बैंगन और फूल के खेत में मिली नवजात
एपीके फाइल खोलते ही हैक हुआ मोबाइल, क्रेडिट कार्ड से 74 हजार निकाले कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया निवासी सुरेश कुमार का मोबाइल और जीमेल आईडी हैक कर साइबर ठगों ने विभिन्न क्रेडिट कार्ड से 74 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ आईटी एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की। सुरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने एपीके फाइल भेजी थी। फाइल खोलने के बाद मोबाइल और जीमेल आईडी हैक हो गई। इसके बाद रकम निकाल ली गई। पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा नहीं किया था। क्रेडिट कार्ड का स्टेटमेंट देखने पर उन्हें अनधिकृत लेनदेन की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर साइबर ठगों की पहचान की जा रही है। प्रसव के बाद महिला के पेट में फॉरेन बॉडी छूटने का आरोप लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में एक अस्पताल में प्रसव के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की गई है। लालपुर चौकी पर तैनात दीवान ओमप्रकाश सिंह का आरोप है कि 18 अगस्त को पत्नी का ऑपरेशन से प्रसव कराया गया था। पेट में फॉरेन बॉडी (टिश्यू या कपड़ा) छूट गया। 20 अगस्त को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पत्नी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद उन्हें पहले एक अन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां से बीएचयू रेफर किया गया। बीएचयू में जांच के दौरान पेट में संक्रमण की जानकारी हुई। इसके बाद चिकित्सकों ने दोबारा ऑपरेशन कर कथित फॉरेन बॉडी को बाहर निकाला। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान महिला को पांच यूनिट रक्त चढ़ाना पड़ा। ओमप्रकाश सिंह ने चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर तहरीर दी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसे भी पढ़ें; सऊदी अरब में आजमगढ़ के शख्स की मौत: एक हफ्ते बाद ताबूत में लौटा शव, कमरे में सोते समय हुई थी मौत टी स्टॉल में तोड़फोड़ और मारपीट में छह गिरफ्तार काजीसराय के टी स्टॉल में तोड़फोड़ और कर्मचारियों से मारपीट के मामले में बड़ागांव पुलिस ने शुक्रवार को कोईराजपुर अंडरपास के पास से शिवम सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, अभिषेक यादव, सर्वेश चौहान, सुधांशु सिंह और अंगद यादव को गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि शशांक द्विवेदी की तहरीर पर उत्कर्ष और शुभम समेत 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उत्कर्ष और शुभम ने दुकान चलाने के एवज में हर महीने 10 हजार रुपये की मांग की थी। रुपये नहीं देने पर धमकी भी दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर को आरोपियों ने साथियों के साथ दुकान पहुंचकर कर्मचारियों से मारपीट और तोड़फोड़ की।
रिमोट से परीक्षा देने के मामले में अभ्यर्थी की अग्रिम जमानत खारिज, अदालत ने गंभीर अपराध माना एसएससी सीजीएल परीक्षा में कंप्यूटर को रिमोट एक्सेस पर लेकर सॉल्वर से प्रश्नपत्र हल कराने के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत ने आरोपी अभ्यर्थी द्विजेंद्र त्रिपाठी की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। जमानत का विरोध जिला शासकीय अधिवक्ता विनय कुमार सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि अदालत ने मामले को सार्वजनिक परीक्षा प्रणाली को प्रभावित करने वाला गंभीर अपराध माना। अभियोजन के अनुसार, 22 सितंबर 2025 को वाराणसी के एशियन सन इंफोटेक सेंटर पर एसएससी सीजीएल की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान ईवाई ऑब्जर्वर रूपेश कुमार सिंह ने देखा कि अभ्यर्थी द्विजेंद्र त्रिपाठी का कंप्यूटर सिस्टम रिमोट एक्सेस पर था और उसके प्रश्न किसी अन्य व्यक्ति की ओर से हल किए जा रहे थे। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक इनविजिलेटर, सपोर्ट स्टाफ और सेंटर के आईटी मैनेजर की भूमिका पर भी संदेह सामने आया। विवेचना के दौरान पुलिस ने परीक्षा का वीडियो फुटेज हासिल किया। अदालत के मुताबिक, फुटेज में बिना किसी व्यक्ति के माउस छुए कंप्यूटर पर प्रश्न स्वत: हल होते दिखाई दिए। चश्मदीद गवाह रूपेश कुमार सिंह ने भी सिस्टम के रिमोट एक्सेस पर होने की पुष्टि की। बचाव पक्ष ने आरोपी को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह खुद परीक्षा दे रहा था और उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। अभियोजन ने जमानत का विरोध करते हुए साक्ष्यों को प्रभावित करने और फरार होने की आशंका जताई। अदालत ने अपराध की गंभीरता और सार्वजनिक परीक्षा पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए अग्रिम जमानत अर्जी निरस्त कर दी। विदेश में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी, चार पर प्राथमिकी विदेश में नौकरी और वर्क वीजा दिलाने के नाम पर गुलाब साहनी से एक लाख की ठगी की गई है। चार आरोपियों के खिलाफ रामनगर थाने में शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। इन पर धोखाधड़ी, रंगदारी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। पीड़ित गुलाब साहनी ने पुलिस को बताया कि पिछले साल मई में उनकी मुलाकात दिल्ली निवासी नितिन अरोरा से हुई थी। नितिन ने खुद को विदेश में नौकरी और कार्य वीजा दिलाने वाला एजेंट बताया। 