बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र से 14 वर्षीय लापता छात्र का शव बरामद होने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा है, जिसमें एक विधि-विरुद्ध बालिका शामिल है। पकड़े गए आरोपियों में मदन दास और रीता देवी शामिल हैं, जो कटरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
घटना के पीछे जो वजह सामने आई है, उसमें आरोपी की बेटी के साथ मृतक छात्र का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी प्रेम प्रसंग से नाराज होकर आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और फिर शव को पोखर में फेंक दिया था। पुलिस ने इस मामले में शव बरामद कर लिया है और घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना को पति-पत्नी और उनकी बेटी ने अंजाम दिया था।
दरअसल, कटरा थाना क्षेत्र की निवासी रंजू देवी ने कटरा थाने में अपने 14 वर्षीय पुत्र की गुमशुदगी को लेकर 5 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस को बताया गया था कि उनका बेटा रविवार को गेहूं पिसाने के लिए निकला था और वापस नहीं लौटा। इधर, पुलिस भी लापता किशोर की लगातार तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान कटरा थाना क्षेत्र के देवगन एनएच के पास एक तालाब से मंगलवार को उसका शव बरामद किया गया। शव की पहचान लापता किशोर के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की आगे की जांच और कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपी मदन दास को पकड़ा।
जब मदन दास से सघन पूछताछ की गई तो उसने घटना की वजह बताई और अपनी बेटी के साथ मृतक के प्रेम प्रसंग तथा घर में उसके आने-जाने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि उसके मना करने के बाद भी वह उसकी बेटी से अलग नहीं हो रहा था, जिस कारण उसने उसे रास्ते से हटाने का मन बनाया और फिर मृतक छात्र की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को दूर ले जाकर एक पोखर में फेंक दिया। आरोपी ने कहा कि वह अपनी बेटी के साथ मृतक की नजदीकी से बेहद नाराज था।
पूरे मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि कटरा थाना क्षेत्र से गायब छात्र की तलाश पुलिस लगातार कर रही थी। इसी दौरान उसका शव एक पोखर में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया था। मामले की जांच-पड़ताल में पता चला कि मृतक की गला दबाकर हत्या की गई थी और इस वारदात को तीन लोगों ने मिलकर अंजाम दिया था। ये भी पढ़ें- बिहार: दक्षिण अफ्रीका से गयाजी पहुंचे श्रद्धालुओं ने किया विधि-विधान से पिंडदान, बोले- सनातन संस्कृति महान है
अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक छात्र की गला दबाकर हत्या की गई थी और वह घटना के दौरान आरोपी के घर में ही मौजूद था। वह आरोपी की बेटी के साथ था। इस बात से लड़की के परिजन नाराज हो गए और फिर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसके शव को गांव से दूर ले जाकर एक पोखर में फेंक दिया गया था, ताकि इसकी जानकारी किसी को न हो।
इस घटना को अंजाम देने वाले तीन लोगों को पकड़ा गया है, जिसमें एक महिला, एक पुरुष और एक नाबालिग किशोरी शामिल है। इस मामले में पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!