बिहार में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोश के तहत गया रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई हुई है। आरपीएफ, अपराध आसूचना शाखा और जीआरपी की संयुक्त टीम ने तेजस राजधानी एक्सप्रेस से एक महिला यात्री को 15.822 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 7 लाख 91 हजार रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार महिला की पहचान गया जिले की रहने वाली मीणा कुमारी के रूप में हुई है।
मुखबिर की सूचना पर स्टेशन पर बिछाया गया जाल गया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ पोस्ट, अपराध आसूचना शाखा और जीआरपी की टीम लगातार आपराधिक गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि भुवनेश्वर से नई दिल्ली जा रही 22811 अप तेजस राजधानी एक्सप्रेस में एक महिला यात्री मादक पदार्थ लेकर सफर कर रही है। सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के गया जंक्शन पहुंचने पर प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर कोच संख्या A-3 की जांच शुरू की गई। इस दौरान बर्थ संख्या-6 पर यात्रा कर रही महिला यात्री की पहचान कर उसके सामान की तलाशी ली गई।
पिट्ठू और ट्रॉली बैग में छिपाकर रखा था गांजा तलाशी के दौरान महिला के पास मौजूद एक पिट्ठू बैग और ट्रॉली बैग से 15 बंडल बरामद हुए। जांच करने पर सभी बंडलों में गांजा पाया गया। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 15.822 किलोग्राम निकली। आरपीएफ के मुताबिक, कार्रवाई सहायक उप निरीक्षक रणधीर कुमार के नेतृत्व में की गई। राजपत्रित अधिकारी सहायक सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ गया की मौजूदगी में जब्ती और गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की गई।
ओडिशा से दिल्ली ले जाया जा रहा था नशे का सामान गिरफ्तार महिला की पहचान मीणा कुमारी (26 वर्ष), पिता गंगा दास, निवासी गोबरडीहा, पोस्ट नैली, थाना खिजरसराय, जिला गया के रूप में हुई है। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह ओडिशा के जाजपुर क्योंझर रोड स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थी और दिल्ली जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा उसे किसने उपलब्ध कराया था और इसे दिल्ली में किसके पास पहुंचाया जाना था।
पहले भी सामने आ चुके हैं महिला तस्करों के मामले गांजा तस्करी के इस मामले ने एक बार फिर नशे के नेटवर्क में महिलाओं की भूमिका को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, तस्कर कई बार महिलाओं को कैरियर के तौर पर इस्तेमाल करते हैं, ताकि जांच एजेंसियों को चकमा दिया जा सके। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नाम, पहचान या किसी भी तरह की आड़ में नशे का कारोबार करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
जीआरपी को सौंपा गया मामला, जांच जारी आरपीएफ ने बरामद गांजा, गिरफ्तार महिला और सभी संबंधित दस्तावेजों को आगे की कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना गया को सौंप दिया है। जीआरपी अब पूरे मामले की जांच कर रही है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। रेलवे सुरक्षा बल ने बताया कि ऑपरेशन नारकोश के तहत रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
गयाजी जंक्शन पर तेजस राजधानी एक्सप्रेस से बरामद 15.822 किलो गांजा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!