3 मई को दिल्ली में नितिन और उसके भाई अमित अरोरा ने एक साइबर दुकान से डिजिटल माध्यम से 10000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवाए। 19 जून 2025 को 50,000 रुपये नकद लिए गए। आरोपियों ने 25 जून 2025 को दुबई की उड़ान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उसे पर्यटक वीजा पर दुबई भेजा जाएगा, जहां उनका एजेंट उसे लिबिया का कार्य वीजा दिलवाएगा। मेरे भाई के जरिये आरोपियों के खाते में आगे का भुगतान भी किया। दुबई पहुंचे तो आरोपियों के बताए होटल में कोई बुकिंग नहीं मिली। बाउचर पूरी तरह फर्जी था। वहां नितिन अरोरा का एजेंट सिराजुद्दीन मिला, जिसने एक श्रमिक शिविर में रखा। काफी दिनों तक न नौकरी मिली और न कार्य वीजा, उल्टा एजेंट ने उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया। पुलिस में जाने की चेतावनी के बाद ही पासपोर्ट वापस मिला। भारत लौटने के बाद आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। रामनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों में नितिन अरोरा, अमित अरोरा, रमन कुमार और सिराजुद्दीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिक्षक से फ्लैट के नाम पर 70 लाख ठगे फ्लैट बनवाने के नाम पर 85 साल के सेवानिवृत्त शिक्षक से 70 लाख की धोखाधड़ी और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक की तहरीर पर शिवपुर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लक्ष्मणपुर निवासी सुरेंद्र नाथ सिंह उदय प्रताप इंटर कॉलेज से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। तहरीर के अनुसार, तरना निवासी विनय कुमार पांडेय ने जल्द फ्लैट बनवाकर देने या रकम वापस करने का भरोसा दिया था। इसके बाद सुरेंद्र नाथ ने 2018 से 2021 के बीच इंडियन बैंक की यूपी कॉलेज कैंपस शाखा के माध्यम से 70 लाख रुपये आरोपियों को दिए। आरोप है कि जुलाई 2026 में गंभीर बीमारी के इलाज और अन्य जरूरतों के लिए जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो विनय कुमार पांडेय और उसके साथी धीरज कुमार सिंह ने पैसे लौटाने से इन्कार कर दिया। विरोध करने पर दोनों ने जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
शराब तस्करी में महिला गिरफ्तार, 72 शीशी मिली कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने शराब तस्करी में रेनू देवी को शुक्रवार दोपहर प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पानी की टंकी के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से 72 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। शराब की कीमत 10,080 रुपये बताई जा रही है। जीआरपी कैंट के प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर ने बताया कि गिरफ्तार महिला बिहार के समस्तीपुर, हसनपुर, शासन गांव की रहने वाली है। वर्तमान में वह मंडुवाडीह भिटारी में किराये के कमरे में रह रही थी। उसके दो पिट्ठू बैग से 2.96 लीटर अंग्रेजी शराब मिली। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सकी। 75 लीटर शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार 75 लीटर शराब के साथ दो आरोपियों चंदन कुमार और राहुल कुमार को सिगरा पुलिस ने शुक्रवार को लहरतारा रेलवे ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी पटना, बिहार के निवासी हैं। पुलिस ने उनके पास से 213 पाउच और बोतलें बरामद की हैं। एसीपी चेतगंज शुभम जैन ने बताया कि सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा की टीम ने आरोपियों के पास से 150 पाउच 8 पीएम ब्रांड की शराब, 43 बोतल रॉयल स्टैग और 20 बोतल ब्लेंडर प्राइड शराब बरामद की है। शराब की कुल मात्रा 75 लीटर है। सभी बिहार में शराब तस्करी करते हैं। आरोपियों के आपराधिक इतिहास के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। असलहा दिखाकर युवक को पीटा, पत्नी से छेड़छाड़ का भी आरोप हुकुलगंज में युवक को शराब की दुकान के अंदर ले जाकर तमंचा दिखाकर मारपीट करने और पत्नी से छेड़छाड़ के मामले में राजेश गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने गुड्डू सिंह, उसके भाई और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पटियावाली गली निवासी राजेश गुप्ता के मुताबिक, 17 सितंबर की शाम 5:30 बजे वह साई बाबा मंदिर के पास सामान लेने जा रहा था। आरोप है कि घर के सामने आरोपियों ने पकड़ लिया और शराब की दुकान के अंदर ले गए। वहां तमंचा सटाकर लात-घूंसों से पीटा। बचाव में आई पत्नी से दुर्व्यवहार किया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
