खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक जीतन राम मांझी की तबीयत को लेकर हेल्थ अपडेट सामने आया है। रविवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें नई दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया। उन्हें सांस लेने में परेशानी और तेज बुखार की शिकायत थी। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती किया और रात करीब 9 बजे आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि डेंगू की शिकायत और प्लेटलेट्स कम होने के कारण उन्हें आईसीयू में रखा गया है। फिलहाल डॉक्टरों की विशेष टीम उनकी निगरानी कर रही है।
सांस लेने में परेशानी के बाद AIIMS पहुंचे मांझी
जानकारी के अनुसार, जीतन राम मांझी को रविवार शाम करीब 5 बजे दिल्ली एम्स के आपातकालीन विभाग में लाया गया। उस समय उन्हें सांस लेने में परेशानी के साथ तेज बुखार था। डॉक्टरों ने उनकी जांच करने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया। इसके बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने लगातार निगरानी शुरू कर दी। रात करीब 9 बजे उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित किए जाने की जानकारी सामने आई।
डेंगू की शिकायत, प्लेटलेट्स कम होने की जानकारी
बताया जा रहा है कि जीतन राम मांझी को डेंगू की शिकायत है। वहीं, हम पार्टी के अतरी विधायक रोमित कुमार ने बताया कि प्लेटलेट्स कम होने के कारण केंद्रीय मंत्री को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। हालांकि, एम्स प्रशासन की ओर से अभी तक जीतन राम मांझी के स्वास्थ्य को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
सलाहकार दानिश रिजवान बोले- हालत ठीक है
जीतन राम मांझी के सलाहकार दानिश रिजवान ने उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री का इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल ठीक है। दानिश रिजवान ने लोगों से चिंता नहीं करने की अपील भी की है। वहीं, अतरी विधानसभा क्षेत्र से हम पार्टी के विधायक रोमित कुमार ने भी मांझी की स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
चार दिन से वायरल फीवर से थे पीड़ित
मिली जानकारी के मुताबिक, जीतन राम मांझी पिछले चार दिनों से वायरल फीवर से पीड़ित थे। इससे पहले उनका इलाज पटना में चल रहा था। बाद में वह अपने परिवार के साथ दिल्ली गए थे। रविवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सांस लेने में परेशानी और तेज बुखार की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल दिल्ली एम्स के आपातकालीन विभाग में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें भर्ती कर लिया।
डॉक्टरों की विशेष टीम कर रही निगरानी
फिलहाल जीतन राम मांझी का दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा है। उन्हें आईसीयू में रखा गया है और डॉक्टरों की विशेष टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। एम्स प्रशासन की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत स्वास्थ्य रिपोर्ट सामने नहीं आई है। ऐसे में उनकी सेहत को लेकर फिलहाल उनके सलाहकार और पार्टी नेताओं की ओर से दी गई जानकारी ही सामने है।
समर्थकों में चिंता, जल्द स्वस्थ होने की कामना
जीतन राम मांझी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद उनके समर्थकों और हम पार्टी के कार्यकर्ताओं में चिंता बढ़ गई है। समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। फिलहाल केंद्रीय मंत्री डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनके स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक मेडिकल अपडेट का इंतजार किया जा रहा है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!