गयाजी के मानपुर स्थित ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण 155 अभ्यर्थियों की परीक्षा बाधित हो गई। परीक्षा निर्धारित समय पर पूरी नहीं होने के बाद बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 27 नवंबर की द्वितीय पाली की परीक्षा रद्द कर दी है। अब प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए समिति ने जिला प्रशासन से विस्तृत जांच रिपोर्ट भी मांगी है।
एक लैब में सर्वर खराबी से बाधित हुई परीक्षा
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) मोड में किया जा रहा है। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित हो रही है। इसी क्रम में 27 नवंबर को द्वितीय पाली की परीक्षा गयाजी के मानपुर स्थित एलएंडटी एडुटेक परीक्षा केंद्र, यादव चौक, न्यू बाईपास, नौरंग रोड पर निर्धारित थी।
इस केंद्र पर कुल 476 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिनमें से 417 उपस्थित हुए थे। परीक्षा के लिए केंद्र पर तीन अलग-अलग कंप्यूटर लैब बनाई गई थीं। सभी लैब में ऑनलाइन परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान एक लैब में अपराह्न करीब 3:30 बजे अचानक सर्वर में तकनीकी खराबी आ गई।
सर्वर को दुरुस्त करने में काफी समय लगने के कारण संबंधित लैब में परीक्षा दे रहे 155 अभ्यर्थियों की परीक्षा बाधित हो गई। अभ्यर्थी निर्धारित समय में अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके।
बिहार बोर्ड ने रद्द की द्वितीय पाली की परीक्षा
तकनीकी गड़बड़ी के कारण अभ्यर्थियों को हुई परेशानी को देखते हुए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 27 नवंबर की द्वितीय पाली की परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया है। इस पाली में प्रभावित हुए 155 अभ्यर्थियों के लिए पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी। हालांकि, दोबारा परीक्षा की तारीख अभी तय नहीं की गई है। इसकी जानकारी बाद में आधिकारिक तौर पर दी जाएगी।
डीएम से मांगी विस्तृत जांच रिपोर्ट
मामले को गंभीरता से लेते हुए समिति के अध्यक्ष ने जिला पदाधिकारी, गयाजी से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट मांगी है। वहीं, परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी संभाल रही एलएंडटी एडुटेक एजेंसी से भी सर्वर खराब होने और परीक्षा बाधित होने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच रिपोर्ट और एजेंसी के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दंडाधिकारी और पुलिस बल पर भी कार्रवाई के निर्देश
समिति ने परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस बल की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। घटना की सूचना समय पर वरीय अधिकारियों को नहीं देने और कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश जिला पदाधिकारी को दिया गया है।
बिहार बोर्ड ने प्रभावित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। पुनर्परीक्षा की तारीख की आधिकारिक सूचना अलग से जारी की जाएगी। सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर दोबारा परीक्षा में शामिल होना होगा। समिति ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!