बिहार के सहरसा से इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के विधायक आईपी गुप्ता ने पुलिस के खिलाफ आंदोलन का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सहरसा में साइबर थाना पुलिस पर लोगों की शिकायतों की अनदेखी करने और उनसे अवैध वसूली का आरोप लगाया है। इंद्रजीत प्रसाद उर्फ आईपी गुप्ता ने कहा कि एक बार एक युवक को साइबर थाना पुलिस उठाकर ले गई थी। जब उन्होंने फोन किया तो पुलिस ने उसे नहीं छोड़ा, मगर बाद में 2 लाख से अधिक घूस लेकर उसे छोड़ दिया गया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारी की फाइल खोलने की चेतावनी भी दी है।
आईआईपी के संस्थापक एवं सहरसा विधायक आईपी गुप्ता ने हाल ही में ऐलान किया कि वह सहरसा में साइबर थाना पुलिस, डीएसपी और थानेदार के खिलाफ आंदोलन छेड़ने जा रहे हैं। उन्होंने सहरसा में सड़क जाम करने की चेतावनी दी। साथी ही आईआईपी और महाघटबंधन के कार्यकर्ताओं को जेल जाने के लिए तैयार रहने को भी कहा। विधायक ने सहरसा के ऐसे लोगों से भी सामने आने को कहा है, जिनकी एफआईआर पर साइबर थाना पुलिस ने अभी कोई ऐक्शन नहीं लिया है।
विधायक आईपी गुप्ता ने हाल ही में एक सोशल मीडिया पोस्ट में एक पुराने मामले का जिक्र करते हुए सहरसा साइबर थाना पुलिस पर घूसखोरी के आरोप लगा। उन्होंने कहा कि जब वह नए-नए विधायक बने थे, तब उन्हें सिमरी बख्तियार से एक कॉल आया था। कॉल करने वाले ने कहा था कि उनके समाज के एक लड़के को पुलिस उठा ले गई है।
विधायक के अनुसार, जब उन्होंने जांच अधिकारी को फोन लगाया तो उन्होंने डीएसपी से बात करने को कहा। आईपी गुप्ता ने कहा, "जब मैंने डीएसपी से बात की, तो उनका कहना था कि साइबर क्राइम का संगीन मामला है। लड़के को नहीं छोड़ सकते हैं। इसके बाद मैं चुप हो गया।"
आईपी गुप्ता ने कहा कि अगली सुबह उन्हें दोबारा कॉल आया कि पुलिस ने उस लड़के को छोड़ दिया है। उन्होंने सोचा कि विधायक के कहने पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया। मगर सामने वाले ने बताया कि पुलिस ने 2.10 लाख रुपये लेकर छोड़ा है। विधायक ने कहा कि रुपया गजब चीज है, एक झटके में क्राइम और कानून को खिड़की से बाहर फेंक देता है।
विधायक का कहना है कि वह उसी दिन से उस पुलिस वाले की कुंडली तैयार करने में लग गए। आईपी गुप्ता का दावा है कि उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारी के बारे में सब कुछ पता कर लिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि वह विपक्ष में हैं तो भी सहरसा के आंदोलन से पूरे बिहार क साइबर क्राइम का फाइल खोलने जा रहे हैं।
आईपी गुप्ता तांती-ततवा पान समाज से आते हैं। यह अति पिछड़ा वर्ग में आता है। इस समाज की आबादी बिहार में लगभग 1.7 प्रतिशत है। सहरसा विधायक की पार्टी आईआईपी तांती-ततवा समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग कर रही है। आईपी गुप्ता ने 2023 में आईआईपी का गठन किया था और 2025 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन में शामिल होकर खुद सहरसा से पहली बार विधायक बने।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!