UP Rain in 25 August: सोमवार को कानपुर के दक्षिणी इलाके में गरज चमक के साथ खूब बारिश हुई। इसके विपरीत मध्य और उत्तरी हिस्से में हल्की बारिश और कहीं-कहीं तो बूंदाबांदी तक सीमित रही। केवल कैंट इलाके में 17 मिमी और दक्षिण में 20 मिमी से अधिक बारिश हुई। इससे दिन के तापमान में कमी आई। पारा 32.2 डिग्री तक पहुंच गया। लेकिन कुछ जगहों पर बारिश जमकर तबाही मचाई। बारिश के चलते नदियां उफना गईं। नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण पानी शहरों के अंदर घुस गया, जिससे कुछ इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। मंगलवार को लेकर मौसम विभाग ने बारिश को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। मौसम विभाग के अनुसार सोनभद्र, वाराणसी समेत कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसको देखते हुए सोनभद्र और वाराणसी में डीएम आठवीं तक के सभी स्कूलों में छुट्टी का आदेश जारी किया है।
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र आगे बढ़ते ही उत्तर प्रदेश के पश्चिमी छोर की ओर खिसक गया। इसका अधिक प्रभाव पूर्वी क्षेत्र में पड़ना था लेकिन बादल पश्चिमी की ओर मुड़ गए। पश्चिमी विक्षोभ का भी असर पड़ा। इससे दिल्ली और पश्चिमी यूपी के क्षेत्र प्रभावित हुए। यहां खूब बारिश हुई। पूर्वी यूपी में झांसी, हरदोई, प्रयागराज में खूब बारिश हुई। कानपुर एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर सुबह 08:30 बजे तक 17 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी थी। शहर के दक्षिणी इलाकों में दिन में 20 मिमी से अधिक बारिश हुई पर शहर के बीच में और उत्तरी क्षेत्र में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम वर्षा हुई। कहीं-कहीं केवल बूंदाबांदी तक ही सीमित रहा। दिन भर घने काले बादल छाए रहे। इससे अधिकतम तापमान 32.2 और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। लोगों को गर्मी से राहत मिली। अधिकतम नमी 91 और न्यूनतम 75 फीसदी तक पहुंच गई। दक्षिण पश्चिमी हवाएं चलती रहीं। इससे पहले चल रहीं उत्तर पश्चिमी हवाएं बादलों की आवाजाही प्रभावित कर रही थीं। इससे कम से कम कानपुर में बारिश कम हो रही थी।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अभी गुरुवार तक रुक रुक कर बारिश होती रहेगी। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर फिलहाल बना रहेगा। अभी कोई नया मौसमी सिस्टम नहीं बन रहा है। मानसून की मेहरबानी फिलहाल प्रदेश पर बनी रहेगी। इससे छितरी बारिश की संभावना बनी रहेगी। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि अभी भी बादल छाए हुए हैं। छिटपुट बारिश का दौर जारी रहेगा। बीच-बीच उमस भरी गर्मी भी बनी रहेगी।
भारी बारिश के चलते सोनभद्र और वाराणसी के जिलाधिकारी ने 25 अगस्त को आठवीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। बीएसए ने डीएम के इस आदेश को सभी स्कूलों को भेज दिया है। बीएसए ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया। बारिश के चलते कुछ जगहों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है। छोटे बच्चों को परेशानियां न हों इसको लेकर डीएम ने आठवीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। इसके बाद भी अगर कोई स्कूल खुला पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गड्ढा हो गया। किनारे पर सड़क बारिश के चलते पांच फीट तक धंस गई। इसकी जानकारी पर रखरखाव का कार्य कर रही एटलस कंपनी ने देर शाम मरम्मत कार्य कराया। फतेहाबाद क्षेत्र के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 35.300 पर बारिश से सड़क में गड्ढा हो गया। किनारे पर करीब पांच फीट तक मिट्टी धंस गई। हादसों का खतरा पैदा हो गया। इसकी जानकारी होने पर एक्सप्रेस वे पर ररखरखाव और मरम्मत का कार्य संभाल रही एटलस कंपनी के कर्मचारी देर शाम मौके पर पहुंचे। वहां मरम्मत कार्य शुरू किया गया। डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर गजेंद्र कौल (एटलस) ने बताया कि गड्ढे की मरम्मत कराई गई है।
मुरादाबाद जिले के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के बूजपुर आशा गांव निवासी मित्रपाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। परिवार में पत्नी मीना, बेटियां ज्योति, नीलम, तुलिका और प्रतिज्ञा तथा बेटा आयुष हैं। मित्रपाल के मुताबिक बारिश के कारण उनका कच्चा मकान पहले से ही जर्जर हो गया था। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह उसकी मरम्मत नहीं करा पा रहा था। रविवार रात मीना और पांचों बच्चे घर में सो रहे थे। सोमवार तड़के करीब तीन बजे बारिश के बीच अचानक मकान की छत भरभराकर गिर गई। मीना और बच्चे मलबे में दब गए। छत गिरने की आवाज सुनकर मित्रपाल की नींद खुली। उसने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे में फंसी मीना और उसके पांचों बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में सभी छह लोग घायल हो गए। मलबे में दबने से ज्योति को गंभीर चोटें आईं, जबकि मीना, नीलम, तुलिका, प्रतिज्ञा और आयुष को भी चोटें लगीं। ज्योति को एंबुलेंस की मदद से मूंढापांडे सीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मुंबई से दिल्ली जा रही अकासा एयर की उड़ान वहां मौसम खराब होने की वजह से लखनऊ डायवर्ट कर दी गई। दोपहर में विमान को लखनऊ में उतारा गया। इसके बाद दिल्ली में मौसम साफ होने पर विमान वापस रवाना किया गया। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार अकासा एयर का विमान क्यूपी 1834 मुंबई से सुबह 10 बजे उड़ान भरकर दोपहर 12:20 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरता है। सोमवार को विमान ने मुंबई से उड़ान भरी, लेकिन दिल्ली पहुंचने पर मौसम खराब होने के चलते लैंडिंग नहीं हो सकी। इसके बाद विमान के पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर एटीसी से संपर्क कर सूचना दी। एटीसी के निर्देश पर विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे विमान को लखनऊ में उतारा गया। जहां यात्री विमान में ही बैठे रहे। इसके बाद मौसम सामान्य होने पर विमान को वापस दिल्ली रवाना कर दिया गया।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!