UP Rain: उत्तर प्रदेश के निचले क्षोभमंडल में पूर्वी हिस्से पर चक्रवाती स्थिति बन गई है। इस वजह से बारिश का सिलसिला फिर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को 15 शहरों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले रविवार की शाम लखनऊ से लेकर वाराणसी तक झमाझम बारिश हुई। इससे शहरी इलाके में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जगह-जगह जलजमाव हो गया और कई इलाकों में बिजली गुल हो गई।
रविवार की शाम को लखनऊ के कई इलाकों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। वहीं सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक इटावा में 31, प्रयागराज में 29.4 कानपुर आईएएफ में 17 मिलीमीटर वषा्र हुई है। गोरखपुर, शाहजहांपुर समेत कुछ अन्य शहरों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार निचले क्षोभमंडल में पूर्वी उत्तर प्रदेश पर चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव है।
इससे मानसूनी ट्रफलाइन का पश्चिमी छोर हिमालय की तराई की ओर अमृतसर, पटियाला, बरेली की ओर खिसकने के बावजूद वाराणसी, डाल्टनगंज एवं जमशेदपुर के रास्ते उत्तरी-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक पहुंच रहा है। साथ में उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के आगामी 24 घण्टों के दौरान उत्तरी-पश्चिमी दिशा में उत्तरी उड़ीसा होते हुए आगे बढ़ने की संभावना है। साथ ही पूर्वांचल में हो रही हल्की से मध्यम वर्षा का दौर आगामी कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।
राजधानी लखनऊ में रविवार देर शाम हुई बारिश ने नगर निगम और जलनिकासी व्यवस्था के दावों की एक बार फिर पोल खोल दी। कुछ ही देर की बारिश में शहर के कई प्रमुख इलाकों की सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इंदिरानगर के सेक्टर-17 और शिवाजीपुरम में घुटनों तक पानी भरने से स्थिति टापू जैसी बन गई। कई जगहों पर पानी घरों के सामने तक पहुंच गया और लोगों को घंटों जलभराव झेलना पड़ा। भूतनाथ मार्केट में दुकानों और गलियों में पानी घुसने से व्यापारियों को सामान बचाने के लिए भागदौड़ करनी पड़ी, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ। पूर्व विधायक ओपी श्रीवास्तव के आवास के बाहर भी सड़क पर काफी पानी जमा हो गया, जिससे क्षेत्र की खराब जलनिकासी व्यवस्था उजागर हो गई।
पुराने शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र अमीनाबाद भी जलभराव से नहीं बच सका। यहां बाजार की सड़कों पर पानी भर जाने से खरीदारी करने आए लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आशियाना के सेक्टर-जी में भी सड़कें पानी में डूब गईं। वहीं, फैजुल्लागंज और सुल्तानपुर रोड पर भी जलभराव की स्थिति बनी रही।
बारिश के कारण सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में भी भीषण जलभराव देखने को मिला। सुल्तानपुर रोड अहिमामऊ सहित पूरे इलाके में कई जगह जलभराव हो गया। सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहीद पथ और आसपास की सड़कों के साथ-साथ लूलू मॉल और प्लासियो मॉल के आसपास के इलाके पानी से लबालब हो गए। इसके चलते मॉल आने वाले खरीदारों और राहगीरों को घंटों तक जलभराव और ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!