Rahul Gandhi Visit Indore: राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करेंगे। कांग्रेस ने नेहरू स्टेडियम की अनुमति के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है और अनुमति नहीं मिलने पर दूसरे स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर आएंगे। यहां आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में वे प्रदेशभर के विद्यार्थियों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, युवाओं के अधिकार और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने इंदौर के नेहरू स्टेडियम की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर कार्यक्रम के लिए स्टेडियम उपलब्ध कराने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं की समस्याओं से जुड़ा संवाद है। पार्टी ने भाजपा सरकार से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्यक्रम के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है। कांग्रेस ने कहा कि यदि नेहरू स्टेडियम की अनुमति नहीं मिलती है तो जिला प्रशासन से चर्चा कर इंदौर में किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
भाजपा लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास कर रही: हरीश चौधरी पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार को छात्रों और युवाओं की आवाज से डरने के बजाय उनकी बात सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ युवाओं के सवालों और उनके भविष्य से जुड़ा कार्यक्रम है। हरीश चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस चाहती है कि सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर छात्रों के हित में राहुल गांधी के संवाद कार्यक्रम के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराए।
छात्रों की आवाज रोकने से सवाल खत्म नहीं होंगे: जीतू पटवारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी देशभर में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद कर रहे हैं। ‘छात्रों की गूंज’ का उद्देश्य युवाओं के सपनों, उनकी समस्याओं और शिक्षा व रोजगार से जुड़े सवालों को सामने लाना है।
उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल के प्रचार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य, शिक्षा के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर संवाद का मंच है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कार्यक्रम के महत्व को देखते हुए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने की मांग की। पटवारी ने कहा कि यदि सरकार नेहरू स्टेडियम उपलब्ध नहीं कराती है तो कांग्रेस प्रशासन से चर्चा कर दूसरे उपयुक्त स्थान पर कार्यक्रम करेगी, लेकिन छात्रों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। पढ़ें: भगवान बलराम के 'गर्भ-प्रत्यारोपण’ का पहला प्रमाण आया सामने; 1700 साल पहले पत्थर पर बनाई तस्वीर
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की मैराथन बैठक राहुल गांधी के प्रस्तावित इंदौर दौरे और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने मैराथन बैठक की। मध्यप्रदेश कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ इंदौर और उज्जैन संभाग के कांग्रेस अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडलम अध्यक्षों और मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन के विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियां सौंपी गईं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि 19 सितंबर का आयोजन ऐसा मंच बने, जहां प्रदेश के विद्यार्थी अपनी समस्याएं, सवाल और भविष्य से जुड़ी चिंताएं सीधे राहुल गांधी के सामने रख सकें।
बैठक में मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राहुल गांधी के सुरक्षा सलाहकार के.बी. बैजू, मनोज त्यागी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, अजय राहुल सिंह, ओमकार सिंह मरकाम, कांतिलाल भूरिया, सज्जन सिंह वर्मा, बाला बच्चन, विजयलक्ष्मी साधौ और मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, विधायक, जिला अध्यक्ष और PAC सदस्य मौजूद रहे।
पत्रकार वार्ता में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद इंदौर के शुभकारज गार्डन में आयोजित पत्रकार वार्ता में हरीश चौधरी, जीतू पटवारी, के.बी. बैजू, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य कमलेश्वर पटेल, राष्ट्रीय सचिव एवं इंदौर संभाग प्रभारी उषा नायडू, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक, बाला बच्चन, सज्जन सिंह वर्मा, विजयलक्ष्मी साधौ, सत्यनारायण पटेल, शोभा ओझा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस ने कहा कि कार्यक्रम का स्थान कोई भी हो, लेकिन 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ जरूर आयोजित होगी। पार्टी के अनुसार, यह मंच युवाओं के सवालों, उनके अधिकारों और बेहतर भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संवाद का माध्यम बनेगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!