भैरवस्थान थाना क्षेत्र में हथियारबंद चार बदमाशों ने ऑटो सवार दो यात्रियों से 50 हजार रुपये, दो सूटकेस और दो बैग लूट लिए। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने दो सूटकेस बरामद किए हैं।
मधुबनी जिले में अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने ऑटो सवार दो यात्रियों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर 50 हजार रुपये नकद और सामान लूट लिया। घटना भैरवस्थान थाना क्षेत्र के नरुआर गाछी के पास की है।
वारदात के बाद बाइक से भाग रहे बदमाशों का ग्रामीणों ने पीछा किया और एक युवक को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसे पेड़ से बांध दिया। घटना की सूचना मिलने पर भैरवस्थान थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराकर थाने ले गए। पुलिस ने मामले में दो सूटकेस बरामद किए हैं। पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित की पहचान लखनौर थाना क्षेत्र के दैयाखड़वार गांव निवासी ललन चौपाल के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह अपने साले बेलौंचा निवासी गणेश चौपाल के साथ चेन्नई से दिल्ली होते हुए ट्रेन से दरभंगा स्टेशन पहुंचे थे। दरभंगा स्टेशन से दोनों ने घर जाने के लिए एक ऑटो रिजर्व किया था। .ads-row{display:flex;gap:10px;flex-wrap:wrap;}
दोनों सामान के साथ ऑटो से अपने गांव की ओर जा रहे थे। विदेश्वर स्थान चौक के समीप दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने ऑटो का पीछा किया। इसके बाद बदमाशों ने ऑटो को रोक लिया और हथियार के बल पर यात्रियों को अपने कब्जे में ले लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने दोनों यात्रियों से दो सूटकेस, दो बैग और 50 हजार रुपये नकद लूट लिए। वारदात के बाद चारों बदमाश बाइक से फरार होने लगे। लूट के बाद यात्रियों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और भाग रहे बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसे पेड़ से बांध दिया। बताया जा रहा है कि पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने उसकी पिटाई भी की। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया। पकड़ा गया युवक दरभंगा जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र के सखवाड़ गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य आरोपितों और लूट की वारदात से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने दो सूटकेस किए बरामद पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो सूटकेस बरामद किए हैं। वहीं, दो बैग, नकदी और अन्य सामान की बरामदगी को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अब पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!