Deepinder Goyal Temple Controversy: दीपिंदर गोयल के नए वियरेबल हेल्थ गैजेट टेंपल (Temple) को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कंपनी का दावा है कि यह दिमाग के ब्लड फ्लो और एजिंग को मापता है। लेकिन, डॉक्टर समेत कई मेडिकल एक्सपर्ट्स ने इन दावों पर सवाल उठा रहे हैं। आइए जानते हैं कि इस महंगे गैजेट के पीछे की साइंस क्या है और डॉक्टर्स इसे लेकर क्यों चिंता जता रहे हैं।
Temple Device Controversy: जोमैटो के फाउंडर दीपिंदर गोयल की 85 हजार रुपये की वियरेबल डिवाइस Temple इन दिनों चर्चा में है। कंपनी का दावा है कि यह माथे पर लगकर दिमाग में खून के बहाव और शरीर पर पड़ने वाले दबाव से जुड़े संकेत माप सकती है। लेकिन डॉक्टरों ने इसके वैज्ञानिक आधार पर सवाल उठाए हैं। कंपनी ने दो शुरुआती रिसर्च पेपर पेश किए हैं, लेकिन डॉक्टर इसे हेल्थ डिवाइस के दावों को साबित करने के लिए नाकाफी बता रहे हैं।
मशहूर हेपेटोलॉजिस्ट डॉ. सिरिएक एबी फिलिप्स, जिन्हें सोशल मीडिया पर 'द लिवर डॉक' (The Liver Doc) के नाम से जाना जाता है, ने इस डिवाइस की कड़ी आलोचना की है। वहीं, दीपिंदर गोयल ने अपने रिसर्च और इस पर किए गए भारी निवेश का हवाला देते हुए अपनी टेक्नोलॉजी का बचाव किया है और जल्द ही इसके और भी वैज्ञानिक प्रमाण देने का वादा किया है।
'टेंपल' एक वियरेबल डिवाइस है जिसे माथे के साइड में पैच की मदद से चिपकाया जाता है। यह शरीर के फिजियोलॉजिकल सिग्नल्स को मॉनिटर करने के लिए ऑप्टिकल सेंसर्स का उपयोग करता है। कंपनी के मुताबिक, यह दो चीजें मापता है- ब्रेनफ्लो (BrainFlow), जो दिमाग में ब्लड सर्कुलेशन के बदलावों को ट्रैक करता है और एंट्रॉपी (Entropy), जो बताता है कि शरीर खुद को फिट रखने के लिए कितनी मेहनत कर रहा है।
यह डिवाइस गोयल की ग्रैविटी एजिंग हाइपोथिसिस से जुड़ा है। इसके अनुसार, लंबे समय तक ब्लड सर्कुलेशन पर पड़ने वाले गुरुत्वाकर्षण का असर दिमाग के बूढ़े होने का कारण बन सकता है। हालांकि, विज्ञान की दुनिया में यह अभी भी सिर्फ एक सिद्धांत है। करीब 85,000 रुपये की कीमत बाले इस डिवाइस की प्री-बुकिंग 1 नवंबर से शुरू हो चुकी है। गोयल ने साफ किया है कि यह फिटनेस और वेलनेस डिवाइस है, कोई मेडिकल जांच करने वाला उपकरण नहीं।
टेंपल की 'ब्रेनफ्लो' तकनीक को लेकर अब तक दो रिसर्च पेपर सामने आए हैं। ये दोनों प्रीप्रिंट हैं। इसका मतलब है कि रिसर्च पेपर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं, लेकिन अभी इनकी औपचारिक पीयर रिव्यू प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इन पेपर्स में भी माना गया है कि डिवाइस बिल्कुल सटीक ब्लड फ्लो नहीं मापता, बल्कि बदलाव का संकेत देने वाला रिलेटिव इंडेक्स बताता है। शोधकर्ताओं ने यह भी कहा कि यह साबित करने के लिए और अध्ययन की जरूरत है कि डिवाइस का सिग्नल वास्तव में दिमाग में होने वाले बदलावों से ही जुड़ा है।
डिवाइस की एंट्रॉपी (Entropy) स्कोर के बारे में गोयल का दावा है कि यह मेटाबोलिक रीडिंग के साथ बेहतरीन तरीके से मेल खाता है। एंट्रॉपी का कॉन्सेप्ट थर्मोडायनामिक्स पर आधारित है। 2023 की एक स्टडी में नासा के कुछ डेटा का इस्तेमाल करके फिजियोलॉजिकल स्ट्रेस मापने की बात कही गई थी, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि टेंपल के दावों को साबित करने के लिए अभी बड़े स्तर पर और सटीक क्लिनिकल वैलिडेशन की जरूरत है।
डॉक्टर्स की आलोचनाओं के बाद गोयल ने बताया कि 'टेंपल' को डेवलप करने में 30 मिलियन डॉलर (करीब 250 करोड़ रुपये) लगे हैं, जिसमें से 20 मिलियन डॉलर उनकी अपनी जेब से लगे हैं। उन्होंने WHOOP जैसे गैजेट्स का उदाहरण देते हुए कहा कि कई वियरेबल कंपनियां अपनी वैलिडेशन स्टडी पब्लिश होने से पहले ही प्रोडक्ट लॉन्च कर देती हैं।
इसके साथ ही, उन्होंने एक बिना स्क्रीन और बिना माइक्रोफोन वाले 'AI साथी' का भी एलान किया, जो गले की आवाज के वाइब्रेशन से मोशन सेंसर के जरिए मैसेज टाइप करने और रिमाइंडर सेट करने का काम करेगा। गोयल ने भारतीय डॉक्टर्स को लेकर दिए गए अपने पिछले बयान पर माफी भी मांगी और कहा कि उनका निशाना सभी पर नहीं, बल्कि सिर्फ कुछ 'इन्फ्लुएंसर डॉक्टर्स' पर था।
यह डिवाइस यूजर्स को एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन का वादा तो करता है, लेकिन प्राइवेसी पॉलिसी में थर्ड-पार्टी एआई फीचर्स के इस्तेमाल का भी जिक्र है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि साइंस और तकनीक की इस बहस में 'टेंपल' आम यूजर्स का कितना भरोसा जीत पाता है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!