ऑटो की टक्कर से तीन घायल, एक बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर मिर्जामुराद क्षेत्र के लालपुर गांव में शुक्रवार शाम ऑटो की टक्कर से तीन लोग घायल हो गए। हादसे में आनंद कुमार यादव का पैर फ्रैक्चर हो गया। उसकी गंभीर हालत को देख चिकित्सकों ने बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। लालपुर निवासी विनोद यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम भाई आनंद कुमार यादव, सूरज यादव और सुरेंद्र यादव गांव में जा रहे थे। स्थानीय निवासी ऑटो चालक कच्ची गुप्ता के वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कार रोककर स्टील कारोबारी को पीटा, 20 पर प्राथमिकी पांडेयपुर के प्रेमचंद्र नगर निवासी स्टील कारोबारी गोपाल चंद जायसवाल ने कार रोककर मारपीट करने के आरोप में चार नामजद समेत 15-20 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। तहरीर के मुताबिक, मंगलवार सुबह 10:25 बजे गोपाल चंद जायसवाल मंडुवाडीह स्टेशन से कार से घर लौट रहे थे। भेलूपुर थाना क्षेत्र के लखराव मोड़ के पास 15-20 लोगों ने कार रोक ली। आरोप है कि लोगों ने उन्हें कार से खींचकर बाहर निकाला और बिना किसी वजह के मारपीट शुरू कर दी। मारपीट करने वालों में रवि पंजाबी, शशि, चिंटू और उनके लेबर शामिल थे। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है। युवक की पिटाई कर गंगा में धकेला, प्राथमिकी दर्ज भेलूपुर थाना क्षेत्र के किरहिया खोजवा निवासी आनंददीप कुमार सोनकर बुधवार रात 10 बजे आनंदमयी घाट पर बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान मोनू साहनी दो-तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और अकारण गाली देने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने आनंददीप की पिटाई कर दी। जान से मारने की नीयत से उसे धक्का देकर गंगा में गिरा दिया। आनंददीप ने तैरकर अपनी जान बचाई। मारपीट में उसके हाथ, गले और आंख के नीचे चोटें आईं। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मोनू और उसके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खड़े ट्रक में भिड़ी मोपेड, घायल स्क्रैप कारोबारी की मौत विश्वकर्मा पूजा के बाद घर लौट रहे स्क्रैप कारोबारी की मोपेड मोहनसराय-कनेरी गेट के पास खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। हादसे में मोपेड सवार दो लोग घायल हो गए। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान लालचंद पटेल उर्फ बाड़ू की मौत हो गई। करणाडाड़ी निवासी लालचंद राजातालाब में स्क्रैप की दुकान पर विश्वकर्मा पूजा करने के बाद बृहस्पतिवार रात मित्र जीतू पटेल के साथ लौट रहा था। लालचंद तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उनके परिवार में पत्नी ललिता देवी, बेटियां तान्या और सौम्या तथा बेटा आरुष पटेल हैं। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक की तलाश में टीम लगी है। रास्ते में रोककर दो युवकों को पीटा, बाइक तोड़ी कोदई गांव निवासी बाइक सवार विकास और अजय विश्वकर्मा को कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर पीटा। आरोपियों ने बाइक भी तोड़ दी। घायल विकास के पिता ईश्वर चंद्र ने कपसेठी थाना क्षेत्र के कुरु गांव निवासी धीरज तिवारी, विकास सिंह समेत दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि बुधवार रात विकास और उसका दोस्त अजय विश्वकर्मा कुरु बाजार से लौट रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोककर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पैतृक मकान का ताला तोड़कर सामान व एसी चोरी, चार पर प्राथमिकी भेलूपुर थाना क्षेत्र के रवींद्रपुरी कॉलोनी लेन नंबर-4 में पैतृक आवास का ताला तोड़कर सामान और एसी चोरी करने के आरोप में पुलिस ने पवन नवलगढ़िया, श्वेता, विवान और समृद्धि के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। प्रकाश के अनुसार, कुछ समय पहले पत्नी श्वेता ने प्रकाश के भाई पवन, उसकी पत्नी और मामा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद प्रकाश परिवार के साथ किराये के मकान में रहने लगे। सात सितंबर को वह पत्नी के साथ पैतृक मकान पहुंचे तो कमरों के ताले टूटे मिले और सामान व एसी गायब थे। विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट का आरोप है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
बरामदे में सो रहे किसान को सांप ने डंसा, मौत मिर्जामुराद क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव में बृहस्पतिवार तड़के सर्पदंश से राम अवध वर्मा (60) की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार राम अवध घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान हाथ में सांप ने डंस लिया। आवाज सुनकर पहुंचे परिजन उन्हें कबीरचौरा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने अदलपुर, मिर्जापुर घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के पुत्र शशिकांत वर्मा ने बताया कि सांप डंसने के बाद घर में ही छिप गया था। सर्प पकड़ने वाले को बुलाया गया, जिसने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सांप को पकड़कर दूर छोड़ दिया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामले की जानकारी की जा रही है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!