कानपुर में हर्षित की बीच सड़क पर हत्या करने वाले हमलावरों के दुस्साहस से इलाके में दहशत है। वारदात के घंटों बाद भी लोग पुलिस के सामने आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। कोई छज्जे से तो कोई दरवाजे की आड़ से पुलिस अधिकारियों की गतिविधियां देख रहा था। लोगों का कहना था कि हमलावरों के मन में चौकी पुलिस का कोई खौफ नहीं था। दबी जुबान में लोगों ने कहा कि आज हर्षित मारा गया है।
बार-बार बेहोश हो रही थी बदहवास मां हर्षित परिवार में सबसे बड़ा था। उससे छोटी बहन दृष्टि और भाई श्रेयांश हैं। बेटे की मौत से बदहवास मां दुर्गा बार-बार उसका नाम लेकर बेहोश हो रही थीं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सर्वधर्म चौक के पास चाट-पकौड़ा बेचने वाले की बेटी की वजह से वारदात को अंजाम दिया गया। हर्षित के पिता ने बताया कि आरोपियों में एक जरीब चौकी स्थित लस्सी की दुकान पर काम करता है। उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
ये था पूरा मामला फजलगंज थाना क्षेत्र की दर्शनपुरवा चौकी से करीब 50 कदम की दूरी पर मंगलवार देर रात कपड़े की दुकान में काम करने वाले 15 वर्षीय हर्षित की बीच सड़क पर चाकुओं से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई। हमलावरों ने हर्षित को पहले लात-घूंसों से पीटा फिर सीने में दिल के पास चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी और भाग निकले। किशोर के पिता ने मोहल्ले के ही तीन लड़कों पर घात लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
जांच में किसी लड़की का मामला लग रहा घटनास्थल हर्षित के घर से महज 25 कदम की दूरी पर है। सूचना पर सर्किल का फोर्स और फॉरेंसिक टीम भी पहुंची। एसीपी ज्योति श्री का कहना है कि शुरुआती जांच में किसी लड़की का मामला लग रहा है। फिलहाल तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी। दर्शनपुरवा स्थित बंबा रोड सब्जी मंडी वाली गली में रहने वाले महेश कुमार उर्फ चंपा का बेटा हर्षित 11 बजे के आसपास अपने घर के नजदीक टहल रहा था।
किसी ने भी उसकी कोई मदद नहीं की महेश का आरोप है कि रोड किनारे बैठकर शराब पी रहे अक्षत, राजे और मनकू से किसी बात पर बेटे का विवाद हुआ। इसके बाद तीनों ने उसे बीच सड़क पर ही पीटना शुरू कर दिया। हर्षित जान बचाने के लिए चीखते हुए दौड़ा, तो हमलावरों ने उसे दौड़ाकर पकड़ा और फिर सीने में चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। बताया जाता है कि हर्षित बीच सड़क पर करीब 20 मिनट तक तड़पता रहा, लेकिन पुलिस न पब्लिक किसी ने भी उसकी कोई मदद नहीं की।
शराब की बोतलें और गिलासों में भरी शराब भी मिली कुछ देर बाद जब परिजन चीखते-चिल्लाते पहुंचे तब मोहल्ले के लोग निकले और उसे हैलट ले गए, जहां उसे मृत घोषित किया गया। सूचना मिलते ही सर्किल का फोर्स मौके पर पहुंच गया। घटनास्थल के पास ही पुलिस को शराब की बोतलें और गिलासों में भरी शराब भी मिली है। बताया जाता है कि पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ भी लिया और उसकी निशानदेही पर पांच टीमें बाकी सबकी तलाश कर रही है। परिजन का आरोप है कि तीनों हमलावरों के साथ दो-तीन और लोग भी थे। एसीपी ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!