बिहार के गयाजी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 किलोग्राम मारिजुआना (गांजा) बरामद किया है। थाईलैंड से पहुंचीं पंजाब की दो महिलाएं चार बैग में गांजे की खेप छिपाकर ला रही थीं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई है। एयरपोर्ट पर सामान की एक्स-रे जांच के दौरान बैग में संदिग्ध तस्वीर दिखाई देने पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। इसके बाद दोनों महिलाओं को रोककर सामान की तलाशी ली गई, जिसमें तस्करी का खुलासा हुआ। कस्टम विभाग ने दोनों को गिरफ्तार कर गांजा जब्त कर लिया है। अब जांच एजेंसियां इस पूरे मामले के पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।
एक्स-रे मशीन में दिखी संदिग्ध तस्वीर, सुरक्षा एजेंसियां हुईं सतर्क
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह थाईलैंड से थाई एयरवेज की फ्लाइट गयाजी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंची थी। इसी विमान से पंजाब की दोनों महिलाएं भी उतरी थीं। विमान से उतरने के बाद वे अपने सामान के साथ एयरपोर्ट से बाहर निकलने की प्रक्रिया में थीं। इसी दौरान कस्टम विभाग की निगरानी में सामान की एक्स-रे जांच की गई। मशीन में उनके बैग के भीतर कुछ संदिग्ध नजर आया। एक्स-रे तस्वीरों के आधार पर सुरक्षाकर्मियों का शक गहरा गया। इसके बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने दोनों महिलाओं को रोक लिया।
चार बैग में छिपाकर रखी थी 10 किलो गांजे की खेप
संदेह के आधार पर दोनों महिलाओं से शुरुआती पूछताछ की गई। इसके बाद उनके सामान की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चार अलग-अलग बैग में छिपाकर रखा गया करीब 10 किलोग्राम मारिजुआना बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। एयरपोर्ट पर इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने के बाद सुरक्षा और जांच एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
कस्टम विभाग ने दोनों महिलाओं को किया गिरफ्तार
गांजे की बरामदगी के बाद कस्टम विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया है। दोनों महिलाएं पंजाब की रहने वाली बताई जा रही हैं। फिलहाल कस्टम विभाग मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है। साथ ही महिलाओं से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वे थाईलैंड से गांजे की खेप किसके कहने पर लेकर आई थीं।
थाईलैंड से बिहार तक कैसे पहुंची तस्करी की खेप?
इस मामले में जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्ग से गांजे की इतनी बड़ी खेप किसके लिए लाई जा रही थी। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों महिलाएं किन लोगों के संपर्क में थीं और गया एयरपोर्ट पर खेप पहुंचने के बाद इसे कहां भेजा जाना था। इसके पीछे किसी संगठित अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह की भूमिका होने की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। एयरपोर्ट पर हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी की चुनौती को उजागर किया है। अब जांच का दायरा दोनों गिरफ्तार महिलाओं से आगे बढ़ाकर इस पूरे नेटवर्क और उसके संभावित संपर्कों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!