बिहार में एक घूसखोर महिला पदाधिकारी को दबोच लिया गया। निगरानी ने समस्तीपुर के रोसड़ा अनुमंडल की भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) कंचन कुमारी झा को दो लाख रुपये और 37 हजार मूल्य की वॉशिंग मशीन घूस लेते गिरफ्तार किया गया है। उनके साथ घरेलू नौकर सुमित कुमार की भी गिरफ्तारी हुई है। गिरफ्तारी के बाद निगरानी ने डीसीएलआर के सरकारी आवास की जांच की, वहां से 13.82 लाख रुपये मिले हैं। उन्हें मुजफ्फरपुर स्थित विशेष निगरानी कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई हो रही है। विभूतिपुर निवासी मनोज महतो ने डीसीएलआर पर उनके कोर्ट में दायर वाद में फैसला देने के लिए दो लाख रुपये और वॉशिंग मशीन मांगने का आरोप लगाया था। मधुबनी की मूल निवासी कंचन डेढ़ साल से रोसड़ा में डीसीएलआर हैं।
दखल-देहानी से जुड़े मामले में अपने पक्ष में आदेश कराने के एवज में पांच लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में रोसड़ा की डीसीएलआर कंचन कुमारी झा को निगरानी विभाग की टीम ने गुरुवार को उनके सरकारी आवास से दो लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान उनके प्राइवेट रसोइये सुमित कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। परिवादी मनोज कुमार ने निगरानी विभाग, पटना से शिकायत की थी। सत्यापन में शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने कार्रवाई की। बताया गया कि पांच लाख की मांग के बाद साढ़े चार लाख रुपये नकद और एक ब्रांडेड फ्रंट लोड वाशिंग मशीन पर सौदा तय हुआ था। इसी के तहत मनोज कुमार दो लाख रुपये और वाशिंग मशीन लेकर आवास पहुंचे थे। टीम ने आवास से 13.82 लाख रुपये नकद भी बरामद किए। सुबह आठ बजे रोसड़ा पहुंची टीम की कार्रवाई देर शाम तक चली, जिससे अनुमंडल परिसर में दिनभर हड़कंप मचा रहा।
निगरानी विभाग की टीम गुरुवार सुबह करीब 8 बजे रोसड़ा पहुंच गई थी। टीम ने पहले शिकायतकर्ता से संपर्क किया और इसके बाद अनुमंडल परिसर से लेकर डीसीएलआर के आवास तक गतिविधियों पर नजर रखी। सुबह करीब 9 बजे टीम तीन वाहनों से सरकारी आवास पहुंची और पूरे परिसर को घेरे में ले लिया। इस दौरान किसी को अंदर-बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई। टीम के सदस्यों ने आवास के अंदर ही नाश्ता और भोजन मंगवाया। देर शाम तक तलाशी, पूछताछ और दस्तावेजी कार्रवाई चलती रही।
कंचन कुमारी झा जुलाई 2025 से रोसड़ा में डीसीएलआर के पद पर पदस्थापित थीं। वह मधुबनी के पंडौल प्रखंड के हैदरपुर की रहने वाली हैं। रोसड़ा में पदस्थापन के बाद कबीर मठ से जुड़े जमीन मामले को लेकर भी उनका नाम चर्चा में आया था। गुरुवार को सरकारी आवास पर निगरानी की कार्रवाई की खबर से हड़कंप मच गया। अधिकारियों और कर्मियों के बीच दिनभर कार्रवाई को लेकर चर्चा होती रही।
डीसीएलआर के सरकारी आवास पर निगरानी टीम के पहुंचने की खबर गुरुवार सुबह अनुमंडल परिसर में तेजी से फैल गई। कार्यालय से लेकर आवासीय परिसर तक अफरातफरी का माहौल बन गया। डीसीएलआर कार्यालय के कर्मी और अधिकारी पूरे मामले पर कुछ भी बोलने से बचते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिकायतकर्ता मनोज कुमार के आवास पर पहुंचने के बाद डीसीएलआर का प्राइवेट रसोइया सुमित कुमार बाहर निकला। कुछ ही देर बाद वह वापस आवास के अंदर गया। इसी दौरान तीन वाहन वहां पहुंचे और कई अधिकारी व कर्मी अंदर दाखिल हुए। बाद में लोगों को निगरानी विभाग की कार्रवाई की जानकारी हुई। कार्रवाई के दौरान आवास के बाहर लोगों की भीड़ जुटती रही। कार्यालय में भी दिनभर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। सामान्य दिनों की अपेक्षा कार्यालय में सन्नाटा दिखा। कर्मी मोबाइल पर एक-दूसरे से जानकारी लेते रहे। बताया जाता है कि कुछ अधिकारियों ने अपने मोबाइल तक बंद कर लिए थे।
परिवादी मनोज कुमार ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत निगरानी विभाग, पटना से की थी। शिकायत के बाद निगरानी टीम ने उसका सत्यापन कराया। सत्यापन में शिकायत की पुष्टि होने पर गुरुवार को कार्रवाई की गई। बताया गया कि पांच लाख रुपये की मांग के बाद साढ़े चार लाख रुपये नकद और एक ब्रांडेड फ्रंट लोड वाशिंग मशीन पर सौदा तय हुआ था। इसी के तहत मनोज कुमार दो लाख रुपये नकद और वाशिंग मशीन लेकर डीसीएलआर के सरकारी आवास पहुंचे थे। इसी दौरान निगरानी टीम ने दबिश देकर डीसीएलआर को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी टीम ने डीसीएलआर के सरकारी आवास की तलाशी के दौरान 13 लाख 82 हजार रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा रिश्वत की दो लाख रुपये की रकम और गिफ्ट के तौर पर लाई गई वाशिंग मशीन भी जब्त की गई। टीम बरामद नकदी और अन्य सामान की जांच के साथ दस्तावेजी प्रक्रिया में जुटी रही। कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी नरेंद्र कुमार और इंस्पेक्टर दिवाकर कुमार कर रहे थे। कार्रवाई पूरी होने के बाद निगरानी टीम डीसीएलआर कंचन कुमारी झा और प्राइवेट रसोइये सुमित कुमार को अपने साथ ले गई। मामले में निगरानी विभाग की आगे की कार्रवाई जारी है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!