कि ग्राहकों के पास आज पहले की तुलना में अधिक विकल्प हैं और टेक्नोलॉजी ने उनकी अपेक्षाओं को बदल दिया हैं। खासकर युवा ग्राहक बीमा के सरल, व्यक्तिगत और तत्काल उपलब्ध होने की उम्मीद करते हैं। दुरईस्वामी ने कहा कि एलआईसी अपना उत्पाद पोर्टफोलियो बढ़ाने, टेक्नोलॉजी में सुधार, पॉलिसी नवीनीकरण दर, वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने पर ध्यान दे रही है। इसके साथ ही आर्थिक अस्थिरता बढ़ने के बीच पॉलिसीधारकों को प्रतिस्पर्धी रिटर्न देने के लिए कंपनी अपनी परिसंपत्ति प्रबंधन क्षमता को मजबूत कर बेहतर रिटर्न हासिल करने पर भी काम करेगी।
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में एलआईसी की कुल प्रीमियम आय बढ़कर 5,35,984 करोड़ रुपये और लाभ रिकॉर्ड 57,419 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष में एलआईसी ने 2.50 करोड़ पर्सनल क्लेम का सैटलमेंट किया, जिनमें 2.41 करोड़ मैच्योरिटी और 'सर्वाइवल बेनिफिट' क्लेम शामिल हैं। इस दौरान 2.80 लाख करोड़ रुपये के मैच्योरिटी क्लेम और 24,885 करोड़ रुपये के डेथ क्लेम का भुगतान किया गया।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!