Autoline industries share : बाजार में भले ही सुस्ती वाला माहौल हो लेकिन कुछ शेयर गुरुवार को डिमांड में रहे। ऐसा ही एक शेयर- ऑटोलाइन इंडस्ट्रीज का है। इस शेयर में इंट्राडे ट्रेडिंग के दौरान लगभग 16% की तेजी आई। दरअसल, ऑटो पार्ट्स बनाने वाली इस कंपनी ने टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड से SUV के लिए पार्ट्स सप्लाई करने का नया बिजनेस ऑर्डर मिलने की घोषणा की है। इस घोषणा के बाद ही शेयर में उछाल आया है।
गुरुवार को इंट्रा-डे के दौरान BSE पर ऑटोलाइन का शेयर 15.97% बढ़कर ₹98.49 प्रति शेयर के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 103.85 रुपये है। यह भाव पिछले महीने यानी अगस्त में ही रहा था। कहने का मतलब है कि शेयर की तेजी अगर शुक्रवार को भी जारी रहती है तो ये संभव है कि भाव नए हाई पर पहुंच जाए। वहीं, मार्च के महीने में शेयर 48.41 रुपये पर था। यह शेयर के 52 हफ्ते का लो है।
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसे टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स से SUV सेगमेंट के लिए कंपोनेंट सप्लाई करने का नया ऑर्डर मिला है। कंपनी के मुताबिक, प्रोडक्शन शेड्यूल और ग्राहक की वास्तविक जरूरतों के आधार पर इस नए कारोबार से हर साल करीब ₹100 करोड़ की अतिरिक्त आय होने की उम्मीद है।
इस ऑर्डर के तहत बनाए जाने वाले कंपोनेंट्स का इस्तेमाल इंटरनल कम्बशन इंजन (ICE) और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) दोनों तरह के मॉडलों में किया जाएगा। इस ऑर्डर से हर साल लगभग ₹100 करोड़ का अतिरिक्त रेवेन्यू मिलने की उम्मीद है, जो प्रोडक्शन शेड्यूल और कस्टमर की असल जरूरतों पर निर्भर करेगा। ऑटोलाइन ने कहा कि उसका मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क प्रोग्राम की क्वालिटी, कॉस्ट और डिलीवरी से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा।
ऑटोलाइन इंडस्ट्रीज के मैनेजिंग डायरेक्टर शिवाजी अखड़े ने कहा, "यह बिजनेस अवॉर्ड ऑटोलाइन की इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं की मजबूती और कंपनी में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड के लगातार भरोसे को दिखाता है। हमारा ध्यान क्वालिटी, लागत, डिलीवरी और क्षमता की तैयारी के मामले में अनुशासन के साथ प्रोग्राम को पूरा करने पर है।" उन्होंने आगे कहा कि यह ऑर्डर टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड के साथ हमारे संबंधों को और मजबूत करता है। हम अपने ग्राहकों, शेयरधारकों, कर्मचारियों और अन्य स्टेकहोल्डर्स के लिए लंबे समय तक चलने वाली वैल्यू बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
1996 में स्थापित ऑटोलाइन इंडस्ट्रीज का मुख्यालय पुणे में है। कंपनी ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए शीट मेटल कंपोनेंट्स, असेंबली और सब-असेंबली बनाती है। कंपनी पैसेंजर कार और कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट के लिए 3,000 से अधिक प्रोडक्ट्स की सप्लाई करती है। इसके अलावा कंपनी के पास 9 से अधिक मैन्युफैक्चरिंग सुविधाएं, इन-हाउस डिजाइन एवं इंजीनियरिंग सेवाएं और कमर्शियल टूल रूम है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!